anveer Singh स्टारर Dhurandhar 2 पर झुंझलाए Nabil Gabol ने India को क्या धमकी दी है? क्या Aditya Dhar Chandragupta Maurya पर कोई फिल्म बनाने जा रहे हैं? Pakistan Dhurandhar: The Revenge के Profit में से 500 Crore क्यों मांग रहा है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
'धुरंधर 2' पर बौखलाए पाकिस्तानी नेता बोले, "धुरंधर 3 हम बनाएंगे"
नबील गबोल ने खिसियाते हुए कहा, "जिस तरह पाकिस्तान ने 6 राफेल गिरा कर जवाब दिया, उसी तरह मैं भी सही जवाब दूंगा."


# 'धुरंधर 2' पर बौखलाए पाकिस्तानी नेता ने कहा, "धुरंधर 3 हम बनाएंगे"
'धुरंधर 2' पर पाकिस्तान से तरह-तरह की प्रतिक्रिया आ रही है. मगर पॉलिटीशियन नबील गबोल जिन पर जमील जमाली का किरदार आधारित है, उनका रिएक्शन सबसे अलग है. उन्होंने 'धुरंधर 2' के जवाब में 'धुरंधर 3' बनाने की घोषणा कर दी है. और इसे नाम दिया है 'ल्यारी का गब्बर'. एक कॉन्टेंट क्रिएटर ने उनसे कहा कि धुरंधर में आपको रॉ एजेंट बताया है. इस बारे में आपका क्या कहना है? जवाब में नबील गबोल ने कहा,
"ये जो रो रहे हैं ना, जिसको आपने रॉ कहा. जो रॉ है R. A. W. असल में क्या है कि ये पाकिस्तान के साथ लड़ नहीं सकते हैं. पाकिस्तान की फौज के साथ लड़ नहीं सकते. इन्होंने एक बना दी मूवी. उसमें ल्यारी को इन्होंने इंटरनेशनली मशहूर किया. ल्यारी वालों को फर्क नहीं पड़ता है. ल्यारी वाले बड़े तगड़े हैं. और मेरा जो रोल इन्होंने दिखाया एक कॉमेडियन राकेश बेदी का. तो कुछ आज कल बड़ी ट्रोलिंग चल रही है. इंडियन जो हैं, वो सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं, कि नबील गबोल क्यों ख़ामोश हो गया. तो भई आज तारीख देख लो. नबील गबोल आपको जवाब ज़बर्दस्त देगा. जिस तरह हमारी पाकिस्तान की फौज ने आपको जवाब दिया, जिस तरह आपके छह राफेल गिराए, उसी तरह मैं भी आप लोगों को सही जवाब दूंगा, कि ल्यारी असल में क्या है. अब धुरंधर 3 हम बनाएंगे. मगर धुरंधर नाम नहीं होगा. ल्यारी का गब्बर बनाएंगे. ताकि हिंदुस्तानियों को पता चले, कि असल ल्यारी क्या है और असल नबील गबोल क्या है."
ये क्लिप इंटरनेट पर काफ़ी वायरल है.
# टॉम्ब रेडर' के सेट पर सोफी टर्नर चोटिल, शूट रुका
एमेज़ॉन MGM स्टूडियोज़ की सीरीज़ टॉम्ब रेडर' की शूटिंग UK में चल रही थी. डेडलाइन के मुताबिक एक सीन शूट करते हुए शो की लीड एक्टर सोफी टर्नर को चोट लग गई. और इस वजह से कुछ दिनों के लिए शूट रोकना पड़ गया है. हालांकि चोट गंभीर नहीं है. मगर फिलहाल डॉक्टर्स ने उन्हें कुछ दिन आराम की सलाह दी है. इसे जॉनथन वैन टुलकेन डायरेक्ट कर रहे हैं.
