The Lallantop

ममता बनर्जी की 'फिश पॉलिटिक्स' में फंसी BJP? मंगलवार को भी मछली खा रहे पार्टी नेता

बंगाल में एक कहावत है, ‘माछ भाते बंगाली’ माने मछली-भात ही बंगाली की पहचान है. बस बंगाल की इसी पहचान को लेकर BJP और TMC के बीच सियासत शुरू हो गई है. ममता बनर्जी की पार्टी TMC का आरोप है कि अगर BJP सत्ता में आई तो बंगालियों को मछली, मीट और अंडा खाने से रोक दिया जाएगा.

Advertisement
post-main-image
बंगाल चुनाव में अब झालमुड़ी और मटन के बाद अब मछली पर राजनीति हो रही है. (फोटो- इंडिया टुडे/ सोशल मीडिया)

झालमुड़ी और मटन के बाद बंगाल चुनाव में अब मछली का भी तड़का लगना शुरू हो गया है. यानी पूरा चुनावी मेन्यू तैयार है. नेताओं के बीच मछली खाते हुए फोटो खींचकर पोस्ट करने का एक कॉम्पिटिशन लगा हुआ है. लेकिन मामला सिर्फ खाने का नहीं है. इस मुद्दे को सीधे बंगाल की पहचान और संस्कृति की प्लेट में परोसा जा रहा है. तो समझते हैं कि आखिर बंगाल की ये फिश पॉलिटिक्स है क्या?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बंगाल में एक कहावत है, ‘माछ भाते बंगाली’ माने मछली-भात ही बंगाली की पहचान है. बस बंगाल की इसी पहचान को लेकर BJP और TMC के बीच सियासत शुरू हो गई है. ममता बनर्जी की पार्टी TMC का आरोप है कि अगर BJP सत्ता में आई तो बंगालियों को मछली, मीट और अंडा खाने से रोक दिया जाएगा. इतना ही नहीं मछली को मुद्दा बनाते हुए ममता बनर्जी ने BJP को चेतावनी भी दे दी कि BJP बंगाल की जीवन शैली के लिए खतरा है. बंगाल में मछली और चावल को लेकर कोई समझौता नहीं हो सकता.

बस फिर क्या. BJP तुरंत समझ गई कि बंगाल में मछली और चावल सिर्फ खाना नहीं बल्कि एक इमोशन है. बंगाल के मछली मार्केट में तेजी से उछाल आ गया और एक के बाद एक नेताओं ने मछली के साथ फोटो पोस्ट करना शुरू कर दिया. कोलकता पोर्ट से BJP के टिकट पर चुनाव लड़ रहे राकेश सिंह दोनों हाथों में बड़ी-बड़ी मछली पकड़े हुए दिखाई दिए.

Advertisement

यही हाल बैरकपुर से BJP उम्मीदवार कौस्तव बागची का भी है. बागची दोनों हाथ में मछली लिए चटक सफ़ेद और लाल रंग के कपड़े पहनकर घर-घर जाते नज़र आए. उनके पीछे ढोल बज रहे हैं और समर्थक उनकी जयकार कर रहे हैं. कुल मिलाकर नेताजी लोग मछली का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश में लगे हुए हैं. 

इन सब कोशिशों से BJP अपनी बाहरी, हिंदी थोपने वाली और शाकाहारी पार्टी की छवि से बाहर निकलने की कोशिश कर रही है. बंगाल के लोगों को ये दिखाने की कोशिश कर रही है कि BJP उनकी संस्कृति का सम्मान करती है.

बंगाल चुनाव के दौरान झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन का एक्स पर पोस्ट आया. तस्वीर में वो मछली खाते नज़र आ रहे हैं. कैप्शन में लिखा है,‘पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के बीच माछ-भात का आनंद लेते हुए.’ 

Advertisement
Champai Soren
चंपई सोरेन.

BJP सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का भी एक वीडियो सामने आया. वीडियो में वो मछली खाते हुए नज़र आ रहे हैं. उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘NDA में किसी के बोलने पर, खाने पर और पूजा पर कोई प्रतिबंध नहीं है.’

वहीं AAP विधायक संजीव झा ने ट्विटर पर अनुराग ठाकुर का ये वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘ये हैं अनुराग ठाकुर, हिमाचल के BJP के बड़े नेता और केंद्र में मंत्री. और देखिए किस तरह से भगवा पहनकर, चंदन लगाकर मंगलवार के दिन मछली खा रहे हैं! ​ये वही लोग हैं, जो दिल्ली और अन्य शहरों में मांस-मछली की दुकानें बंद कराते फिरते हैं. अब बंगाल का चुनाव क्या आया, प्रधानमंत्री जी ने सभी को मछली खाने पर लगा दिया. सत्ता के लिए क्या-क्या करोगे साहब?’

Sanjeev Jhaa
संजीव झा का पोस्ट.

इतना ही नहीं, बंगाल में मछली का मुद्दा इतना बढ़ गया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भी एक रैली में कहा कि 'सत्ता में 15 साल बिताने के बाद भी तृणमूल कांग्रेस आपको मछली जैसी बुनियादी चीज भी उपलब्ध कराने में नाकाम रही है. यहां तक कि मछली भी राज्य के बाहर से मंगवानी पड़ती है.'

माने कुल मिलाकर TMC और BJP के लिए मछली पॉलिटिक्स सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है. एक तरफ TMC कह रही है BJP आपकी थाली बदल देगी. दूसरी तरफ BJP कह रही है TMC आपकी थाली भर ही नहीं पाई. कुल मिलाकर ये खाने की प्लेट से वोट की पॉलिटिक्स तक का सफर बना हुआ है. अब देखना ये है कि वोटर किसकी थाली पर ज्यादा भरोसा करते हैं.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: क्या SIR ममता बनर्जी को फिर बंगाल की सत्ता दिला देगा?

Advertisement