The Lallantop

शांभवी चौधरी के दोनों हाथों की उंगलियों पर चुनाव की स्याही कैसे लग गई?

वोट डालने के बाद शांभवी ने पहले दाहिने हाथ की पहली उंगली दिखाई, जिस पर स्याही लगी थी. फिर बाएं हाथ की पहली उंगली दिखाई, उस पर भी स्याही लगी थी. ऐसा क्यों हुआ खुद शांभवी ने बताया है.

Advertisement
post-main-image
मतदान के बाद पहले दाहिने फिर बाएं हाथ की उंगली पर लगी स्याही दिखाती LJP(RV) सांसद शांभवी चौधरी.

शांभवी चौधरी बिहार के समस्तीपुर से चिराग पासवान की पार्टी LJP (राम विलास) की सांसद हैं. 6 नवंबर को बिहार में पहले चरण का मतदान हुआ. LJP (RV) सांसद शांभवी ने परिवार सहित वोट डाला. उनके पिता अशोक चौधरी बिहार सरकार में मंत्री हैं. मतदान के तुरंत बाद दोनों ने मीडिया के सामने अपनी-अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाकर बताया भी कि उन्होंने वोट डाल दिया है. पर इसी वीडियो में कुछ ऐसा दिख गया जिसको लेकर विपक्ष ने शांभवी चौधरी को घेर लिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

वीडियो शुरू होता है और शांभवी अपने पिता के साथ कैमरे की तरफ दाहिने हाथ की उंगली दिखाती हैं. उस पर मतदान के बाद वाली स्याही लगी थी. उनकी मां उस समय बाएं हाथ की उंगली दिखाती हैं. पांच सेकेंड बात शांभवी दाहिना हाथ नीचे कर लेती हैं और बाएं हाथ की उंगली दिखाती हैं. इस हाथ की पहली उंगली पर भी चुनाव आयोग की स्याही लगी हुई थी.

यानी शांभवी चौधरी के दोनों हाथ की एक-एक उंगली पर चुनाव आयोग की स्याही लगी हुई थी. अब सवाल उठता है कि ऐसा कैसे हो सकता है? सोशल मीडिया पर कुछ लोग यह सीधे पूछ रहे हैं कि क्या शांभवी ने दो बार वोट डाला. कांग्रेस ने भी अपने X अकाउंट पर यह मुद्दा उठाया और 'वोट चोरी' का आरोप लगा दिया..

Advertisement

इस मामले पर हमने शांभवी चौधरी से बात की. उन्होंने बताया कि ऐसा क्यों हुआ. शांभवी ने कहा,

वोट डालने के बाद चुनाव कर्मी ने मेरे दाहिने हाथ पर स्याही लगा दी थी. लेकिन प्रिसाइडिंग अफसर ने तुरंत उन्हें टोका और बाएं हाथ की उंगली में स्याही लगाने को कहा. इस वजह से दोनों हाथ की उंगली में स्याही लग गई. वीडियो में भी मैंने कहा है कि गलती से चुनाव कर्मी ने दाहिने हाथ पर स्याही लगा दी.

Advertisement

शांभवी ने कहा कि यह एक मानवीय भूल है, जिसे मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए. 

LJP (RV) की सांसद ने बताया कि उनको दोनों हाथों की उंगलियों पर स्याही कैसे लगी. लेकिन क्या चुनाव कर्मी की यह गलती सामान्य मानी जानी चाहिए. इस मसले पर वैधानिक जानकारी जुटाने के लिए हमने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी से बात की. उन्होंने बताया,

ये पूरी तरह से अवैध है. ऐसा संभव ही नहीं है. मतदान के दौरान पोलिंग ऑफिसर को निर्देश होता है कि किस हाथ की उंगली पर निशान लगाया जाएगा. अगर वह उंगली कटी है तो उसके साथ वाली दूसरी उंगली पर निशान लगेगा. दूसरी भी नहीं है तो तीसरी पर. लेकिन दोनों हाथ की उंगलियों पर स्याही लगाना पूरी तरह गलत है. अगर ऐसा हुआ है तो पोलिंग ऑफिसर सहापराधी है.

शांभवी चौधरी के दोनों हाथ की उंगलियों में लगी चुनावी स्याही का मुद्दा गर्माया तो कुछ घंटे बाद पटना की जिला प्रशासन ने इस पर सफाई दी. पटना जिला प्रशासन ने X पर लिखा कि

सोशल मीडिया पर माननीय सांसद श्रीमती शांभवी के मतदान के पश्चात दोनों अंगुली पर स्याही के निशान लगे होने के संबंध में वीडियो प्रसारित हो रहा है. इस संबंध में 182-बांकीपुर विधान सभा के मतदान केन्द्र सं.-61 संत पॉल्स प्राईमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी (मुख्य भाग का उत्तरी कमरा) के पीठासीन पदाधिकारी से पृच्छा की गयी. उनके द्वारा स्पष्ट किया गया कि स्याही लगाने वाले मतदान कर्मी के द्वारा भूलवश दाहिने हाथ के अंगुली पर स्याही लगा दिया गया था. पीठासीन पदाधिकारी के हस्तक्षेप के पश्चात बांये हाथ के अंगुली पर भी स्याही लगायी गयी. यह स्पष्ट किया जा रहा है कि माननीय सांसद श्रीमती शाम्भवी ने 182-बांकीपुर विधान सभा के मतदान केन्द्र सं0-61 संत पॉल्स प्राईमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी (मुख्य भाग का उत्तरी कमरा) के मतदाता सूची क्रमांक 275 पर ही मतदान किया है.

यानी जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट करने की कोशिश की है कि शांभवी पर जो दोहरी वोटिंग के आरोप लग रहे हैं, वह सही नहीं है.

वीडियो: बिहार की 25 साल की युवा सांसद शांभवी चौधरी ने संसद में मोदी सरकार से ये मांग की

Advertisement