The Lallantop

हिमंता बिस्वा सरमा फिर बने असम के सीएम, 4 मंत्रियों ने भी ली शपथ, स्पीकर की रेस में कौन आगे?

Assam New Assembly Speaker: हिमंता बिस्वा सरमा के साथ NDA गठबंधन के 4 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इनमें दो विधायक बीजेपी से मंत्री बने, जबकि असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) से एक-एक विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली.

Advertisement
post-main-image
हिमंता बिस्वा सरमा

बंगाल और तमिलनाडु के बाद अब असम में भी नई सरकार का शपथ ग्रहण हो गया है. हिमंता बिस्वा सरमा ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित NDA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. मंगलवार, 12 मई को हिमंता बिस्वा सरमा के साथ NDA गठबंधन के 4 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इनमें दो विधायक बीजेपी से मंत्री बने, जबकि असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) से एक-एक विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
बीजेपी से किन नेताओं ली शपथ?

पहला नाम है अजंता नियोग का, जो बीजेपी की महिला नेता हैं और लगातार 5वीं बार गोलाघाट विधानसभा सीट से चुनाव जीती हैं. पिछली सरकार में भी वो मंत्री पद संभाल चुकी हैं. अजंता नियोग असम की पहली महिला वित्त मंत्री भी रह चुकी हैं.

बीजेपी से ही दूसरा नाम है रामेश्वर तेली का, जो करीब एक दशक बाद राज्य की राजनीति में लौटे हैं. इससे पहले वो दो बार लोकसभा सांसद, एक बार राज्यसभा सांसद और केंद्र में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं. चाय बागान समुदाय से आने वाले तेली डुलियाजान सीट से चुनाव जीते हैं.

Advertisement

सहयोगी दलों से 2 मंत्री

बीजेपी ने इस बार भी गठबंधन बनाकर असम का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की, इस वजह से सहयोगी दलों से भी एक-एक मंत्री ने शपथ ली. पहला नाम है अतुल बोरा का, जो असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष हैं और बोकाखाट विधानसभा सीट से जीतकर आए हैं. AGP बीजेपी का पुराना सहयोगी दल है. बोरा बीजेपी के नेतृत्व वाली पिछली दोनों सरकारों में भी मंत्री बने थे.

सहयोगी दलों से ही दूसरा नाम है चरण बोरो का, जो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) का प्रतिनिधित्व करते हैं. बोरो लगातार तीसरी बार माजबाट सीट से विधायक बने हैं और साल 2025 में हुए BJP-BPF गठबंधन के बाद उन्हें मंत्री बनाया गया था.

Advertisement
स्पीकर का भी नाम तय

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक नई विधानसभा के लिए स्पीकर का नाम भी लगभग तय माना जा रहा है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता रंजीत दास को स्पीकर पद के लिए NDA का उम्मीदवार माना जा रहा है. नई विधानसभा के गठन के बाद उनके नाम पर औपचारिक मुहर लगने की संभावना है. वे भवानीपुर-सोरभोग (बाजाली) सीट से बीजेपी विधायक हैं.

बीजेपी की अगुवाई वाले NDA गठबंधन की असम में ये लगातार तीसरी जीत है. इस बार के विधानसभा चुनाव में एनडीए ने दो-तिहाई बहुमत से सत्ता हासिल की है. बीजेपी ने 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने 10-10 सीटें जीतीं. वहीं कांग्रेस की अगुवाई वाला गठबंधन 21 सीटें ही जीत पाया. 

वीडियो: सीएम विजय के कैबिनेट में यूट्यूबर कौन हैं? सोशल मीडिया से राजनीति तक का सफर

Advertisement