Allu Arjun की फिल्म Pushpa ने इंडिया में अच्छी-खासी कमाई की. फिल्म के इंडिया में रिलीज़ हो जाने के करीब एक साल बाद उसे रूस में भी रिलीज़ किया गया. अब खबर ये है कि ‘पुष्पा’ का रूसी भाषा में डब हुआ वर्ज़न वहां के सिनेमाघर आसानी से भर रहा है. फिल्म ने रूस में अब तक करीब 10 मिलियन रूबल का बिज़नेस कर लिया है. भारतीय मुद्रा में ये आंकड़ा करीब 11 करोड़ रुपए होता है. फिल्म की कमाई वाली बात खुद फिल्म को प्रोड्यूस कर चुकी कंपनी मैत्री मूवी मेकर्स ने बताई है.
इंडिया तो इंडिया, अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा' ने रशिया में भी गदर मचा दिया
'पुष्पा' को रशिया में जितनी स्क्रीन्स पर एक महीने पहले रिलीज़ किया गया था, अब तक उतनी ही स्क्रीन्स पर चल रही है.


उन्होंने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा,
‘पुष्पा द राइज़’ रूस में रेज बन गई है. 25 दिन से फिल्म 774 स्क्रीन्स पर चल रही है. साथ ही 10 मिलियन रूबल की कमाई कर चुकी है.
Pushpa The Rise 08 दिसम्बर, 2022 की तारीख को रूस में रिलीज़ हुई थी. तब फिल्म को 774 स्क्रीन्स पर रिलीज़ किया गया था. करीब एक महीना बीतने को है और अभी भी फिल्म उतनी स्क्रीन्स पर चल रही है. किसी भी बड़ी इंडियन फिल्म के लिए 11 करोड़ रुपए की कमाई तीर मारने वाली बात न लगे. लेकिन किसी भारतीय फिल्म का रूसी भाषा में डब होकर इतनी कमाई करना बड़ी बात है. वजह ये है कि पिछले कुछ समय में रूस भारतीय फिल्मों का इतना बड़ा मार्केट नहीं रहा, जितना चीन या जापान बनकर उभरे हैं.
रूसी भाषा में डब हुई भारतीय फिल्मों में अब तक सबसे ज़्यादा कमाई की है ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘वॉर’ ने. फिल्म ने करीब 17 मिलियन रूबल का कलेक्शन किया था. आज के समय में भारतीय मुद्रा में ये आंकड़ा करीब 19 करोड़ रुपए होता है. ‘पुष्पा’ 10 मिलियन रूबल की कमाई के साथ दूसरे पायदान पर है. जिस तरह फिल्म चल रही है, संभव है कि ‘वॉर’ से आगे निकल जाएगी.
17 दिसम्बर, 2021 को भारत के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के बाद फिल्म ने सॉलिड बिज़नेस किया था. फिल्म ने इंडिया में करीब 350 करोड़ रुपए की कमाई की थी. अब फिल्म के सीक्वल Pushpa The Rule पर भी काम शुरू हो चुका है. बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसे 2024 में रिलीज़ किए जाने का प्लान है.
वीडियो: अल्लू अर्जुन के फैन्स का सड़क पर उतरने से 'पुष्पा 2' का क्या कनेक्शन है?



















