The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IPL 2023 SRH brings pacer Fazalhaq Farooqi on a spinning pitch

इनिंग्स ब्रेक में सनराइजर्स ने की ये गलती, तभी तय हो गई थी हार!

पता नहीं क्या सोच रहे थे ब्रायन लारा.

Advertisement
pic
7 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 7 अप्रैल 2023, 12:02 AM IST)
SRH brings pacer Fazalhaq Farooqi on spinning pitch instead of leg spinner
सनराइजर्स हैदराबाद (फोटो - PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

IPL 2023 लखनऊ पहुंच गया. इकाना स्पोर्ट्स स्टेडियम में इस सीज़न का पहला मुकाबला खेला गया. लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) से सामने हैदराबाद के सनराइजर्स (SRH) थी. इस मैच की पहली पारी के ठीक बाद मेहमान टीम SRH ने कुछ ऐसी गलती की, जिससे उनकी हार तय हो गई थी! आप सोच रहे होंगे, कि बैटिंग ही ऐसी की, फिर जीतने की उम्मीद कैसी? पर एक तुरुप का इक्का था, जो SRH के लिए मैच बना सकता था. पर मौका दोगे, तब न!

कहानी का सार SRH की पहली पारी में छुपा हुआ है. काइल मेयर्स और जयदेव उनादकट ने केएल राहुल की टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई. पर सफलता तब मिली, जब बॉल कृणाल पंड्या के हाथ में आई. कृणाल ने पहले मयंक अग्रवाल और फिर अनमोलप्रीत सिंह को चलता किया. इसके ठीक बाद कृणाल ने SRH कैप्टन एडन मार्करम को भी चलता किया. पिच में शार्प टर्न था. और केएल राहुल ने रवि बिश्नोई-अमित मिश्रा की लेग स्पिनर्स की मिसाइल को SRH बल्लेबाज़ों पर छोड़ दिया. नतीजा, आप खुद देख लीजिए.

आठ ओवर, 39 रन, तीन विकेट. इसमें बिश्नोई ने 4 और मिश्रा जी ने 5.8 की इकनॉमी से बॉलिंग की. मिडल ऑर्डर और लोअर मिडल ऑर्डर के विकेट्स भी चटकाए. ट्विवर पर जाकर देखिए. जो भी मैच देख रहा था, एक ही बात कर रहा था. 'पिच में बहुत टर्न है. ग्रिप भी है. स्पिनर्स के लिए शानदार है ये पिच'.

20 ओवर में SRH ने 121 रन बनाए. T20 की भाषा में इसे 'सिर्फ' भी कहा जा सकता है. राहुल त्रिपाठी ने 35 और अब्दुल समद ने 21 रन बनाकर आखिर में टीम को फाइटिंग टोटल तक पहुंचाया. 2016 की चैम्पियन टीम फिर फील्डिंग करने उतरी. टीम मैनेजमेंट और कैप्टन ने बातचीत कर, सोच-समझकर इम्पैक्ट प्लेयर को लाने का फैसला लिया.

ये नाम था फ़ज़लहक़ फारूकी का. जी हां, SRH ऐसी पिच पर एक पेसर को लेकर आई. अब जो हम बताने जा रहे हैं, वो सुन शायद आप और चौंक जाएंगे. उनके इम्पैक्ट प्लेयर्स की लिस्ट में एक लेग स्पिनर भी था. मयंक मारकंडे. उनको यूज़ करती ये टीम तो शायद मैच में कुछ दिलचस्प हो सकता था. पर क्या पता, कौन सा पासा फेंकना चाहते थे ब्रायन लारा और उनकी टीम. SRH के लेगस्पिनर आदिल रशीद को भी पिच से फायदा मिला. रशीद ने LSG के कैप्टन केएल राहुल और फिर अगली ही बॉल पर खतरनाक बल्लेबाज़ रोमारियो शेफर्ड को चलता किया, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

अब एक पहलू और देखिए. SRH की कोचिंग टीम में मुथैया मुरलीधरन हैं. दुनिया के सबसे शानदार स्पिनर्स में से एक. अगर आप ऐसे दिग्गज़ की बात नहीं सुन रहे हैं, या ऐसा दिग्गज़ कंडीशन्स को सही से नहीं पढ़ रहा है, फिर तो ये SRH के लिए बहुत बड़ी चिंता की बात है. 

#मैच में क्या हुआ? 

मोटा मोटा तो हमने आपको बता ही दिया. अब रिवीज़न कर लेते हैं. टॉस जीतकर बैटिंग चुनकर SRH 121 तक ही पहुंच सकी. ओपनर अनमोलप्रीत सिंह ने 31, राहुल त्रिपाठी ने 35 और अब्दुल समद ने 21 रन बनाए. आखिरी ओवर में समद के दो छक्कों से SRH फै़न्स को थोड़ी उम्मीद मिली होगी. 

चेज़ करने उतरी LSG की टीम को मुश्किल हुई, ऐसा कहना गलत होगा. केएल राहुल और काइल मेयर्स ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े. राहुल ने 35 रन की पारी खेली. कृणाल पंड्या ने 34 रन बनाकर टीम को 100 के आंकड़े तक पहुंचाया. जो बचा था, निकोलस पूरन ने निपटा दिया. इस सीज़न ये SRH की लगातार दूसरी हार है.  

वीडियो: MS धोनी के बारे में ये आंकड़ा फ़ैन्स को पसंद नहीं आएगा

Advertisement

Advertisement

()