देश-दुनिया की तमाम फिल्मी खबरों का वन स्टॉप डेस्टिनेशन. द सिनेमा शो. आइए आज की खबरों पर बात करें-
मिर्ज़ापुर फेम दिव्येंदु ने बताया- 'कार्तिक आर्यन से सीखा नहीं, सिखाया!'
दिव्येंदु और कार्तिक आर्यन ने 'प्यार का पंचनामा' में साथ काम किया था.


1. मिर्ज़ापुर फेम दिव्येंदु ने बताया कार्तिक आर्यन से कुछ नहीं सीखा
दिव्येंदु और कार्तिक आर्यन ने 2011 में आई 'प्यार का पंचनामा' से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था. हालिया इंटरव्यू में दिव्येंदु से पूछा गया कि क्या उन्हें कार्तिक आर्यन से कुछ सीखने को मिला. जवाब में दिव्येंदु ने कहा कि उन्हें कार्तिक से कुछ सीखने को नहीं मिला. क्योंकि वो नए थे. इंजीनियरिंग खत्म करने के तुरंत बाद उन्हें वो फिल्म मिल गई थी. मगर उन्होंने कार्तिक को कई चीज़ें सिखाईं.

2. राज एंड डीके ने नेटफ्लिक्स के साथ की क्रिएटिव पार्टनरशिप
'द फैमिली मैन' फेम राज एंड डीके की जोड़ी ने नेटफ्लिक्स के साथ क्रिएटिव पार्टनरशिप की है. इस साझेदारी के तहत वो नेटफ्लिक्स के लिए अगले कुछ सालों तक कॉन्टेंट क्रिएट करेंगे. इसकी शुरुआत होगी 'गुलाब गैंग' के साथ.
3. स्वरा भास्कर की फिल्म 'जहां चार यार' की रिलीज़ डेट आई
स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया, मेहर विज और पूजा चोपड़ा स्टारर फिल्म 'जहां चार यार' की रिलीज़ डेट आ गई है. कमल पांडे के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 16 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ की जाएगी.

4. अजय देवगन के साथ फिल्म बनाएंगे कुकी गुलाटी
कुकी गुलाटी ने पिंकविाल के साथ हालिया इंटरव्यूं में बताया कि वो अजय देवगन के साथ फिल्म बनाना चाहते हैं. उन्होंने अजय के लिए स्क्रिप्ट भी तैयार कर रखी है, जो वो उन्हें सुनाना चाहते हैं. अजय ही वो शख्स हैं, जिन्होंने अपने प्रोडक्शन की फिल्म 'द बिग बुल' से कुकी को दोबारा बड़ा मौका दिया. कुकी उससे पहले विवेक ओबेरॉय को लेकर 'प्रिंस' नाम की फिल्म बना चुके हैं.
5. सिद्धार्थ रॉय कपूर की थ्रिलर फिल्म में काम करेंगे शाहिद कपूर
सिद्धार्थ रॉय कपूर, शाहिद कपूर के साथ एक फिल्म बनाने जा रहे हैं. ये एक बढ़िया थ्रिलर बताई जा रही है, जिसे मलयामल डायरेक्टर रौशन एंड्रूज़ डायरेक्ट करेंगे. फिलहाल शाहिद, मैडॉक फिल्म्स की लव स्टोरी फिल्म और इस थ्रिलर की शूटिंग की तारीख निकालने में लगे हैं.
6. 'रक्षा बंधन' होगी अक्षय कुमार के करियर की सबसे छोटी फिल्म
'रक्षा बंधन' अक्षय कुमार के करियर की सबसे छोटी फिल्म बताई जा रही है. इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने U सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है. इस फिल्म की लंबाई 110 मिनट यानी 1 घंटे 50 मिनट बताई जा रही है. 'रक्षा बंधन' 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है.
7. 1989 में आई फिल्म 'रोड हाउस' के रीमेक में जेक जिलेनहाल
1989 में आई हॉलीवुड फिल्म 'रोड हाउस' को रीमेक किया जा रहा है. इस फिल्म से UFC चैंपियन कॉनर मैक्ग्रेगर अपना एक्टिंग डेब्यू करेंगे. इस फिल्म में जेक जिलेनहाल मुख्य भूमिका निभाते नज़र आएंगे.
8. मशहूर एक्टर मिथिलेश चतुर्वेदी नहीं रहे
‘कोई मिल गया’, ‘रेडी’ और ‘गदर’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके वरिष्ठ अभिनेता मिथिलेश चतुर्वेदी नहीं रहे. दिल की बीमारी के चलते 03 अगस्त की शाम को उनका निधन हो गया. उन्होंने लखनऊ में अपनी आखिरी सांस ली. कुछ समय पहले उन्हें हार्ट अटैक आने की खबरें थीं. मिथिलेश 68 साल के थे.





















