भारत में तो बहुत खिलाड़ी रन बनाते हैं, लेकिन बाहर बस एक दिखता है!
सचिन की तारीफ में बड़ी बात बोले लारा.
.webp?width=210)
सचिन तेंडुलकर. इंडिया के पूर्व स्टार प्लेयर. सचिन जब भी मैदान पर होते थे, लोगों को उनसे खूब रन बनाने की उम्मीद होती थी. और सचिन इन उम्मीदों पर कितने खरे उतरते थे, ये बात उनके आंकड़ों से प्रूव होती है. टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में सचिन के नाम सबसे ज्यादा रन हैं. लेकिन जो बात उन्हें सबसे अलग बनाती है, वो है उनका हर देश में जाकर रन बनाना.
और इसी बात पर वेस्टइंडीज़ के ग्रेट बैटर ब्रायन लारा ने फोकस किया है. फॉक्स स्पोर्ट्स से सचिन पर बात करते हुए लारा ने कहा,
‘मैं इंडियन बैटिंग में सचिन से पहले के समय के बल्लेबाजों को नीचा नहीं दिखा रहा हूं. उनके पास सुनील गावस्कर, मोहम्मद अजहरुद्दीन थे लेकिन जब आप इंडियन प्लेयर्स की इंडिया में बात करते हो, तो उनमें से कई ऐसे हैं जो आपके खिलाफ़ बहुत रन बनाएंगे. जब वो इंडिया से बाहर आएंगे, तब बहुत थोड़े ही होंगे जो वहां भी रन बनाएंगे और कंडीशन्स के अनुरुप ढल जाएंगे. ये पहली चीज़ थी जो मैंने सचिन में देखी थी.’
सचिन पर अपनी बात आगे रखते हुए लारा बोले,
‘नहीं फर्क पड़ता है कि आप उनको कहां लेकर जा रहे हैं, नहीं फर्क पड़ता कि गेंदबाज की गति कितनी है या फिर वो कितनी स्पिन करवा रहा है, उनके पास सब कुछ हैंडल कर लेने वाली तकनीक थी. मुझे लगता है कि इंडियन पब्लिक ने भी इसे पहचान लिया था. वो पाकिस्तान के खिलाफ उनका पहला टेस्ट मैच था, जहां उन्हें एक शॉर्ट बॉल से चोट लगी.
लेकिन वो उठे, शरीर से बहते खून के साथ बैटिंग की. ऐसे हाल में, जब सिर्फ इंडियन बैटर ही नहीं बल्कि दुनिया के ढेर सारे बल्लेबाज इलाज के लिए पविलियन चले जाते. मुझे लगता है कि उन्होंने काफी हिम्मत दिखाई.’
सचिन की और तारीफ करते हुए लारा ने कहा,
‘उनका टैलेंट, क्षमता और तकनीक बिल्कुल पिक्चर परफेक्ट था. वह अब तक के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक के रूप में उभरे. 16 साल की उम्र से, 24 साल का इंटरनेशनल क्रिकेटिंग करियर, ये बहुत कमाल का है.’
बताते चलें कि सचिन के नाम सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन हैं. उन्होंने 100 शतक, 164 अर्धशतक के साथ 34357 रन बनाए हैं.
सूर्यकुमार 100 के बाद मैक्सवेल जैसे दिग्गज से भी आगे निकल गए

