The Lallantop

सेलिना जेटली की दर्दनाक कहानी- अपना बच्चा खोया, पति के डर से घर छोड़कर भागीं, अब केस लड़ रहीं

सेलिना जेटली के पति पीटर उन्हें ये धमकी देते कि वो उनके वजाइना में रॉड डाल देंगे. जैसे 2012 दिल्ली रेप केस में हुआ था.

Advertisement
post-main-image
सेलिना जेटली ने अपने पिता और बेटे को तीन महीने के अंतराल पर खो दिया था.

No Entry और Golmaal Returns जैसी चर्चित फिल्मों में काम कर चुकीं Celina Jaitly काफी समय से फिल्मों से दूर हैं. मगर खबरों में वो लगातार बनी हुई हैं. अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से. हाल ही में उन्होंने अपने ऑस्ट्रियन हस्बैंड Peter Haag के खिलाफ FIR फ़ाइल करवाई है. उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए बताया कि उनके पति उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दे रहे. साथ ही पीटर ने उन्हें किसी गुमनाम जगह पर छिपा दिया है. सेलिना ने उन पर अपने बच्चों को हिन्दू धर्म के खिलाफ भड़काने का आरोप भी लगाया. मगर जिस बात ने लोगों का सबसे अधिक ध्यान खींचा, वो है पोस्ट में उनके बेटे शमशेर का ज़िक्र.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सेलिना ने बताया कि वो अपने किसी बच्चे से मिल नहीं पाईं, सिवाए शमशेर के. लेकिन मसला ये है कि शमशेर अब इस दुनिया में नहीं. डायवोर्स हियरिंग के बीच सेलिना शमशेर की कब्र पर गई थीं. उन्होंने इसे ही अपने बेटे से हुई मुलाकात बताया है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ये नौबत आई कैसे? क्यों सेलिना के पति उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दे रहे?  

सेलिना ने अपने करियर की शुरुआत ब्यूटी पेजेंट जीतने से की थी. 2001 में वो फेमिना मिस इंडिया बनीं और उसी साल मिस यूनिवर्स की फोर्थ रनर-अप भी रहीं. अगले कुछ सालों में उन्होंने कई फिल्में कीं. उनमें से कुछ चलीं, ज्यादातर पिट गईं. 2010 में उन्होंने शादी कर ली. हालांकि अपनी शादी के बारे में उन्होंने पब्लिकली 2011 में बताया था. उनके पति पीटर हाग एक ऑस्ट्रियन बिजनेसमैन हैं, जिनका काम लग्जरी होटल्स से जुड़ा हुआ है. उन्होंने दुबई-सिंगापुर के कई बड़े हॉस्पिटैलिटी ग्रुप्स में सीनियर पोजिशन पर काम किया है. साल 2012 में सेलिना पहली बार मां बनीं और उन्होंने जुड़वा बेटों को जन्म दिया. एक का नाम रखा विंस्टन, वहीं दूसरे का विराज. 2017 में उन्होंने दोबारा जुड़वा बेटों को जन्म दिया. उनमें से एक का नाम उन्होंने आर्थर रखा. वहीं दूसरे का शमशेर.

Advertisement

शमशेर अब दुनिया में नहीं हैं. जन्म के कुछ समय बाद ही सेलिना और पीटर को पता चला कि उनके बेटे को हायपोप्लास्टिक लेफ्ट हार्ट सिंड्रोम (HLHS) है. ये एक ऐसी रेयर बीमारी है, जहां बच्चे के दिल का बायां हिस्सा ठीक तरह से पनप नहीं पाता. वो इतना छोटा रह जाता है कि शरीर के बाकी हिस्सों को ठीक से ब्लड पंप ही नहीं कर पाता. बेटे की ये मेडिकल कंडिशन देख सेलिना ने लंदन, दुबई, भारत और जहां भी हो सकता था, हर जगह के टॉप कार्डियोलॉजिस्ट्स को कॉन्टैक्ट किया. मगर सब जगह डॉक्टर्स ने उन्हें यही बताया कि इस बीमारी का कोई इलाज नहीं. नतीजतन, सेलिना और पीटर ने अपने बच्चे को खो दिया.

