The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • inzamam ul haq resigns as chief selector of pcb amidst pakistan teams bad performance in cricket world cup

वर्ल्ड कप 2023 खत्म होने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट में हड़कंप, इंजमाम-उल-हक का इस्तीफा

PCB और खिलाड़ियों के बीच सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को लेकर वर्ल्ड कप से पहले मतभेद भी हुआ था.

Advertisement
pic
30 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 11:09 PM IST)
inzamam ul haq resigns as chief selector of pcb amidst pakistan teams bad performance in cricket world cup
बोर्ड और खिलाड़ियों के बीच चल रहे विवाद को लेकर PCB ने 30 अक्टूबर को 5 सदस्यीय फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है. (फोटो- ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पाकिस्तान क्रिकेट टीम का वर्ल्ड कप 2023 (World cup) में अब तक का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. टीम को अब तक सिर्फ दो ही जीत नसीब हुई हैं. टीम के खराब प्रदर्शन के बीच चीफ सेलेक्टर और पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. 30 अक्टूबर को इंजमाम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपना इस्तीफा सौंप दिया (Inzamam Ul Haq resigns).

बोर्ड-खिलाड़ियों में चल रहा टकराव

पाकिस्तान की क्रिकेट टीम ही नहीं, क्रिकेट बोर्ड में भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. इंजमाम-उल-हक पर निजी हित के लिए फैसले लेने का आरोप लगा है. इस कारण मामला और जटिल हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंजमाम क्रिकेटरों के एजेंट तल्हा रहमानी की कंपनी ‘याजो इंटरनेशनल लिमिटेड’ में शेयरहोल्डर हैं. रहमानी पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी का प्रतिनिधित्व करते हैं.

इतना ही नहीं, रहमानी की कंपनी में पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान सह-मालिक भी हैं. ये सभी खुलासे PCB और खिलाड़ियों के बीच सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को लेकर हुए मतभेद के बाद सामने आए हैं. 2023 वर्ल्ड कप से पहले ये विवाद बढ़ गया था. इसके बाद कई खिलाड़ियों ने बोर्ड से टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की बात भी कही थी. खिलाड़ियों की मांग थी कि ICC से बोर्ड को मिलने वाले पैसे में उनका हिस्सा भी हो.

बोर्ड और खिलाड़ियों के बीच चल रहे विवाद को लेकर PCB ने 30 अक्टूबर को 5 सदस्यीय फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है. कमेटी मीडिया में सामने आए टीम सेलेक्शन प्रोसेस से जुड़े विवाद और निजी हितों की जांच करेगी. कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट PCB मैनेजमेंट को सौंपेगी.

पाकिस्तान के लिए समीकरण

इस वर्ल्ड कप में अभी तक पाकिस्तान ने 6 मैच खेले हैं. जिनमें सिर्फ 2 में उसे जीत नसीब हुई है. टीम 4 प्वाइंट्स के साथ प्वाइंट्स टेबल में छठवें स्थान पर है. नेट रन रेट की बात करें तो वो -0.387 है. यानी टीम के सेमीफाइनल में सीधे पहुंचने की उम्मीद लगभग पूरी तरह से खत्म हो चुकी है. अब जो थोड़ी बहुत उम्मीदें बची हुई हैं उनके लिए उन्हें अपने प्रदर्शन के साथ-साथ दूसरी टीम्स के भरोसे भी रहना होगा.

पाकिस्तान के तीन लीग मैच बचे हुए हैं. पहले बांग्लादेश फिर न्यूजीलैंड और आखिर में इंग्लैंड के खिलाफ. इन तीनों मैच में पाकिस्तान को ना सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि काफी बड़े अंतर से मैचों को जीतना होगा. इससे उनका नेट रन रेट सुधरेगा. इन सभी मैचों को जीतने के बाद पाकिस्तान के 10 प्वाइंट्स ही होंगे. यानी टीम सीधे सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाएगी. ऐसे में उन्हें जरूरत होगी दूसरी टीम्स की.

पहला समीकरण ये है कि ऑस्ट्रेलिया या न्यूजीलैंड अपने बाकी बचे सारे मैच हार जाए. ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दोनों 4-4 मैच जीत चुकी हैं. अगर कोई भी टीम अपने सभी मैच हार जाती है तब उनके 8 प्वाइंट्स ही रह जाएंगे. ऐसे में पाकिस्तान अपने सभी मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी.

इसके साथ ही अफगानिस्तान की श्रीलंका पर जीत पाकिस्तान के लिए फायदेमंद है. अब पाकिस्तान की टीम ये मनाएगी कि अफगानिस्तान अपने बाकी मैच हार जाए. ताकि मौजूदा समय में टॉप-4 से बाहर मौजूद इन टीम्स से पाकिस्तान को कोई खतरा ना रहे. इसके अलावा पाकिस्तान की उम्मीदें अपने पड़ोसी मुल्क भारत पर भी टिकी हैं. पाकिस्तान उम्मीद करेगी कि इंडियन टीम बाकी बचे अपने तीनों लीग मैच जीत जाए.

(ये भी पढ़ें: ये 4 तिकड़म फिट हो गए तो पाकिस्तान तुरंत World Cup सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी!)

वीडियो: शामी, बुमराह की हो रही तारीफ़ लेकिन मैच की मैजिक बॉल कोई और डाल गया

Advertisement

Advertisement

()