
ये सिर्फ उस फिल्म या मोमेंट की बात नहीं थी. एक रिस्पेक्ट था, जो एक सुपरस्टार अपने उत्तराधिकारी को दे रहा था. 'शक्ति' वो पहली और इकलौती फिल्म रही, जिसमें दिलीप कुमार और अमिताभ बच्चन ने साथ काम किया. रिलीज़ के बाद फिल्म ने बहुत पैसे तो नहीं कमाए, मगर उसे हिंदी सिनेमा की कुछ शानदार फिल्मों में गिना जाता है. 1 अक्टूबर, 1982 को भारी बज़ के साथ सिनेमाघरों में उतरी थी ये फिल्म. इस मौके पर हम जानेंगे फिल्म की मेकिंग से जुड़े कुछ जबरदस्त किस्से और कहानियां.

'शक्ति' वो इकलौती फिल्म रही, जिसमें अमिताभ बच्चन और दिलीप कुमार ने साथ काम किया.
1. दिलीप कुमार के साथ काम करने में 'शोले' का डायरेक्टर डर क्यों रहा था? 'शोले' की बेशुमार सफलता के बाद रमेश सिप्पी दो प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे थे. अपने प्रोडक्शन हाउस में वो 'शान' बनाना चाहते थे और प्रोड्यूसर मुशीर-रियाज़ के लिए 'शक्ति' डायरेक्ट करने वाले थे. सिप्पी हमेशा से दिलीप कुमार के साथ काम करना चाहते थे. 1976 में आई 'बैराग' के बाद दिलीप कुमार ने काम करना कम कर दिया था. या यूं कहें कि ब्रेक पर थे. 80 के दशक की शुरुआत में उनकी दो फिल्में 'क्रांति' और 'विधाता' रिलीज़ हो चुकी थीं. सिप्पी को 'मदर इंडिया' बहुत पसंद थी और उन्हें लगता था कि उसी लेवल की फिल्म दिलीप साहब के कद के साथ न्याय कर पाएगी. अगर सिप्पी के शब्दों में कहें, तो वो दिलीप कुमार के साथ फादर इंडिया बनाना चाहते थे. यानी एक ऐसे इंसान की कहानी, जो अपने सिद्धांतों पर टिके रहने के लिए बेटे तक की कुर्बानी दे सकता है. उन्हीं दिनों रमेश सिप्पी ने 'थंगा पटक्कम' नाम की तमिल फिल्म देखी थी. उस फिल्म में शिवाजी गणेसन ने बाप और बेटे का डबल रोल किया था. राइटर जोड़ी सलीम-जावेद और प्रोड्यूसर्स मुशीर-रियाज़ से इस फिल्म की चर्चा करने के बाद इसके राइट्स खरीद लिए गए. मगर सलीम-जावेद ने उस फिल्म को फ्रेम टू फ्रेम रीमेक करने की बजाय एक नई कहानी लिख दी. दोनों कहानियों में समानता सिर्फ इतनी थी कि दोनों में ही बाप अपने बेटे को मार देता है. स्क्रिप्ट के लिखे जाने के बाद दिलीप कुमार को इसमें लिए जाने की बात चली.

'थंगा पथक्कम' का पोस्टर, वो फिल्म जिससे प्रेरित होकर शक्ति बनी थी.
उन दिनों मार्केट में दिलीप कुमार के बारे में कई तरह की बातें चला करती थीं. जैसे ये कि उनका स्टारडम खत्म हो गया है. दबी जुबान में खबरें चलतीं कि इन दिनों दिलीप कुमार फिल्म में कुछ ज़्यादा ही इन्वॉल्व हो जाते हैं. कई फिल्ममेकर्स इसे अपने काम में खलल मानते थे. रमेश सिप्पी इस चीज़ से डर रहे थे. कि अगर दिलीप कुमार उनके काम में इंटरफेयर करने लगे, तो वो उन्हें कुछ कह भी नहीं पाएंगे. जैसे-तैसे उनकी ये चिंता दिलीप साहब तक पहुंचाई गई. वो अपने बारे में इस तरह की अफवाहें सुनकर चौंक गए. दिलीप कुमार ने कहा कि वो कभी इस तरह की चीज़ें नहीं करते. ना कभी करेंगे. बात पक्की हो गई. दिलीप कुमार को फिल्म 'शक्ति' में DCP अश्विनी कुमार के रोल में कास्ट कर लिया गया.