# फिर पोस्टपोन हुई अक्षय कुमार की 'भूत बंगला'
आखिरकार अक्षय कुमार स्टारर 'भूत बंगला' एक बार फिर पोस्टपोन हो गई. अब ये फिल्म 10 अप्रैल को नहीं आएगी. और वजह है 'धुरंधर 2'. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक 'भूत बंगला' के मेकर्स अंत तक एक सम्मानजनक रिलीज़ के लिए फाइट करते रहे. वो बस ऐसी रिलीज़ चाहते थे जो अक्षय की मिड साइज़ फिल्मों को मिलती है. यहां तो सिंगल स्क्रीन्स में 10 अप्रैल और उसके बाद भी चारों शो 'धुरंधर 2' के नाम हैं. इधर जियो स्टूडियोज़ ने एग्जीबिटर्स को स्क्रीन्स को लेकर सख्त निर्देश दिए थे. मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन के पास जियो स्टूडियोज़ की शर्तें मानने के सिवाय कोई विकल्प नहीं था. इसलिए टीम 'भूत बंगला' ने फिल्म को टालना ही बेहतर समझा. अब ये 17 अप्रैल को रिलीज हो सकती है.
# चंद्रगुप्त मौर्य पर फिल्म बनाएंगे आदित्य धर!
'धुरंधर 2' के बाद आदित्य धर का अगला प्रोजेक्ट क्या होगा, इस पर सबकी निगाह है. अब ये सस्पेंस ख़त्म होता नज़र आ रहा है. बॉली ब्लाइंड्स एंड गॉसिप नाम के रेडिट पेज के मुताबिक, आदित्य धर प्राचीन भारत के महान सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य पर बेस्ड फिल्म बनाने जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि इसमें भी रणवीर सिंह ही लीड होंगे. इस रिपोर्ट के मुताबिक आदित्य धर ने इसके लिए जियो स्टूडियोज़ और बिरला स्टूडियोज़ को अप्रोच किया है. आदित्य संभवत: नवंबर में ये फिल्म अनाउंस करेंगे. पार्थ चतुर्वेदी नाम के यूज़र ने भी X पर आदित्य के इस नए प्रोजेक्ट के बारे में लिखा है. उन्होंने लिखा,
"ये चंद्रगुप्त मौर्य, विक्रमादित्य और समुद्रगुप्त के आसपास बुनी गई फिक्शनल फिल्म होगी. ये एक ट्रिलजी भी हो सकती है. इसमें अखंड भारत के विचार को मूर्त रूप देने वाले इन तीनों सम्राटों की कहानी होगी. बताया जा रहा है कि इस ट्रिलजी का बजट 1000 करोड़ है."
हालांकि अभी आदित्य या रणवीर तरफ़ से इस बारे में कोई स्टेटमेंट नहीं आया है. इसलिए लल्लनटॉप इसकी पुष्टि नहीं करता है.
# पाकिस्तान ने आदित्य धर से 500 करोड़ मांगे, बोले- "सड़कें बन जाएंगी"
'धुरंधर 2' वर्ल्डवाइड 1365 करोड़ रुपये कमा चुकी है. और अब पाकिस्तान के ल्यारी शहर के रहवासी उनसे 500 करोड़ रुपये मांग रहे हैं. बल्कि उनकी डिमांड तो 70 से 80 फीसदी शेयर की है. कम्पैरिज़न टीवी नाम के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में दिखाया गया, कि ल्यारी के लोग 'धुरंधर 2' की सक्सेस पर कैसे रिएक्ट कर रहे हैं. एक शख़्स ने कहा,
"ल्यारी पर जो बंदे ने फिल्म बनाई, ल्यारी डकैत पर. ये बहुत VIP फिल्म है. इसने बहुत पैसे कमाए. ल्यारी तरक्की करे और ये सड़कें बन जाएं. पानी-वानी, गटर-वटर सबकी व्यवस्था हो जाए.
इसी चर्चा में दूसरे ल्यारी रहवासी ने कहा,
"अगर हज़ार करोड़ मिल रहे हैं, तो 500 करोड़ ल्यारी वालों को दें ना. आधी कमाई दे दें ताकि ये रोड बने. ये जो कीचड़ है. ये बच्चे जाते हैं, तो पांव में दाने निकलते हैं."
