पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 का बिगुल बज चुका है. राज्य में सभी दलों के नेता प्रचार के मैदान में उतर चुके हैं. वहीं, बिधाननगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के अनोखे प्रचार की तस्वीर सामने आई है. जहां भाजपा के उम्मीदवार डॉ शारद्वत मुखर्जी हाथों में ‘कातला मछली’ लेकर प्रचार करते हुए नजर आए. साथ ही उनके समर्थक भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे. जिसका फोटो-वीडियो वायरल हो रहा है.
पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार मछली को हाथ में लेकर प्रचार क्यों कर रहे?
पश्चिम बंगाल के बिधाननगर विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार शारद्वत मुखर्जी हाथों में ‘कातला मछली’ लेकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं. उन्होंने ऐसा करने की वजह भी बताई है.


इंडिया टुडे से जुड़े अनुपम मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉ शारद्वत मुखर्जी बिधाननगर विधानसभा क्षेत्र के सॉल्ट लेक के IA मार्केट में प्रचार कर रहे थे. इस दौरान वो अपने हाथों में ‘कातला मछली’ लेकर चल रहे थे. इस दौरान पत्रकारों ने उनसे इस अनोखे प्रचार का कारण पूछा. पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए मुखर्जी ने TMC पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि सत्ता पर आसीन TMC मतदाताओं से कह रही है कि वो BJP को सपोर्ट न करें. क्योंकि भाजपा सत्ता में आने के बाद राज्य में “मछली चावल खत्म कर देगी और मांस खाने पर रोक लगा देगी. साथ ही पश्चिम बंगाल को एक शाकाहारी राज्य बना देगी.”
शारद्वत मुखर्जी ने पत्रकारों से बात करते हुए आगे कहा कि मछली बंगाली परंपरा और उसकी संस्कृति के साथ गहराई से जुड़ी हुई है. यह याद रखना जरूरी है कि बंगाली लोग बिना मछली के कोई भी शुभ काम शुरू नहीं करते हैं. मुखर्जी के मुताबिक मछली के साथ प्रचार करके उन्होंने विरोधी पार्टियों को एक संदेश दिया है कि अगर इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार राज्य में बनती है, तो राज्य में मछली और चावल पर कोई रोक नहीं लगेगी.
बता दें कि राज्य की 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने वाले हैं. यह चुनाव प्रक्रिया 2 चरणों में पूरी होगी. 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा. जिसमें मतदाता 152 सीटों के लिए वोट डालेंगे. जबकि, 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे.
यह भी पढ़ें: भारत में सबसे लंबे समय तक 'हेड ऑफ गवर्नमेंट' रहने का रिकॉर्ड, PM मोदी ने किसको पछाड़ा?
बता दें कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी ने इस लिस्ट में अपने 144 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है. पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों ही सीटों से चुनाव लड़ाने का फैसला लिया है.
वीडियो: Farsa Baba Death: समर्थकों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए क्या आपबीती बताई?






















