'ईरान अब परमाणु हथियार नहीं बनाएगा', ट्रंप बोले अब जाकर बात मानी
Trump claims on Iran War: डॉनल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने उनकी शर्त मानते हुए परमाणु हथियार बनाने से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं. उन्होंने ईरान के साथ अच्छी और पॉजिटिव बातचीत का संकेत दिया है. जबकि ईरान ने ऐसी किसी भी बातचीत से इंकार किया है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का दावा है कि ईरान उनकी शर्त मान गया है. उनका कहना है कि ईरान के साथ बातचीत सही दिशा में जा रही है और वो अब परमाणु हथियार नहीं बनाएगा. दी गार्डियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ उन्होंने कहा, ‘ईरान इस बात के लिए राज़ी हो गया है कि वो कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा. ईरान अब काम की बात कर रहा है. मैं पहले से ही ये नहीं कहना चाहता. लेकिन वो बात मान गए हैं.’
ट्रंप के इस बयान पर फिलहाल ईरान की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. इससे पहले भी जंग के बीच में ट्रंप कई दावे कर चुके हैं, लेकिन ईरान ने उनका खंडन किया था. 23 मार्च को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके उन्होंने लिखा,
‘मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले दिनों अमेरिका और ईरान में काफी अच्छी और पॉजिटिव बात हुई. इसका मकसद मिडिल ईस्ट में मिलिट्री टेंशन को पूरी खत्म करना है.’

इसके बाद से डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट और एनर्जी स्ट्रक्चर पर होने वाले सारे हमलों को 5 दिन के लिए टाल दिया था. ट्रंप ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि बातचीत के लिए ईरान का कॉल उनके पास आया था. उन्होंने सामने से फोन नहीं किया था. हालांकि, ईरान ट्रंप के दावों को झूठ बताता है. ईरान ने तर्क दिया कि वो पश्चिम एशिया में मौजूद पावर प्लांट को निशाना बनाने वाला था. इसी के डर से ट्रंप ने अपने कदम पीछे खींच लिए.
ये भी पढ़ें: ईरान से समझौता चाहते हैं डॉनल्ड ट्रंप! इजरायल के अफसरों का बड़ा दावा
जंग की मध्यस्थता पाकिस्तान करेगा?बीते दिन यानी 24 मार्च को चर्चा थी कि पाकिस्तान में यूएस और ईरान के बीच बातचीत हो सकती है. इस्लामाबाद में ईरान और यूएस के बड़े अधिकारियों को बुलाया जा सकता है. हालांकि, इस दावे पर वाइट हाउस ने मुहर नहीं लगाई थी. फिर थोड़ी देर बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस बात की पुष्टि कर दी. उन्होंने X पर लिखा,
‘पाकिस्तान मिडिल ईस्ट में युद्ध को खत्म करने के लिए चल रहे संवाद प्रयासों का स्वागत करता है. उनका पूर्ण समर्थन करता है. अमेरिका और ईरान की सहमति से पाकिस्तान दोनों देशों के बीच बातचीत की मेजबानी के लिए तैयार है.’
शहबाज शरीफ के इस पोस्ट को ट्रंप ने भी शेयर किया. जो इस बात की पुष्टि करता है कि पाकिस्तान में यूएस और ईरान की मीटिंग लगभग तय है. इस्लामाबाद इसकी संभावित जगह हो सकती है. हालांकि तारीख का ज़िक्र नहीं किया गया है.
वीडियो: दुनियादारी: अमेरिका-ईरान जंग का सीजफायर कराएगा पाकिस्तान?

.webp?width=60)

