The Lallantop

Bihar Election 2025 Phase 1: दोपहर तक 42.31% मतदान हुआ, गोपालगंज में सबसे अधिक, पटना में सबसे कम वोटिंग

Bihar Election 2025 Phase 1 Voting: RJD ने आरोप लगाया है कि उसके मजबूत बूथों पर जानबूझकर बिजली काटी जा रही है, जिससे मतदान धीरे हो. इस पर चुनाव आयोग ने कहा कि यह सभी आरोप निराधार और भ्रामक हैं.

Advertisement
post-main-image
सीएम नीतीश कुमार ने डाला वोट, लालू यादव भी परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे. (Photo: PTI)

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज यानी गुरुवार, 6 नवंबर को वोटिंग हो रही है. चुनाव आयोग के मुताबिक पहले चरण में बिहार में दोपहर 1 बजे तक 42.31% मतदान दर्ज किया गया. इसमें सबसे अधिक वोटिंग गोपालगंज में हुई, जहां का वोटर टर्नआउट 46.73% रहा. उसके बाद लखीसराय में 46.37% और बेगूसराय में 46.02% मतदान हुआ. बिहार की राजधानी पटना में सबसे कम मतदान हुआ. जहां दोपहर 1 बजे तक मतदान प्रतिशत 37.72 रहा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इसके अलावा दोपहर तक भोजपुर में 41.15%, बक्सर में 41.10%, दरभंगा में 39.35%, खगड़िया में 42.94%, मधेपुरा में 44.16%, मुंगेर में 41.47%, मुजफ्फरपुर में 45.41%, नालंदा में 41.87%, सहरसा में 44.20% और समस्तीपुर में 43.03% मतदान दर्ज किया गया. चुनाव के बीच RJD ने वोटिंग में धांधली के भी आरोप लगाए हैं. RJD का आरोप है कि महागठबंधन के मजबूत बूथों पर बिजली काट दी जा रही है और जानबूझकर धीरे वोटिंग कराई जा रही है. हालांकि चुनाव आयोग ने इसे निराधार और भ्रामक आरोप बताया है. 

Advertisement

मालूम हो कि बिहार चुनाव के पहले चरण में 243 में से 121 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं. इस दौरान करीब 3.75 करोड़ वोटर अपना मत डाल रहे हैं. चुनाव आयोग के अनुसार इनमें से 10.72 लाख मतदाता ऐसे हैं, जो पहली बार वोट डालेंगे. पहले चरण के लिए आयोग ने कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें से अधिकतर केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं.

लालू यादव ने परिवार के साथ डाला वोट

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव भी अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे. इस दौरान उनके साथ पत्नी राबड़ी देवी, बेटी रोहिणी आचार्य और मीसा भारती और बहु राजश्री यादव थी. राबड़ी देवी ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह अपने दोनों बेटों को जीत का आशीर्वाद देती हैं. तेजस्वी यादव भी अपना वोट डालने पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बदलाव कीजिए, नया बिहार बनाइए, नई सरकार बनाइए.

पहले चरण में बड़े चेहरे मैदान पर

बिहार चुनाव के पहले चरण में प्रमुख पार्टियों के शीर्ष नेताओं की साख भी दांव पर है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव, दोनों मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा की सीटों पर भी पहले चरण में ही मतदान हो रहा है. बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और राज्य मंत्री मंगल पांडे सीवान सीट पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं. इस सीट पर भी पहले चरण में वोटिंग हो रही है. वहीं हॉट सीट मानी जाने वाली मोकामा सीट, जो दुलारचंद यादव की हत्या के बाद और फोकस में आ गई है, उस पर भी इसी चरण में वोट डाले जा रहे हैं. यहां से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह जेल से चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं जनशक्ति जनता दल के नाम से नई पार्टी बनाकर चुनाव लड़ रहे तेज प्रताप यादव की महुआ सीट पर भी इसी चरण में वोट डाले जा रहे हैं.

Advertisement
bihar first phase hot seat
नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और  सम्राट चौधरी भी पहले चरण में चुनावी मैदान में हैं. (Photo: ITG)
मशहूर हस्तियों की भी परीक्षा

इसके अलावा कई मशहूर हस्तियां, जो इस बार चुनाव लड़ रही हैं, उनकी किस्मत का फैसला भी पहले चरण में ही होने जा रहा है. लोक गायिका मैथिली ठाकुर अलीगंज से, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव छपरा से और रितेश पांडे करगहर से पहले चरण में मैदान में हैं. दोनों गठबंधनों में प्रमुख दलों के अलावा अन्य सहयोगी दल कैसा प्रदर्शन कर रहे हैं, इसका फैसला भी पहले चरण में ही हो जाएगा. महागठबंधन में शामिल भाकपा (माले) की कुल 20 में से 10 और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की 15 में से 6 सीटों पर इसी चरण में मतदान हो रहा है. इसके अलावा एनडीए में शामिल चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जिन 29 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, उनमें से 10 सीटों पर इसी चरण में वोटिंग होगी.

bihar voting
कई चर्चित चेहरों की किस्मत का फैसला भी पहले चरण में होगा. (Photo: ITG/File)

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने जिस मॉडल को हरियाणा की वोटर लिस्ट में दिखाया, वो और भी कहीं दिखी

सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच होगी वोटिंग

पहले चरण की 121 सीटों पर पिछले चुनाव के परिणाम की बात करें तो इनमें से 63 सीटें महागबंधन के खाते में गई थीं. वहीं एनडीए ने 55 सीटों पर जीत दर्ज की थी. बहरहाल चुनाव आयोग ने वोटिंग के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. बूथों पर निगरानी के लिए कैमरे भी लगाए गए हैं. वहीं बॉर्डर और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. आयोग लाइव वेबकास्टिंग के जरिए सभी बूथों की निगरानी करेगा. चुनाव आयोग ने मतदान को लोकतंत्र का त्योहार बताया है और लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की है. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: बिहार चुनाव में कौन सी 10 सीटें पलट देंगी पूरा गेम?

Advertisement