The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Uddhav Thackeray attacks on BJP after arrest of Sanjay Raut by ED

'राउत पर गर्व है, मुझे खत्म करने की साजिश हो रही है', बोले उद्धव ठाकरे

उद्धव ठाकरे ने कहा कि जो भी बीजेपी के खिलाफ बोलता है, उसे जेल में डाल दिया जाता है. उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति हो रही है.

Advertisement
pic
1 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 1 अगस्त 2022, 04:43 PM IST)
Uddhav Thackeray on Sanjay Raut
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे (फोटो- वीडियो स्क्रीनशॉट)
Quick AI Highlights
Click here to view more

शिवसेना सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) की गिरफ्तारी पर पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने कहा कि जो बीजेपी के खिलाफ बोल रहा है उसे जेल भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि असली शिवसैनिक कभी नहीं झुकेगा. पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे राउत की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार 1 अगस्त को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे. ठाकरे ने गिरफ्तारी को गलत बताते हुए कहा कि उन्हें संजय राउत पर गर्व है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) 31 जुलाई की देर रात मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत राउत को गिरफ्तार किया था.

वक्त हमेशा बदलता है- ठाकरे

उद्धव ठाकरे ने कहा कि बीजेपी ताकत का इस्तेमाल कर क्षेत्रीय पार्टियों को खत्म करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, 

“वक्त हमेशा बदलता रहता है. उनके बुरे दिन जरूर आएंगे. मरना मंजूर है लेकिन उनकी शरण में नहीं जाऊंगा. जब हमारा वक्त आएगा तो सोचिए आपका क्या होगा.”

शिवसेना अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी एक हिंदूवादी पार्टी को खत्म करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने आगे कहा, 

“सत्ता के घमंड में अभी बीजेपी ये सब कर रही है. आपके जो भी विचार हैं उसे जनता के सामने रखिए, हमारी जो सोच है हम रख रहे हैं. और जनता के ऊपर फैसला छोड़ देते हैं. इसे ही प्रजातंत्र कहते हैं. अगर आप ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई करते रहेंगे तो फिर प्रजातंत्र कहां है.”

ये भी पढ़ें- वो केस क्या है, जिसमें ED ने संजय राउत को अरेस्ट कर लिया है?

बीजेपी सरकार की हिटलर से तुलना

उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी सरकार की तुलना जर्मन तानाशाह हिटलर के कार्यकाल से की. उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हिटलर को लगता था कि वह जीत रहा है. हिटलर बम गिराता था. लेकिन एक ब्रिटिश कार्टूनिस्ट डेविड लो उसे एक्सपोज करता रहता था. उनके कार्टून का परिणाम बम से ज्यादा होता है. हिटलर ने उस कार्टूनिस्ट को जिंदा या मुर्दा लाने का आदेश दिया था. उन्होंने कहा कि तानाशाही के दौरान यही होता है.

ठाकरे ने कहा कि ये किस्सा उनके पिताजी बालासाहेब ठाकरे सुनाया करते थे. उन्होंने कहा, 

“जब तक लोग आपके गुलाम बने रहते हैं और वे आपके लिए उपयोगी होते हैं तो आपको अच्छे लगते हैं."

उनका इशारा एकनाथ शिंदे की तरफ था. उन्होंने कहा कि जो झुकने वाले थे वो हवा में चले गए. झुकनेवाला कभी शिवसैनिक नहीं हो सकता.

वीडियो: महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बयान पर घमासान, क्या बोले उद्धव, संजय राउत?

Advertisement

Advertisement

()