Akshay Kumar इन दिनों अपनी फिल्म Selfiee की वजह से खबरों में हैं. तमाम कोशिशों के बावजूद फिल्म अच्छा परफॉर्म नहीं कर पा रही. ऐसे ही एक प्रमोशनल इंटरव्यू के दौरान अक्षय कुमार से Pathaan के बारे में पूछा गया. अक्षय ने कहा कि वो बहुत खुश हैं कि शाहरुख की फिल्म चली. उन्होंने ये भी कहा कि वो चाहते हैं कि सबकी फिल्में चलें.
शाहरुख की 'पठान' के ब्लॉकबस्टर होने पर क्या बोले अक्षय कुमार?
अक्षय कुमार ने कहा कि उन्हें बड़ी खुशी है कि उनके 'मित्र शाहरुख खान जी की फिल्म इतनी चली.'


अक्षय कुमार आज तक प्रोग्राम 'सीधी बात' में पहुंचे थे. यहां उनकी कमाई से लेकर, उनके पैसे के पीछे भागने की खबरें, फ्लॉप होती फिल्मों और मां के गुज़रने जैसे विषयों पर बात हुई. फिर एंकर ने उनसे पूछा कि 'पठान' इतनी बड़ी हिट हो गई. कहा जा रहा है कि शाहरुख खान की उस फिल्म ने इंडस्ट्री का सूखा खत्म कर दिया. अक्षय 'पठान' की सक्सेस को कैसे देखते हैं. इसके जवाब में अक्षय कुमार ने कहा-
''मुझे तो बहुत अच्छा लगा कि मेरे मित्र शाहरुख खान जी की फिल्म रिलीज़ हुई. फिल्म इतनी चली. और आपको अच्छा लगता है कि पैसा आता है इंडस्ट्री के अंदर. वो सब तक पास पहुंचता है. फिर हमें मौका मिलता है. मैं तो कहता हूं हर एक की फिल्म चलेगी, तो और बड़ी होती जाएगी इंडस्ट्री. हम और बड़ी-बड़ी फिल्में बनाएंगे. बहुत अच्छा लगा, जब शाहरुख की फिल्म चली.''
अक्षय और शाहरुख ने किसी फिल्म में फुल फ्लेज्ड तरीके से साथ काम नहीं किया. हालांकि वो 'दिल तो पागल है', 'हे बेबी' और 'ओम शांति ओम' जैसी फिल्मों में एक-दूसरे के साथ दिख चुके हैं. हालांकि दो हीरो वाली फिल्म में काम न करने की वजह से दोनों के बीच मनमुटाव करने की खबरें आती रहती थीं. फिर शाहरुख ने अक्षय के साथ काम न करने की वजह बता दी. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि जब अक्षय सोकर उठते हैं, तब वो सोने जाते हैं. उन लोगों का टाइम टेबल मेल नहीं खाता. इसलिए दोनों किसी फिल्म में साथ काम नहीं कर पाए.
आज तक के साथ इसी इंटरव्यू में अक्षय कुमार 'बड़े मियां छोटे मियां' में अपने को-स्टार टाइगर श्रॉफ की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि टाइगर उन्हें बहुत पसंद हैं. क्योंकि वो काफी हद तक उनकी ही तरह हैं. जल्दी सोते-जागते हैं. मेहनती आदमी हैं. शूटिंग के दौरान पूरे समय सेट पर रहते हैं. और कोई सीन कितनी भी बार करने को तैयार रहते हैं. BMCM को अली अब्बास ज़फर डायरेक्ट कर रहे हैं. ये एक एक्शन-कॉमेडी फिल्म है. ये फिल्म भी क्रिसमस के मौके पर यानी 23 दिसंबर, 2023 को रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है. इसी टाइम शाहरुख की राजकुमार हिरानी डायरेक्टेड 'डंकी' भी सिनेमाघरों में लगने वाली है.
वीडियो: सिनेमा अड्डा: अक्षय कुमार का लल्लनटॉप इंटरव्यू, नागरिकता के सवाल पर क्या बोले?






















