जडेजा पर आरोप लगाने वाले ऑस्ट्रेलियंस थोड़ा दिमाग लगाना भूल गए!
CA को दिक्कत नहीं, फिर Fox क्यों चौधरी बन रहा?
.webp?width=210)
इंडिया वर्सेज़ ऑस्ट्रेलिया (Ind vs Aus). पहले टेस्ट मैच का पहला दिन. अगर आपने दिन का खेल मिस किया होगा, तो आप सोशल मीडिया पर कुछ हाइलाइट्स देखने पहुंचे होंगे. और इन हाइलाइट्स के बीच आपको दिखी होंगी रविंद्र जडेजा की कुछ वीडियोज़ या फोटो. जिसमें दिख रहा होगा कि वो अपनी उंगलियों पर कुछ लगा रहे हैं.
इन वीडियो/फोटो के बाद आपने इसकी सच्चाई जानने के लिए कुछ आर्टिकल पढ़े होंगे, वीडियोज़ देखी होंगी. और जाना होगा कि क्रिकइंफो के अनुसार, इंडियन मैनेजमेंट ने ऑस्ट्रेलिया की झूठी अफवाहों का पर्दाफ़ाश कर दिया है. इंडियन मैनेजमेंट ने ICC मैच रेफ्ररी एंडी पायक्रॉफ्ट को बताया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रविंद्र जडेजा अपने बोलिंग ऑर्म की पहली उंगली पर दर्द से राहत पाने के लिए क्रीम लगा रहे थे.
और अगर आपने क़रीब से देखा होगा तो समझ ही गए होंगे कि जडेजा के उसी हाथ में गेंद जरुर थी. लेकिन उन्होंने गेंद के साथ कुछ नहीं किया था. लेकिन ऑस्ट्रेलियन्स को इससे क्या, उन्हें रोने के लिए सब्जेक्ट तो चाहिए ही ना. तो ये वही सब्जेक्ट है और आज सिली पॉइंट में हम इसी सब्जेक्ट पर बात करेंगे.
आपने वीडियो देखी, सोशल मीडिया पर गोरों का रोना देखा. उनके कॉमेंट्स देखे. इंडियन टीम के ऑस्ट्रेलियन दौरे में अश्विन को गाबा बुलाने वाले टिम पेन याद ही होंगे? पेन ने जडेजा की ऐसी ही वायरल वीडियो पर कॉमेंट कर लिखा,
‘इंटरेस्टिंग’
इन गोरों के बीच पूर्व इंग्लिश प्लेयर भी घुसे. इंडिया के मामले में खूब बोलने वाले माइकल वॉन ने Fox Cricket के ट्वीट को क़ोट करते हुए ट्वीट किया,
‘वो अपनी स्पिनिंग फिंगर पर क्या लगा रहे हैं? पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा...’
जडेजा पर आरोप लगाने वाले गोरों ने ट्वीट करने से पहले पूरी वीडियो को ढ़ंग से देखा ही नहीं. देखे होते तो दिखता ही, कि जडेजा ने गेंद के साथ छेड़छाड़ नहीं की. पूरी वीडियो में वो अपनी उंगली पर मरहम लगा रहे थे. और पांच महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी पर मरहम की जरूरत पड़ने में चौंकने जैसा क्या है? जडेजा ने टीम के लिए पहली पारी में 22 ओवर फेंके थे, ऐसे में उंगली में दर्द होने के चांस तो बढ़ते ही हैं.
इतने लम्बे समय के बाद पहला इंटरनेशनल मुकाबला खेल रहे प्लेयर को शुरू में कुछ समस्या तो हो सकती है. और हम तो यहां सिर्फ लॉजिक की बात कर रहे हैं. इस लॉजिक के बीच रवि शास्त्री ने इन खामखा रोने वालों को सही जवाब दे दिया है. और इंग्लिश, ऑस्ट्रेलियन सबको बता दिया है कि इंडियन स्पिनर्स को आपको परेशान करने के लिए गेंद से छेड़छाड़ करने की जरुरत नहीं है.
रवि बोले,
‘मैंने इसके (वीडियो के) बारे में नहीं सुना. मैंने दो सवाल पूछे. ऑस्ट्रेलियन टीम के साथ कुछ समस्या थी? जवाब आया, नहीं. क्या मैच रेफरी गेम के बीच में आए? उनको इस बारे में बताया गया, उन्होंने सब कुछ क्लियर कर दिया, बात खत्म. हम किसी और के बारे में बात क्यों कर रहे हैं? मैच रेफरी बता देते अगर इस पर कोई एक्शन या कोई फैसला लेना होता. वो ये फैसला ले लेते. वैसे, इस ट्रैक पर आपको किसी चीज़ की जरुरत नहीं है. बॉल खुद टर्न होगी.’
रवि भाई की बात को आगे बढ़ाएं, तो क्रिकइंफो के अनुसार पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद, मैच रेफरी ने टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, रविंद्र जडेजा और टीम मैनेजर को ये वीडियो दिखाई. टीम ने अपना पक्ष रखा. और मामला साफ हो गया. अब मैदान के बाहर बैठे गोरे लोगों को जाने क्या समस्या है.
ऑस्ट्रेलियन प्लेयर्स ने तो कोई समस्या नहीं दिखाई. उनको कोई समस्या होती, तो वो शिकायत करते. जो कि उन्होंने नहीं की. ये बाहर बैठे ऑस्ट्रेलियंस अपनी टीम के दिमाग में शक डालने के अलावा कुछ नहीं कर रहे हैं. कभी खेले बिना पिच की शिकायत, तो कभी बिना टेंपर गेंद को टेंपर करने की बातें. इनका रोना बंद ही नहीं हो रहा. इन झुट्ठों को समझ ही नहीं आ रहा, कि मैच सोशल मीडिया पर नहीं, मैदान में खेला जाता है. और वहां हमारी टीम मस्त खेल रही है.
वीडियो: Ind vs Aus मैच में मोहम्मद सिराज की एक शानदार गेंद ने ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी!

