The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Netizens Question Imam-ul-Haq Catch To Dismiss Kusal Mendis, call it cheating in ODI World Cup

'पाकिस्तान बाउंड्री 'धकेल' रहा है...' फ़ैन्स ने लगाया चीटिंग का आरोप, ICC के नियम क्या हैं?

Kusal Mendis ने शानदार बैटिंग की. 76 बॉल में 122 रन बना चुके थे. फिर Imam-Ul-Haq ने Hassan Ali की बॉल पर शानदार कैच पकड़ा. कैच के बाद पाकिस्तान पर चीटिंग के आरोप क्यों?

Advertisement
pic
10 अक्तूबर 2023 (अपडेटेड: 10 अक्तूबर 2023, 11:37 PM IST)
Boundary pushed back against SL in ODI World Cup for Pak, Imam catch of Kusal creates controversy
पाकिस्तान के मैच में ही बाउंड्री क्यों शिफ्ट होती है? (फ़ोटो - एपी/ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पाकिस्तान वर्सेस श्रीलंका (PakvsSL). हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में वनडे वर्ल्ड कप का ये मैच खेला जा रहा है. इस मैच में पाकिस्तानी प्लेयर इमाम-उल-हक़ ने बाउंड्री पर एक शानदार कैच पकड़ा. हसन अली की बॉल पर कुसल मेंडिस (Kusal Mendis) आउट हुए. अंपायर ने कैच को क्लीन करार दिया. हालांकि, कई फ़ैन्स पाकिस्तान पर चीटिंग का आरोप लगाने लगे. लोगों का कहना है कि पाकिस्तान ने इस मैच में ही नहीं, पहले मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ़ भी यही किया था.

क्या है पूरा मामला?

29वां ओवर मीडियम पेसर हसन अली डाल रहे थे. कुसल मेंडिस धनाधन बैटिंग कर रहे थे. 158 की स्ट्राइक से ये बल्लेबाज़ 120 से ज्यादा रन्स बना चुका था और टीम को 218 तक पहुंचा चुका था. इस ओवर की तीसरी और चौथी बॉल पर मेंडिस हसन को छक्का मार चुके थे. अगली बॉल पर फिर वही अप्रोच. पर इस बार बॉल बाउंड्री के पास ही गिर रही थी, कुछ ज्यादा ही पास... इमाम-उल-हक़ दौड़कर आए, और उन्होंने गिरते हुए इस कैच को पकड़ा. इस कैच की तारीफ़ हुई, पर रिप्ले देखने के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की किरकिरी होनी लगी. क्यों? एक निशान की वजह से. कौन-सा निशान? बाउंड्री लाइन का.

ये भी पढ़ें - शुभमन गिल पाकिस्तान के खिलाफ़ मैच खेल पाएंगे? 

नीचे जो फोटो लगा रहे हैं, वो देखिए.

फ़ोटो - ICC

फ़ोटो में आपको साफ़-साफ़ एक लाइन दिख रही है. ये बाउंड्री रोप की लाइन है. और इसे पीछे कर दिया गया है. फ़ोटो में इमाम के कैच से ये बात भी साफ़ है, अगर बाउंड्री अपनी जगह पर होती, तो ये कैच छक्का होता. इसपर क्रिकेट फ़ैन्स का क्या कहना है, वो देखिए. शिवानी लिखती हैं,

‘मैं नहीं कह रही हूं कि उन्होंने ये जानबूझकर किया होगा, पर उन्हें एक बार और चेक कर लेना चाहिए था.’

अभिषेक ओझा ने लिखा,

इमाम-उल-हक़ चीटिंग कर रहे हैं? बाउंड्री रोप अपनी असल जगह से पीछे है. अगर वो अपनी असली जगह पर होती, तो ये छक्का था. ये क्या है ICC?

सिली पॉइंट नाम के यूज़र ने लिखा,

ऐसा नहीं हो सकता कि पाकिस्तानी फील्डर्स ने शाहीन और हसन अली को बॉलिंग करते देखा और बाउंड्री को पीछे खिसका दिया!

रतनीश नाम के यूज़र का सवाल,

पहली पिक्चर - पाकिस्तान वर्सेस नीदरलैंड्स
दूसरी पिक्चर - पाकिस्तान वर्सेस श्रीलंका

पाकिस्तान के मैच के दौरान की बाउंड्री रोप क्यों खिसक जाती है?

विशेष्ठा ने भी यही सवाल किया,

बाउंड्री रोप्स को उनकी असली जगह से क्यों पीछे कर दिया गया?

आरव ने सीधे चीटिंग का ही आरोप लगा दिया.

पाकिस्तानी फील्डर्स ने बाउंड्री रोप को पीछे ढकेल दिया. अगर बाउंड्री रोप अपनी जगह पर होती, कुसल मेंडिस नॉटआउट होते. पाकिस्तान ने चीटिंग की, शर्म आनी चाहिए.

ICT fan नाम के अकाउंट से भी आरोप के साथ ट्वीट आया.

ये पाकिस्तान वर्सेस नीदरलैंड्स मैच की फ़ोटो है. देखिए, फखर (ज़मां) पैर से बाउंड्री को पीछे धकेल रहे हैं. आज भी यही हुआ. जब इमाम-उल-हक़ ने कुसल का कैच पकड़ा.

शफ़क़त शब्बीर नाम के पाकिस्तानी फैन ने जवाब में लिखा,

ये बाउंड्री रोप वाला ड्रामा बंद करो. बाउंड्री को मैच से पहले ग्राउंड स्टाफ सेट करते हैं. अगर किसी पाकिस्तानी प्लेयर ने बाउंड्री को पीछे धकेलने की कोशिश की होती, तो अब तक उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाता.

शफ़क़त की बात में पॉइंट है. क्रिकेट के नियम कहते हैं कि अगर फील्डिंग करते वक्त बाउंड्री हिल जाए, तो उसे वापस उसकी जगह पर पहुंचा देना चाहिए. नीदरलैंड्स के खिलाफ़ पाकिस्तान के पहले मुकाबले में भी ये सवाल खड़े हुए थे. हालांकि, उस मैच में हिली हुई बाउंड्री रोप के आसपास कोई एक्शन नहीं हुआ था, इसलिए कोई बवाल नहीं हुआ था. पक्के तौर पर ये कह पाना मुश्किल है कि पाकिस्तानी प्लेयर्स ने बाउंड्री रोप को पीछे धकेला. पर फखर ज़मां के पैर वाली फ़ोटो पर फ़ैन्स जो सवाल खड़ा कर रहे हैं, उसपर आपकी क्या राय है? हमें कॉमेंट्स कर बताएं.     

ये भी पढ़ें - WATCH: स्लिप में खड़े फील्डर ने ऐसा कैच पकड़ा जो शायद ही आपने पहले देखा हो!

हम आगे बढ़ते हैं, और आपको मैच के बारे में बताते हैं. कुसल मेंडिस को आउट करने के तुरंत बाद हसन अली ने चरिथ असलंका को भी चलता किया. हालांकि, उसके बाद श्रीलंकाई पारी को सदीरा समरविक्रमा और धनंजय डी सिल्वा ने संभाला. समरविक्रमा ने अपना शतक पूरा किया और श्रीलंका ने 50 ओवर में 344 रन बना लिए. हसन अली ने 71 रन देकर चार विकेट झटके. चेज़ करने उतरी पाकिस्तान के लिए इमाम-उल-हक़ 12 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं.

वीडियो: इंडिया vs पाकिस्तान मैच में शुभमन गिल का ऐसा कैच ड्रॉप देख दंग रह जाएंगे!

Advertisement

Advertisement

()