अगस्त 2025 में सेलिना ने शमशेर के जुड़वा भाई आर्थर के साथ एक फोटो शेयर की थी. उसमें दोनों शमशेर की कब्र के पास मौजूद थे. इस फोटो के कैप्शन में सेलिना लिखती हैं,

"काश मैं उसे बचा पाती, मगर मैं ऐसा कर नहीं सकी. हमने पूरी प्रेग्नेंसी दर्द और दुआओं के सहारे बिताई. इस उम्मीद में कि कोई चमत्कार हो जाएगा. मैं चाहती थी कि काश कोई दवा होती जो मैं ले पाती. या फिर कोई ऐसी सर्जरी, जो करवाई जा सकती. मगर ऐसा कुछ भी नहीं था और उसके बचने की संभावना बहुत कम थी."

Advertisement
celina
शमशेर की कब्र पर सेलिना और आर्थर.

मगर सेलिना ने तब सिर्फ अपने बेटे को नहीं बल्कि पिता को भी खो दिया था. शमशेर की मौत से लगभग तीन महीने पहले उनके पिता कर्नल विक्रम कुमार जेटली का निधन हो गया था. अभी वो अपने पिता और बेटे की मौत से उबरी भी नहीं थीं कि 2018 में उनकी मां मीता फ्रांसिस कैंसर से चल बसीं. एक के बाद हुए इन हादसों ने उन्हें तोड़ दिया था. वो डिप्रेशन में चली गईं. इसके बाद क्या कुछ हुआ, उसे समझने के लिए हमें सीधे नवंबर 2025 में जाना होगा.

2025 में सेलिना और पीटर की शादी को 15 साल पूरे हो गए थे. अचानक खबर आई कि सेलिना ने मुंबई में घरेलू हिंसा का हवाला देकर अपने पति से तलाक की मांग की है. दूसरी तरफ़, पीटर ने उनसे कहीं पहले ऑस्ट्रिया में ही डायवोर्स केस फ़ाइल कर चुके थे. सेलिना ने अपने केस में घरेलू हिंसा के जो आरोप लगाए, वो किसी भी सामान्य इंसान में सिहरन पैदा कर सकते हैं. 199 पन्नों की उस शिकायत में सेलिना ने पीटर पर इमोशनल, फिजिकल, सेक्शुअल और वर्बल एब्यूज़ का आरोप लगाया था. साथ ही ये भी कहा कि उनके पति उनको अपना नौकर बताते हैं.

हिंदुस्तान टाइम्स ने सेलिना के वकीलों के हवाले से उनका पिटीशन डॉक्यूमेंट की कॉपी हासिल की थी. उसमें जो आरोप लगाए गए थे, वो कुछ ऐसे में-

