सांसद ने खड़े होकर अस्पताल के डीन से टॉयलेट सीट साफ कराई, डीन थाने पहुंच गए, पता है फिर क्या हुआ?
Nanded Hospital के डीन से शौचालय साफ कराना एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना के सांसद हेमंत पाटिल को भारी पड़ गया. सफाई का Video वायरल हो गया. ये वही अस्पताल है जहां 48 घंटे में 31 लोगों की मौत हुई थी.

महाराष्ट्र के नांदेड़ के शंकरराव चव्हाण सरकारी मेडिकल कॉलेज में 48 घंटों के अंदर 31 मरीजों की मौत हुई थी. घटना पर बवाल मचा तो मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सांसद हेमंत पाटिल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अस्पताल में सुविधाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया. अस्पताल का गंदा टॉयलेट देखकर हेमंत पाटिल भड़क गए. उन्होंने तुरंत अस्पताल के डीन श्यामराव वाकोडे को बुलाया और उनसे टॉयलेट साफ करने को कहा. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और इस पर भी बवाल शुरू हो गया. सांसद के खिलाफ FIR लिख गई है.
आजतक से जुड़े कुंवर चंद मंडले की रिपोर्ट के मुताबिक गंदा टॉयलेट देख सांसद ने अस्पताल के डीन को सफाई के काम पर लगा दिया. इस दौरान सांसद हेमंत पाटिल ने खुद अस्पताल का शौचालय साफ करने के लिए पाइप से पानी डाला और डीन श्यामराव वाकोडे ने टॉयलेट की सीट साफ की. इस घटना के वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि डीन ब्रश से कमोड और वाइपर से फर्श को साफ कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- 24 घंटों में 24 मौतों के बाद 7 और जानें गईं
इस दौरान शिवसेना सांसद पाटिल ने मांग की कि 30 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच हुई मौतों के लिए अस्पताल के डॉक्टरों को जिम्मेदार ठहराया जाए और उन सभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए. उन्होंने कुछ मरीजों से बातचीत भी की. सांसद ने कहा कि उन्होंने डीन के शौचालय ब्लॉक का दौरा किया और देखा कि यहां गंदगी लगी हुई है. टॉयलेट महीनों से साफ नहीं हुए. हालांकि इससे पहले अस्पताल के डीन श्यामराव वाकोडे ने मौतों के लिए इलाज में लापरवाही के आरोपों को खारिज कर दिया था.
सांसद के जाते ही डीन ने पुलिस से क्या कहा?इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक शिवसेना के सांसद हेमंत पाटिल के नांदेड़ के अस्पताल से जाने के बाद डीन श्यामराव वाकोडे पुलिस के पास पहुंच गए. उन्होंने सांसद के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया. 4 अक्टूबर (बुधवार) को हुई इस FIR में पाटिल पर एक लोक सेवक के कर्तव्य में बाधा डालने और उसे बदनाम करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं.
डीन ने अपनी शिकायत में कहा है कि सांसद हेमंत पाटिल ने उनसे अस्पताल का टॉयलेट साफ़ करने को कहा, जिससे उनकी मानहानि हुई है. पुलिस ने पाटिल पर आपराधिक धमकी, मानहानि, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है.
ये भी पढ़ें:-पुलिस ने प्लेटफॉर्म से जाने को कहा तो बोला, 'तुम्हारे बाप का है', कोर्ट ने लंबा भेजा
वीडियो: लोकसभा चुनावों से पहले महाराष्ट्र में MVA टूटेगा?