एक और शख़्स ने कहा,
"इंडिया वाले दें पहले तब हमारा निज़ाम कुछ बनेगा ना यार. हम लोग बहुत डिमांड कर रहे हैं. मगर मिल नहीं रहा है. ल्यारी के अवाम को, ल्यारी को, मिल जाए कुछ. बहुत अच्छा होगा. मैसेज कितना दें आदित्य धर को. कुछ दे दे भैया."
इस वीडियो ने इंटरनेट पर बवाल मचा रखा है. हिंदुस्तानी जम कर पाकिस्तान की भद्द पीट रहे हैं. इस पर सेवियर नाम के हैंडल से लिखा गया,
"क्या भिखारी लोग हैं. थोड़ी भी शर्म नहीं है. यहां भी हाथ फैला दिए."
प्रतिभा कौल नाम की यूज़र ने लिखा,
"आदित्य धर... आपके नाम की एक सड़क बननी चाहिए ल्यारी में."
अमन लोधा ने लिखा,
"एक और तरीक़ा है. अपने देश को हिंदुस्तान में मिला दो. तुम्हें अपने आप अच्छी सड़कें और बाकी सुविधाएं मिल जाएंगी."
एक यूज़र ने रेडिट पर लिखा,
“हां... हम 500 करोड़ दें. और फिर तुम इन्हीं पैसों से 50 हमले हिंदुस्तान पर करो. बंटवारे के समय 80 करोड़ दिए थे. उसका अहसान मानना तो दूर, उल्टा हम पर हमले किए. भूलो मत, कि ये नया हिंदुस्तान है. ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी.”
# 'धुरंधर' के एक्शन डायरेक्टर ने बताया क्यों रीशूट हुई 'मातृभूमि'
'धुरंधर' के एक्शन डायरेक्टर एजाज़ गुलाब सलमान खान स्टारर 'मातृभूमि' से भी जुड़े हैं. बॉलीवुड हंगामा को दिए हालिया इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि मातृभूमि का रीशूट क्यों हुआ. उन्होंने कहा,
"मेकर्स फिल्म में कुछ गाने डालना चाहते थे. साथ ही कुछ कैरेक्टर्स के इंट्रोडक्शन सीन भी जोड़ना चाहते थे. इसलिए रीशूट हुआ."
हम बता दें, कि एजाज़ सलमान की शुरुआती फिल्मों में उनके साथ काम कर चुके हैं. 'वीरगति', 'जुड़वा', 'हर दिल जो प्यार करेगा' और 'गॉड तुस्सी ग्रेट हो' की टीम में एजाज़ भी शामिल थे. वो कुछ फिल्मों में सलमान के बॉडी डबल भी बने हैं.
# 11 दिन में देश की चौथी सबसे बड़ी फिल्म बन गई 'धुरंधर 2'
'धुरंधर 2' धुआंधार रफ्तार से कमाई कर रही है. ये भारत ही नहीं, विदेशों में भी अच्छी कमाई कर रही है. सैकनिल्क के मुताबिक रिलीज़ के बाद दूसरे वीकेंड पर यानी 28 और 29 मार्च को इसने 130.95 करोड़ का इंडिया नेट कलेक्शन किया. अब तक का इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन देखें, तो वो 1365 करोड़ रुपये हो चुका है. और इस आंकड़े के साथ ये फिल्म 'धुरंधर' की लाइफटाइम कमाई से भी आगे निकल गई है. 'धुरंधर' ने वर्ल्डवाइड 1307 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. अब 'धुरंधर 2' वर्ल्डवाइड सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों की फेहरिस्त में चौथे नंबर पर आ चुकी है. इससे आगे 'दंगल' (2070 करोड़ रुपये), 'बाहुबली 2' (1788 करोड़ रुपये) और 'पुष्पा 2' (1742 करोड़ रुपये) है. और यदि धुरंधर 2 इसी रफ्तार से कमाई करती रही, तो इसका नंबर दो पर ही नहीं, नंबर वन पर आना भी मुश्किल नहीं है.
वीडियो: इंटरनेशनल मीडिया ने ‘धुरंधर 2’ को बताया हिंसक, फिर भी विदेशों में ताबड़तोड़ कमाई






















