हैदराबाद: बिल्डिंग में आग लगने से 9 लोगों की मौत, गाड़ी की मरम्मत करते वक्त निकली थी चिंगारी
बिल्डिंग के कॉम्प्लेक्स में केमिकल का गोदाम बनाया हुआ था. वहीं से आग भड़की और ऊपर की मंजिलों तक फैलती गई.

हैदराबाद में नामपल्ली की एक बिल्डिंग में 13 नवंबर की सुबह अचानक आग (Hyderabad Building Fire) लग गई. बिल्डिंग के कॉम्प्लेक्स में रखे केमिकल के चलते आग तेजी से फैल गई. हादसे में नौ लोगों की मौत हो चुकी है. 10 लोगों को घायल हालत में रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती किया गया है.
खबर है कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है. ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला जा रहा है. अब तक 21 लोगों को रेस्कयू किया जा चुका है.
मामला बाजारघाट इलाके का है. ये घनी आबादी वाला रिहायशी इलाका है, जहां कई वर्कशॉप और स्मॉल स्केल इंजस्ट्री बनी हैं.
शुरुआती जांच में पता चला है कि ये आग गाड़ी की मरम्मत के दौरान लगी. हैदराबाद के सेंट्रल जोन के DCP वेंकटेश्वर राव ने मीडिया को जानकारी दी कि आग सुबह करीब साढ़े नौ बजे लगी. बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में एक कार की मरम्मत करते समय निकली चिंगारी निकलने की वजह से आग भड़की. वहां कई ड्रमों में एक केमिकल रखा हुआ था. सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं.
DCP ने बताया कि वहां रखा केमिकल एक ज्वलनशील रसायन है जो फाइबर-प्लास्टिक निर्माण में इस्तेमाल किया जाता है. देखते ही देखते आग बिल्डिंग की बाकी मंजिलों में फैल गई और नौ लोगों की मौत हो गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मरने वालों में चार पुरुष, चार महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. आग लगने की असल वजह और नुकसान की सीमा को लेकर कोई ठोस आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव ने घटनास्थल का दौरा किया.
हैदराबाद के ही शालीबंदा में एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भी आग लग गई. हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. मौके पर 30 अग्निशमन कर्मियों के साथ छह दमकल गाड़ियों को भेजा गया. तीन घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.

.webp?width=60)
