The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • West Bengal: Cooch Behar 10 kawadiya dead, several injured after van gets electrocuted

डीजे बज रहा था, फिर कांवड़ियों से भरे हुए ट्रक में करंट दौड़ गया, 10 कांवड़ियों की जान चली गई!

16 की हालत नाजुक है, जेनरेटर से शॉर्ट सर्किट हुआ, फिर हुआ हादसा!

Advertisement
pic
1 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 1 अगस्त 2022, 01:49 PM IST)
west-bengal-cooch-behar-kanwadiya-death
जलाभिषेक के लिए जाते समय ये घटना घटी | फोटो : ANI/ट्विटर
Quick AI Highlights
Click here to view more

पश्चिम बंगाल (West Bengal) के कूचबिहार (Cooch Behar) में रविवार, 1 अगस्त को एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां 10 कांवड़ियों की करंट लगने से मौत हो गई. ये लोग बंगाल के जलपेश इलाके के शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे.

आजतक से जुड़े अनुपम मिश्रा के मुताबिक, जिस पिकअप वाहन से कांवड़िये जा रहे थे उसमें डीजे लगा था, साथ ही गाडी में ही एक जनरेटर भी रखा हुआ था. जेनरेटर के वायर में शॉर्ट सर्किट होने से पूरे वाहन में करंट दौड़ गया. इससे पिकअप में सवार सभी कांवड़िये चपेट में आ गए. 10 की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 16 लोग जख्मी हो गए हैं. इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद पिकअप का ड्राइवर फरार है.

(और पढ़ें: कांवड़ियों पर फूल बरसाती, उनके पैर दबाती यूपी पुलिस पर पूर्व DGP बहुत कुछ याद दिला गए)

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, पिकअप वैन में कुल 27 लोग सवार थे. हादसे के बाद इनमें से 16 लोगों की हालत गंभीर है. इन सभी को जलपाईगुड़ी के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है.

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में कब हुआ कांवड़ियों के साथ हादसा?

कूचबिहार के माताभंगा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमित वर्मा ने मीडिया को घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया,

"आज रात करीब 12 बजे पिकअप वैन में करंट दौड़ा और घटना हो गई. घटना मेखलीगंज थाना क्षेत्र के धरला ब्रिज पर हुई. शुरुआती जांच से पता चल रहा है कि ये जेनरेटर (डीजे सिस्टम) की वायरिंग के कारण करंट फैला. इस वाहन में जेनरेटर पिछले हिस्से में लगाया गया था. घायलों को तुरंत चंगरबंधा के अस्पताल लाया गया. डॉक्टर्स ने 27 में से 16 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल रेफर किया. जबकि 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया.

आजतक की खबर के मुताबिक, एएसपी अमित वर्मा ने ये भी बताया कि पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया. वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी कांवड़िये कूचबिहार के सीतलकुची थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. सभी के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है.

वीडियो : शिव को कांवड़ से जल चढ़ाने की कहानी क्या है?

Advertisement

Advertisement

()