दिलीप कुमार बहुत झोल-तमाशे के बाद डीसीपी अश्विनी कुमार के रोल में कास्ट किए गए.
2. दिलीप कुमार का नाम सुनकर अमिताभ ने खुद को फ़िल्म में कास्ट कर लिया 'शक्ति' बाप-बेटे की कहानी थी. मगर बाप वाला रोल फिल्म का सबसे मजबूत और प्रभावशाली किरदार था. वो दिलीप कुमार कर रहे थे. सलीम-जावेद एक नाटक देखने गए थे, जहां उन्हें एक लड़के का काम बहुत पसंद आया. लड़के का नाम - राज बब्बर. राइटर जोड़ी दिलीप कुमार के सामने उनको चाहती थी. ताकि दिलीप साहब वाला किरदार उभकर सामने आए. मगर तभी इस फिल्म की खबर अमिताभ बच्चन को लगी. अमिताभ तब तक देश के सबसे बड़े सुपरस्टार बन चुके थे. 1981 में उनकी 'याराना', 'नसीब', 'लावारिस' और 'कालिया' समेत 8 फिल्में रिलीज़ हो चुकी थीं. साथ ही रमेश सिप्पी की 'शान' में भी शत्रुघ्न सिन्हा और शशि कपूर के साथ अमिताभ लीड रोल में नज़र आए थे. इस फिल्म की चर्चा सुनते ही उन्होंने इसके मेकर्स से पूछा कि इस फिल्म में उन्हें क्यों नहीं लिया गया? मेकर्स ने कहा कि बेटे वाला रोल उनके लायक नहीं है. अमिताभ, दिलीप कुमार को अपनी इंस्पिरेशन मानते थे और तब तक दोनों ने साथ में कभी कोई फिल्म नहीं की थी. सिर्फ दिलीप कुमार के साथ काम करने के लालच में अमिताभ ये फिल्म करने को तैयार हो गए. यही चीज़ राखी के साथ भी हुई. 'कभी कभी', 'त्रिशूल' और 'बरसात की एक रात' समेत कई फिल्मों में अमिताभ की लव इंट्रेस्ट का रोल करने वाली राखी, इस फिल्म में उनकी मां बनने को तैयार हो गईं. क्योंकि वो भी दिलीप कुमार की फिल्म का हिस्सा बनना चाहती थीं.
रमेश सिप्पी ने दिलीप कुमार और अमिताभ बच्चन को एक साथ ही फिल्म का नरेशन दिया यानी पूरी स्क्रिप्ट सुनाई. ताकि दोनों सुपरस्टार्स खासकर अमिताभ को ये क्लैरिटी रहे कि वो जो किरदार निभाने जा रहे हैं, वो कैसा है. अमिताभ को पता था कि ये फिल्म पूरी तरह से दिलीप कुमार की होने वाली है. बावजूद इसके उन्होंने 'शक्ति' में काम करने का अपना फैसला नहीं बदला. इसका खामियाज़ा उन्हें फिल्म की रिलीज़ के बाद भुगतना पड़ा.

दिलीप कुमार की वजह से ही इस फिल्म में राखी और अमिताभ बच्चन काम करने को तैयार हुए. फिल्म में इन तीनों ने बाप-मां और बेटे का रोल किया था.
3. जब दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन को नाश्ते में खा गए ये वाली लाइन हिंदी में थोड़ी अजीब लग रही है न? एक्चुअली हुआ ये कि शक्ति को बड़े शानदार रिव्यूज़ मिले. फिल्म की कहानी से लेकर उसके ट्रीटमेंट तक को खूब सराहा गया. फिल्म में दिलीप कुमार की परफॉरमेंस भी काफी चर्चा का विषय रही. एक मशहूर फिल्म समीक्षक ने अपने रिव्यू की हेडलाइन में लिखा- Mr Kumar has Mr Bachchan for breakfast. उनके कहने का मतलब ये था कि अमिताभ, फिल्म में दिलीप कुमार के सामने टिक नहीं पाए. लगातार हो रही इस तरह की बातों से अमिताभ भी थोड़े परेशान होने लगे थे. उन्हें लगने लगा कि कहीं इस फिल्म में काम करके उन्होंने कोई गलती तो नहीं कर दी. फिल्म से जुड़े दूसरे लोग अमिताभ के बचाव में उतर आए. रमेश सिप्पी ने दिलीप कुमार और अमिताभ बच्चन को एक साथ स्क्रिप्ट सुनाई थी. इसलिए अमिताभ ये बिलकुल नहीं कह सकते थे कि फिल्म में उनका रोल काट दिया गया या उनके साथ धोखा हुआ है.
वहीं जावेद अख्तर का मानना था कि अमिताभ ने शक्ति में जो रोल किया, वो उनके लिए लिखा ही नहीं गया था. जब वो सलीम खान के साथ मिलकर इस फिल्म की स्क्रिप्ट लिख रहे थे, तब किसी के भी दिमाग में ये बात नहीं थी कि बेटे वाला किरदार अमिताभ बच्चन निभा सकते हैं. इसलिए उसे अति-रियलिस्टिक रखा गया. 'शक्ति' को शुरू से ही दिलीप कुमार की फिल्म की तरह देखा और बनाया जा रहा था. जावेद अख्तर ने ये भी कहा कि अमिताभ का शक्ति में होना, फिल्म के खिलाफ चला गया. क्योंकि लोगों को 'दी अमिताभ बच्चन शो' देखने की आदत हो गई थी. जिस फिल्म में अमिताभ होते, तो लोग उम्मीद करते कि उस फिल्म में कॉमेडी, एक्शन, इमोशन और नाच गाना सब होगा. मगर 'शक्ति' में ऐसा कुछ नहीं था. वो एक गंभीर सिनेमा था. 'शक्ति' की रिलीज़ के कई साल बाद अमिताभ को ये रियलाइज़ हुआ कि लोग चाहे जो कहें 'शक्ति' उनके करियर के सबसे शानदार कामों में से एक है.

