The Lallantop

"फिल्म का बजट बढ़ने के बावजूद शाहरुख खान 'ज़िंदा बंदा' गाना चेन्नई में शूट करने को मान गए"

Atlee ने बताया कि चेन्नई में गाना शूट करने की वजह से 10 करोड़ रुपए एक्स्ट्रा खर्च हो रहे थे. मगर शाहरुख हिट फिल्म के लिए कुछ भी करने को तैयार थे.

Advertisement
post-main-image
'ज़िंदा बंदा' गाने की शूटिंग के दौरान एटली और शाहरुख खान.

Shahrukh Khan की Jawan के डायरेक्टर Atlee धीरे-धीरे फिल्म से जुड़े राज़ खोल रहे हैं. हालिया इंटरव्यू में उन्होंने Zinda Banda मेकिंग के गाने की कहानी बताई है. एटली ने बताया कि 'जवान' की शूटिंग मुंबई में हो रही थी. इसके लिए बकायदा 60-65 करोड़ रुपए का सेट लगा था. मगर एटली चाहते थे कि 'ज़िंदा बंदा' गाना वो चेन्नई में शूट करें. अपनी यूनिट और डांसर्स के साथ. इसकी वजह से फिल्म का बजट 10 करोड़ रुपए ऊपर जा रहा था. मगर शाहरुख ने बिना किसी आना-कानी, 'ज़िंदा बंदा' चेन्नई में शूट करने को तैयार हो गए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

टीवी पर्सनैलिटी गोपीनाथ के साथ इंटरव्यू में बात करते हुए एटली ने 'ज़िंदा बंदा' की शूटिंग के बारे में बताते हुए कहा-

"हम ये फिल्म बॉम्बे में शूट कर रहे थे. ये बहुत बड़ा जेल का सेट-अप था, जिसमें 45 दिन का शेड्यूल शूट होना था. उसमें 60-65 करोड़ रुपए लगने थे. उन्होंने (शाहरुख) मुझसे कहा कि हम बॉम्बे में शूट करेंगे. तो मैंने उन्हें कहा कि हम ये गाना मेरी यूनिट और डांसर्स के साथ चेन्नई में शूट करें, तो मेरी बड़ी मदद हो जाएगी."

Advertisement

बकौल एटली, इस पर शाहरुख ने उनसे कहा-

"आपको मुझे कन्विंस करने की ज़रूरत नहीं है.मैं आपको वहां से लेकर आया हूं, जहां आप हिट डायरेक्टर रहे हैं. अगर आप वहां के लोगों को इसके बदले में कुछ देना चाहते हैं, तो ये सबसे अच्छा तरीका है. ये मेरी तरफ से थैंक्स गिविंग जैसा हो जाएगा. आप चिंता मत करिए, हम इसे वहीं (चेन्नई) शूट करेंगे."

एटली को लगा कि शाहरुख मज़ाक कर रहे हैं. क्योंकि अगर ये फिल्म चेन्नई में शूट होती, तो वहां काम करने वाले लोगों को तीन गुणा ज़्यादा पैसा देना पड़ता. इसके चक्कर में बेवजह फिल्म का बजट 10 करोड़ रुपए ऊपर चला जाता. मगर शाहरुख ने एटली से कहा कि कोई बात नहीं. इसीलिए एटली को लगता है कि उनकी इस फिल्म को तमिल नाडु में इतना पसंद किया गया.  

Advertisement

एटली ने बताया कि वो शाहरुख के लिए बहुत शुक्रगुज़ार हैं. क्योंकि उन्होंने फिल्म बनाने के दौरान पूरी छूट दी. इसी की वजह से वो ऐसी फिल्म बना पाए. एटली कहते हैं-

"वो सिर्फ ये चाहते थे कि मैं उनको एक हिट फिल्म देने का अपना वादा पूरा करूं." 

'ज़िंदा बंदा' गाने की शूटिंग के दौरान एटली ने शाहरुख से ये भी कहा था कि थिएटर्स में लोग इस गाने पर नाचेंगे. पहले शाहरुख को उनके कहे पर यकीन नहीं हुआ. क्योंकि नॉर्थ इंडिया में थिएटर्स के भीतर नाचने का कल्चर नहीं था. इसके बाद एटली ने उन्हें थलपति विजय की फिल्म 'मर्सल' का गाना दिखाया, जिस पर लोग सिनेमाघर में स्क्रीन के सामने नाच रहे थे. तब जाकर शाहरुख इस गाने को लेकर आश्वस्त हुए. एटली का दिया वादा भी पूरा हुआ. क्योंकि देशभर से कई ऐसे वीडियोज़ आए, जिनमें लोग थिएटर के भीतर 'ज़िंदा बंदा' गाने पर डांस कर रहे थे.  
 
एटली ने शाहरुख खान को हिट फिल्म देने का भी अपना वादा पूरा किया. क्योंकि 'जवान' फिलहाल हिंदी सिनेमा इतिहास की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म है. 'जवान' ने देशभर से 600 करोड़ रुपए से ज़्यादा और वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ रुपए से आसपास कमाई की. 

Advertisement