अहमदाबाद की फ्लाइट में ऐसा तोहफ़ा, भौचक रह गई पाकिस्तानी टीम!
होटल पहुंचकर भी सरप्राइज़ की कड़ी बनी रही. पीसीबी को इसे अपने ऑफिशियल हैंडल से शेयर करना पड़ा.

भारत वर्सेस पाकिस्तान (IndvsPak). सिर्फ क्रिकेटर्स नहीं, बल्कि दो देश इस मैच की तैयारी में जुटे हुए हैं. इंडियन क्रिकेट टीम अहमदाबाद पहुंच गई है. पाकिस्तानी प्लेयर्स भी हैदराबाद से निकलकर नरेन्द्र मोदी स्टेडियम के पास आ गए हैं और ट्रेनिंग शुरू कर दी है. पाकिस्तानी टीम को हैदराबाद से अहमदाबाद की फ्लाइट में जो देखने को मिला, उन्होंने सोचा नहीं होगा. और इसके बाद पाकिस्तानी प्लेयर्स का रिएक्शन भी देखने को मिला.
10 अक्टूबर को श्रीलंका को छह विकेट से हराने के बाद पाकिस्तानी टीम 11 अक्टूबर को अहमदाबाद के लिए निकली. पाकिस्तानी टीम ने निकलने से पहले राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम के क्यूरेटर और ग्राउंड स्टाफ की तारीफ़ की. हैदराबाद से पाकिस्तानी टीम को शानदार फेयरवेल मिला. उन्होंने विस्तारा की फ्लाइट ली, जिसमें टीम को एक ऐसा सरप्राइज़ मिला, जिसकी उन्होंने उम्मीद नहीं की थी. दरअसल फ्लाइट क्रू ने बाबर आजम की टीम को एक केक दिया, साथ ही एक स्पेशल कार्ड भी दिया.
इस कार्ड पर लिखा था,
‘35,000 फीट पर जश्न! कल सबसे बड़े चेज़ का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई. वर्ल्ड कप के लिए आप सभी को शुभकामनाएं.’
पीसीबी ने इस ख़ास जेस्चर का वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर भी पोस्ट किया है. पाकिस्तानी टीम का अहमदाबाद में भी अच्छा स्वागत हुआ. शहर के पश्चिमी हिस्से में आश्रम रोड पर स्थित टीम होटल में पाकिस्तानी प्लेयर्स का भव्य स्वागत किया गया. टीम बस को एयरपोर्ट से होटल तक सुचारु रूप से लाने के लिए रास्ते को क्लियर कर दिया गया था. बस के साथ पुलिस का काफिला भी था, जो बस के पूरे रूट में टीम की सिक्योरिटी का ख़याल रख रहा था.
ये भी पढ़ें - बाबर फ़ेल, विराट को ट्रोल करने की कोशिश में औंधे मुंह गिरा पाकिस्तानी!
पाकिस्तानी टीम के लिए ये पूरा होटल बुक कर दिया गया है. वर्ल्ड कप के लिए आए विदेशी प्लेयर्स को कड़ी सुरक्षा दी गई है. टीम का स्वागत पारंपरिक ट्रेडिशनल डांस से किया गया, साथ ही उन पर पीले गुब्बारों की बौछार भी की गई. स्वागत समारोह में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खादी की शॉल भी दी गई. लोकल डांसर्स ने गुजराती कपड़ों में वहां डांस किया. ढोल भी बजे. पाकिस्तानी टीम ने नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में प्रैक्टिस शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें - फ़ैन्स ने पाकिस्तान पर लगाया चीटिंग का आरोप, ICC के नियम क्या हैं?
भारत और पाकिस्तान का आख़िरी बार सामना एशिया कप 2023 में हुआ था. एक मुक़ाबला बारिश की वजह से हुआ नहीं, दूसरा भारत ने एकतरफा जीता. अहमदाबाद में 14 अक्टूबर को ये मैच होगा. रोहित शर्मा की टीम ने अब तक ऑस्ट्रेलिया और अफ़ग़ानिस्तान को हराया है. वहीं पाकिस्तान ने भी अपने दोनों मैच जीते हैं. वहीं बाबर की टीम नीदरलैंड्स और श्रीलंका को हरा चुकी है.
वीडियो: विराट कोहली और रोहित शर्मा की बल्लेबाजी देख पाकिस्तानी फैंस को इंडियन फैंस ने नसीहत दे दी!