इस फिल्म में अमिताभ ने दिलीप कुमार के बेटे का रोल किया था. अमिताभ तब देश के सबसे बड़े सुपरस्टार बन चुके थे. इसलिए वो राज बब्बर के लिए लिखे गए रोल में भी काम करने को तैयार हो गए. मगर पब्लिक को ये बात पसंद नहीं आई.
4. 'शक्ति' की रिलीज़ से ठीक पहले फिल्म के प्रोड्यूसर किडनैप हो गए जैसा कि हमने आपको पहले बताया रमेश सिप्पी डायरेक्टेड फिल्म 'शक्ति' में प्रोड्यूसर जोड़ी मुशीर आलम और मोहम्मद रियाज़ ने पैसा लगाया था. इससे पहले ये जोड़ी राजेश खन्ना की 'सफर' और दिलीप कुमार की 'बैराग' जैसी फिल्में प्रोड्यूस कर चुकी थी. 22 सितंबर, 1982 शाम 4:30 बजे प्रोड्यूसर मुशीर आलम अपने वरली ऑफिस एम.आर. प्रोडक्शन से निकले. वो अपनी सफेद फिएट से एक मीटिंग के लिए साउथ बॉम्बे जा रहे थे. अभी वो अपने ऑफिस से कुछ ही दूर एनी बेसेंट रोड पहुंचे थे कि उनकी कार के रास्ते में एक तेज रफ्तार सफेद एम्बैसेडर आकर रुक गई. इससे पहले कि मुशीर कुछ समझ पाते, उस गाड़ी से तीन लोग बाहर निकले. उन्होंने मुशीर को घसीटकर फिएट से निकाला और एम्बैसेडर में बिठा दिया. उनकी आंख पर एक सफेद पट्टी बांधी गई और गाड़ी चलने लगी. दो मिनट के भीतर एक भीड़-भाड़ वाले इलाके में मुंबई की सबसे बड़ी किडनैपिंग हो चुकी थी. मुशीर को किडनैप करने वाले अंडरवर्ल्ड के लोग थे. इसमें अमीरज़ादा, आलमज़ेब, शहज़ाद खान और अब्दुल लतीफ जैसे गैंगस्टर शामिल थे. ये वही अब्दुल लतीफ था, जिसका रोल 2017 में आई फिल्म 'रईस' में शाहरुख खान ने किया था.

ओरिजिनल अब्दुल लतीफ, जिसका रोल शाहरुख खान ने फिल्म रईस में किया था. चश्मे से तो पहचान ही गए होंगे.
मुशीर ने आंख पर बंधे कपड़े के नीचे से झांककर ये देखने की कोशिश की कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है. मगर उनकी नज़र में सिर्फ 'शोले' फिल्म का एक बड़ा सा पोस्टर आया. उन्हें एक ऐसी लोकेशन पर ले जाया गया, जहां बच्चों की आवाज़ें आ रही थीं. उनकी आंख पर कपड़ा बंधा था, इसलिए सीढ़ियों और रेलिंग के आने पर उन्हें बताया जा रहा था कि संभलकर चलें. सीढ़ियां चढ़ने और कुछ कदम चलने के बाद वो एक खाली कमरे में पहुंचे. वहां उन्हें एक तस्वीर दिखाई दी. फिर उस कमरे में अगले कुछ घंटों तक उन्हें मारा-पीटा और धमकाया गया. थोड़ी देर के बाद अमीरज़ादा ने मुशीर से कहा-
'हमें सिर्फ 25 लाख चाहिए'.

























