Farhan Akhtar. जाने-माने डायरेक्टर, एक्टर और प्रोड्यूसर. उनकी बनाई कुछ फिल्मों को हिंदी सिनेमा में कल्ट फिल्मों का दर्जा दिया जाता है. जैसे Dil Chahta Hai और Lakshya. मगर Hrithik Roshan स्टारर 'लक्ष्य' जिस वक्त रिलीज़ हुई थी जनता ने इसे खारिज कर दिया था. मतलब फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई थी. मगर समय के साथ इस फिल्म की पॉपुलैरिटी बढ़ी. और अब ये हिंदी सिनेमा की कुछ चुनिंदा फिल्मों में गिनी जाती है. फरहान ने हाल ही में बताया कि इस फिल्म के फ्लॉप होने के बाद वो डिप्रेशन में चले गए थे.
'लक्ष्य' के लिए बहुत मेहनत की थी, फ्लॉप हुई तो डिप्रेशन में चला गया था - फरहान
Farhan Akhtar ने बताया कि वो इतने ज़्यादा हताश हो गए थे कि खुद को सांत्वना देने के लिए देहरादून गए थे.


Raj Shamani के एक पॉडकास्ट में फहरान ने अपनी फिल्मों को लेकर बात की. फिल्म बनाने से लेकर उनके सक्सेसफुल होने तक की चर्चा की. इसी पॉडकास्ट में फरहान ने कहा,
'' 'दिल चाहता है' बनाने के बाद मैं सोचने लगा कि अब आगे क्या बनाऊं. उसके बाद मैंने 'लक्ष्य' बनाई. इस फिल्म के लिए मैंने जी-तोड़ मेहनत की. बचपन से सुनते आ रहे हैं कि दिल से मेहनत करो तो रिवॉर्ड मिलेगा. मैं हमेशा इस बात को मानता भी हूं. मैंने 'लक्ष्य' के लिए जितनी मेहनत की शायद ही कभी ऐसी मेहनत की रही होगी. वो बहुत चैलेंजिंग फिल्म थी. उसी फिल्म ने मुझे मेरे कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकाला. मैं आर्मी की दुनिया में घुस चुका था. वो कैसे काम करते हैं, कैसे फंक्शन करते हैं ये सब सीखा मैंने.''
फरहान आगे बताते हैं-
''जब वो फिल्म रिलीज़ हुई और फ्लॉप हो गई तो मैं डिप्रेस्ड हो गया था. मैंने सोचा यार ये कैसे हो सकता है? इतनी मेहनत करने के बाद भी ये फ्लॉप हो गई. 'दिल चाहता है' के लिए भी शायद इतनी मेहनत नहीं की थी. 'दिल चाहता है' में जो मैंने मेहनत की थी वो उसकी कास्टिंग को लेकर थी. 'लक्ष्य' के बाद मैं करीब डेढ साल तक डिप्रेशन में था.''
फरहान ने बताया कि वो इतने ज़्यादा उदास और हताश थे कि उनके मन को और कुछ नहीं भा रहा था. उस वक्त खुद को सांत्वना देने के लिए वो देहरादून गए थे. दोस्तों के साथ किए गए इस सफर में उन्होंने Indian Military Academy (IMA) का दौरा किया. जहां से फिर उन्हें 'डॉन' फिल्म बनाने की प्रेरणा मिली.
हालांकि वक्त के साथ 'लक्ष्य' को लोगों ने इतना ज़्यादा पसंद किया कि ये कल्ट फिल्म बन गई. इसके गाने, इसके डायलॉग्स लोगों की ज़ुबान पर चढ़ गए. हाल ही में इस पिक्चर के 20 साल पूरे हुए थे. इसी मौके पर पिक्चर को थिएटर्स में री-रिलीज़ किया गया था. कमाल की बात तो ये है पिक्चर 20 साल बाद हाउसफुल गई थी.
ख़ैर, फरहान जल्द ही 'डॉन' का तीसरा पार्ट लाने वाले हैं. जिसे वो शाहरुख खान नहीं बल्कि रणवीर सिंह के साथ बनाने जा रहे हैं. इस फिल्म में रणवीर से साथ कियारा अडवाणी दिखाई देंगी.
वीडियो: फरहान अख्तर ने बताया, 'डॉन' लिख रहा था, दिमाग में सिर्फ शाहरुख खान थे





