1) सेलिना ने दावा किया कि पीटर का अपनी पत्नी या बच्चों के प्रति कोई इमोशनल कनेक्शन नहीं है. वो एक शॉर्ट टेम्पर्ड और शराबी आदमी हैं, जो सेलिना को उनके बच्चों के सामने गालियां देते थे.
2) शिकायत के मुताबिक, 2017-18 में सेलिना अपने माता-पिता और बच्चे के गुजरने के कारण डिप्रेशन में थीं. ऐसे वक्त पर पीटर ने उन पर ये दबाव बनाया कि सेलिना अपने मुंबई वाले घर को उनके हवाले करें.
3) आरोप है कि शादी के दौरान पीटर ने उनसे महंगे गिफ्ट्स भी मांगे थे. उनका कहना था कि वो जितने भारतीय दूल्हों को जानते हैं, सबको लड़की वालों की तरफ़ से महंगे गिफ्ट्स मिले हैं. मजबूर होकर सेलिना के परिवार ने उन्हें 6 से 10 लाख के कई डिजाइनर कफ़लिंक और गहने दिए थे. 
4) अपनी कंप्लेंट में सेलिना ने आरोप लगाया कि जब वो और पीटर अपने हनीमून के लिए इटली गए थे, तब उन्हें पीरियड्स क्रैम्प होने लगा. दर्द इतना ज्यादा था कि उन्होंने पीटर से कहा कि वो उन्हें डॉक्टर के पास ले चलें. मगर वो इस बात पर इतने भड़के कि सेलिना पर चिल्लाने लगे और और वाइन की एक गिलास दीवार पर दे मारी.
5) पिटीशन के मुताबिक, सेलिना को अभी अपने बच्चों की डिलीवरी किए तीन हफ्ते ही गुजरे थे. उनकी स्टिचेज़ अभी ठीक नहीं हुई थीं. इसलिए उन्होंने पीटर से कहा कि वो पैटरनिटी लीव ले लें. ताकि उन्हें घर में थोड़ी मदद मिल जाए. इस पर पीटर ने उनका हाथ पकड़ा और घर से बाहर धकेल दिया. सेलिना ब्रेस्ट फीडिंग के कपड़ों में बाहर खड़ी थीं. एक पड़ोसी ने उन्हें उस हालत में देखा और उनकी मदद की.  
6) 2012 में दिल्ली गैंगरेप केस ने सबको हिला दिया था. पीटर को भी उस बारे में पता चला. शिकायत के मुताबिक, उस केस के बाद जब भी उन दोनों में लड़ाई होती, पीटर सेलिना को धमकी देते. धमकी ये कि वो उनके वजाइना में रॉड डाल देंगे. ठीक वैसे ही, जैसे उस केस में हुआ था. 
7) सेलिना का दावा है कि पीटर उन्हें एक सेक्शुअल ऑब्जेक्ट से ज्यादा कुछ नहीं समझते थे. 2014-15 के आसपास उन्होंने सेलिना के सामने ये फरमान रखा कि वो उनकी कंपनी के एक बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के साथ सोएं. पीटर का मानना था कि इससे उन्हें प्रमोशन मिल जाएगा. 
8) 2025 में की गई इस शिकायत में सेलिना ने पीटर पर एनल और कई दूसरे अन-नैचुरल सेक्स के आरोप भी लगाए. साथ ही ये भी कहा कि वो उनकी न्यूड फोटोज़ खींचा करते थे. उन तस्वीरों को लीक करने की धमकी देते हुए पीटर ने सेलिना को अपने हिसाब से चलाने का प्रयास किया था. 
9) आरोप है कि पीटर सेलिना को अपनी नौकरानी कहते थे. साथ ही उन्हें हर दूसरी बात पर उलाहना देते. तंग आकर उन्हें ऑस्ट्रिया में अपना घर छोड़कर आधी रात को भारत आना पड़ा. आधी रात में क्यों, इसके बारे में हम आगे बताएंगे. मुद्दा ये है कि मजबूरी में वो अपने बच्चों को भी साथ नहीं ला पाई. इसके बाद पीटर ने उनके खिलाफ केस कर दिया और बच्चों से कॉन्टैक्ट करने के सभी रास्ते बंद कर दिए. हालांकि कुछ समय बाद ऑस्ट्रिया की कोर्ट ने उन्हें अपने बच्चों से रोज एक घंटे फोन पर बात करने की इजाज़त दे दी.

इस डायवोर्स पिटीशन में सेलिना ने पीटर से 10 लाख रुपये महीने की एलिमनी और 50 करोड़ का हर्जाना मांगा था. सेलिना के वकील ने बताया कि उन्होंने पीटर पर एक और केस किया था. उसमें ये आरोप था कि सेलिना के पति ने उनके साथ जोर-जबरदस्ती कर मुंबई वाली 3.5 करोड़ की प्रॉपर्टी अपने नाम करवा ली. साथ ही विएना में उन्होंने साथ मिलकर जो प्रॉपर्टी ली थी, उसे भी उनसे पूछे बिना बेच दिया. सेलिना ने पीटर पर उन्हें धोखे में रखने का आरोप भी लगाया था. उन्होंने बताया कि शादी से पहले जब वो कोर्टशिप में थे, जब पीटर ने खुद को सिंगल बताया था. मगर 2012 में सेलिना को अपनी पहली डिलीवरी के बाद अपनी ननद से पता चला कि पीटर उस वक्त एक दूसरी लड़की के साथ लिव-इन-रिलेशन में थे.

