8 में 8 जीत... ICC रैंकिंग्स में भारतीय प्लेयर्स का दबदबा, टॉप पर शुभमन-सिराज!
Shubman Gill और Mohd Siraj ICC ODI rankings में टॉप पर पहुंच गए हैं. वनडे रैंकिंग्स में Rohit Sharma, Virat Kohli भी टॉप 10 में हैं.

आईसीसी की ताज़ा जारी की गई रैंकिंग में भारतीय ओपनर शुभमन गिल (Shubman Gill) नंबर 1 बैट्समैन बन गए हैं. गिल ने पाकिस्तान के कप्तान बाबार आजम को पीछे छोड़ते हुए वनडे में अपनी बादशाहत कायम की है. यही नहीं, अभी और सुनिए. भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) भी वनडे रैंकिंग्स में नंबर 1 बन गए हैं. उन्होंने पाकिस्तान के पेसर शाहीन अफरीदी को पीछे छोड़ दिया है. यानी बल्लेबाज़ी से लेकर गेंदबाज़ी, भारत के प्लेयर्स ने पाकिस्तानियों को पछाड़ दिया है.
गिल और सिराज टॉप परबुधवार को जारी की गई आईसीसी रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम है. शुभमन गिल 830 रेटिंग पॉइंट्स के साथ टॉप पर पहुंच गए हैं. वहीं, बाबार आजम 824 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर हैं. बाबर काफी समय से वनडे रैंकिंग में नंबर वन पर बने हुए थे, लेकिन अब गिल ने उनकी बादशाहत छीन ली है. शुभमन गिल ने वनडे वर्ल्ड 2023 की 6 पारियों में दो हॉफ सेंचुरी की मदद से 219 रन बनाए हैं. वहीं बाबर ने इस विश्वकप में खेली 8 पारियों में 4 हॉफ सेंचुरी लगाकर 282 रन बनाए हैं.
मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजों की लिस्ट में पहला स्थान हासिल किया है. सिराज वनडे वर्ल्डकप 2023 के 8 मैचों में कुल 10 विकेट चटका चुके हैं. वहीं शाहीन अफरीदी वनडे रैंकिंग में 5वें स्थान पर फिसल गए हैं. शाहीन इस विश्वकप में कुल 16 विकेट ले चुके हैं. केशव महाराज और एडम जम्पा जैसा वर्ल्ड क्लास स्पिनर्स से शाहीन को पीछे छोड़ दिया है. वहीं, भारतीय फ़ैन्स के लिए एक और खुशख़बरी है. कुलदीप यादव इस लिस्ट में चौथे नंबर पर आ गए हैं. कुलदीप वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा को ज़रूरी ब्रेकथ्रू दिलाते रहे हैं.

भारतीय क्रिकेट टीम का इस विश्वकप में विजय अभियान लगातार जारी है. टीम इंडिया को इस वर्ल्डकप में अभी तक हार का मुंह नहीं देखना पड़ा है. खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. इसकी झलक वनडे रैंकिंग में भी देखने को मिल रही है. टीम के टॉप ऑर्डर ने आईसीसी की रैंकिंग में टॉप 10 में जगह बनाई है. गिल के अलावा रोहित और कोहली भी ICC वनडे रैंकिंग्स में पहले 10 खिलाड़ियों की लिस्ट में हैं. शानदार फॉर्म में चल रहे बैट्समैन विराट कोहली 770 रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर हैं. वहीं, भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा 739 रेटिंग लेकर 6वें नंबर पर हैं.
गेंदबाजों की लिस्ट में भी सिराज और कुलदीप के साथ भारतीय टीम के बाकी दोनों तेज गेंदबाजों ने भी जगह बनाई है. जसप्रीत बुमराह को एक रैंकिंग का नुकसान हुआ और वो आठवें पोजिशन पर चले गए हैं. वहीं, शानदार फॉर्म में चल रहे मोहम्मद शमी 635 रेटिंग के साथ 10वें नंबर पर काबिज़ हो गए हैं. और हां, ऑलराउंडर की लिस्ट में रविंद्र जडेजा 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
वीडियो: शमी सिराज की बोलिंग पर शोएब अख्तर का ट्वीट इंडियन फैंस को खुश कर देगा