सेलिना की लीगल टीम में शामिल निहारिका करंजवाला ने न्यूज 18 को दिए एक इंटरव्यू में कुछ और खुलासे किए थे. उन्होंने कहा कि पीटर ने सेलिना के सभी क्रेडिट और डेबिट कार्ड छीन लिए थे. उन्होंने सारी सेविंग्स उड़ा दीं. इसके बाद वो नौकरी के लिए पहले मुंबई, दुबई और फिर सिंगापुर शिफ्ट हो गए. सिंगापुर में उनकी नौकरी चली गई, तो वो दोबारा दुबई और वहां से ऑस्ट्रिया आ गए. सेलिना आधी रात में सब कुछ छोड़कर क्यों भागी, उसकी वजह ऑस्ट्रिया ही है. शिकायत के मुताबिक, वहां उन्हें और उनके बच्चों को एक छोटे गांव में एकदम आइसोलेशन में रखा गया था. इसके बाद पीटर ने सेलिना के पासपोर्ट और बाकी डॉक्यूमेंट ले लिए. एक दिन सेलिना घर में अपने वकील से बात करने के लिए कोई शांत जगह ढूंढ रही थीं. उसी कोशिश में उन्हें अपने डॉक्यूमेंट और पासपोर्ट मिल गए. ये देख उन्होंने एक पड़ोसी की मदद ली और रातों-रात ऑस्ट्रिया से भाग निकलीं. वो अपने बच्चों को साथ नहीं ला सकती थीं. ऐसा इसलिए क्योंकि ऑस्ट्रिया के कानून के मुताबिक, पैरेंट्स अपने पार्टनर से पूछे बिना बच्चों को देश के बाहर नहीं ले जा सकते. यदि सेलिना उस रात अपने बच्चों को साथ लातीं तो वो एक बड़े केस में फंस जातीं.

इन सबके बीच सेलिना एक और लड़ाई लड़ रही थीं. उनके भाई, मेजर विक्रांत जेटली को सितंबर 2024 में UAE में हिरासत में ले लिया गया था. लंबे समय तक उनके बारे में परिवार को ज्यादा खोज-खबर नहीं थी. सेलिना ने उनके लिए काफी दौड़-भाग की. शुरुआत में परिवार को लगा कि शायद विक्रांत लापता हो गए हैं. मगर फिर उन्हें जानकारी मिली कि उन्हें नेशनल सिक्योरिटी के मामले में अरेस्ट किया गया है. किस मामले में, इस बाबक कुछ क्लियर नहीं बताया गया. ऐसे में सेलिना ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर अपने भाई को छुड़ाने में मदद मांगी. एक पोस्ट में उन्होंने स्वीकारा कि पीटर ने उन्हें इसी वजह से अपने बच्चों से मिलने से रोक दिया है. बाद में विक्रांत ने भी अपनी बहन से मदद लेने को साफ मना कर दिया. साथ ही ये भी कहा कि अबसे उनका केस उनकी पत्नी संभालेंगी.

कुल मिलाकर, सेलिना पिछले कई सालों से लगातार स्ट्रगल कर रही हैं. पिछले दिनों उन्होंने तंग आकर पीटर के खिलाफ मुंबई में FIR करवाई. साथ ही मदर्स डे पर शमशेर की कब्र के पास से एक वीडियो शेयर की. वीडियो में वो रोती हुई उसके कब्र को साफ कर रही हैं. एक अन्य वीडियो में उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रिया की कोर्ट ने उन्हें अपने बच्चों की जॉइंट कस्टडी दे दी है. फिर भी पीटर उन्हें उनसे मिलने नहीं दे रहे. सेलिना के मुताबिक, उन्होंने अपने बच्चों को उसी दिन खो दिया था, जब वो खुद को बचाने के लिए ऑस्ट्रिया से निकल गई थीं. कोर्ट के कहने के बावजूद पीटर उनके तीनों बच्चों को लेकर नहीं आए. इसलिए अब वो केवल एक बच्चे को गले लगा पा रही हैं और वो बच्चा शमशेर है. जो कि इस दुनिया में भी नहीं है.

सेलिना के मुताबिक, शादी की 15वीं सालगिरह पर पीटर ने उनसे ये कहा था कि उनके लिए एक गिफ्ट है. जब उनके पास वो पोस्ट पहुंचा, तो पता चला कि उसमें कोई गिफ्ट नहीं बल्कि डायवोर्स पेपर्स हैं. इस बात से नाराज़ होकर उन्होंने अपने घर, प्रॉपर्टी और बच्चों के लिए लड़ाई छेड़ दी है. हालांकि उनका आरोप है कि पीटर अपने पिता के साथ मिलकर उनके तीनों बेटों को किसी अनजान जगह पर ले गए हैं. साथ ही वो उन्हें सेलिना और हिन्दू धर्म के खिलाफ भड़का रहे हैं. जो भी हो, ताजा अपडेट ये है कि मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 351(2) और 352 के तहत पीटर के खिलाफ केस फ़ाइल किया है. मामले की तफ्तीश चल रही है.

वीडियो: "सलमान प्रोटेक्टिव..", 'नो एंट्री' के 20 साल पूरे होने पर सेलिना ने सब बताया!

Advertisement