The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Himanta Biswa Sarma Assam Chief Minister says Dont need Miya votes for 10 years

‘मियां के वोट 10 साल तक नहीं चाहिए...', हिमंता बिस्वा सरमा ने खुलेआम इतनी बड़ी बात क्यों कह दी?

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ये भी बताया है कि वो कब 'चार' इलाके में रहने वाले 'मियां' लोगों का वोट लेने उनके दरवाजे पर जाएंगे?

Advertisement
pic
2 अक्तूबर 2023 (अपडेटेड: 2 अक्तूबर 2023, 02:34 PM IST)
Himanta biswa sarma Assam miya bayan
असम के सीएम ने साफ-साफ कहा कि 'मियां' उन्हें वोट ना दें | फाइल फोटो: इंडिया टुडे
Quick AI Highlights
Click here to view more

असम (Assam) के मुख्यमंत्री हैं हिमंता बिस्वा सरमा (CM Himanta Biswa Sarma). फिर अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं. बोले हैं कि उन्हें अभी ‘मुसलमानों’ के वोटों की जरूरत नहीं है. 1 अक्टूबर (रविवार) को उन्होंने कहा कि BJP को अगले 10 सालों तक 'चार' क्षेत्र के 'मियां' लोगों के वोटों की जरूरत नहीं है. हालांकि, सरमा ये भी बोले कि 'मियां' लोग उनका, पीएम नरेंद्र मोदी और BJP का समर्थन करते हैं और वे उन्हें वोट दिए बिना भगवा ब्रिगेड के पक्ष में नारे लगाना जारी रख सकते हैं. ‘मियां’ शब्द बंगाली भाषी मुसलमानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है. वहीं असम में ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियों के आसपास के रेतीले क्षेत्र को 'चार' क्षेत्र कहते हैं.

गुवाहाटी में एक कार्यक्रम में बोलते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा,

"BJP लोक कल्याण करेगी और वे (मियां) हमारा समर्थन भी करेंगे, लेकिन उन्हें हमें वोट देने की जरूरत नहीं है. हमारा समर्थन करने में कोई बुराई नहीं है. उन्हें हिमंता बिस्वा सरमा, नरेंद्र मोदी और BJP के लिए जिंदाबाद के नारे लगाने दीजिए."

ये भी पढ़ें:- ‘BJP, RSS का बजरंग दल से कोई रिश्ता नहीं’- हिमंता बिस्वा सरमा

मुख्यमंत्री ने आगे कहा,

"जब चुनाव आएगा, तो मैं खुद उनसे अनुरोध करूंगा कि वे हमें वोट न दें. जब आप परिवार नियोजन का पालन करेंगे, बाल विवाह रोकेंगे और कट्टरवाद छोड़ देंगे, तब आप हमें वोट दें. इन शर्तों को पूरा करने में 10 साल लगेंगे. हम अभी नहीं, उनसे 10 साल बाद वोट मांगेंगे."

हिमंता बिस्वा सरमा ने इस दौरान ये भी कहा कि उनके और भाजपा के पक्ष में मतदान करने वालों को दो या तीन से अधिक बच्चे नहीं पैदा करने चाहिए. सभी को अपनी बेटियों को स्कूल भेजना चाहिए, बाल विवाह नहीं करना चाहिए और कट्टरवाद छोड़कर सूफीवाद अपनाना चाहिए. सरमा के मुताबिक जब ये शर्तें पूरी हो जाएंगी तो वो 'मियां' लोगों से वोट मांगने 'चार' क्षेत्र जाएंगे. जब सीएम से इन क्षेत्रों में स्कूल ना होने की बात कही गई तो वो बोले कि जल्द ही उन इलाकों में स्कूल बनवाए जाएंगे. और BJP की सरकार समाज के सभी लोगों की भलाई के लिए काम करती है. इनमें 'चार' इलाकों में रहने वाले लोग भी शामिल हैं.

ये भी पढ़ें:-शरीयत पर कुछ बड़ा करने वाले हैं असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा?

वीडियो: हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी को मंदिर जाने की सलाह दी तो भूपेश बघेल ने ये चैलेंज दे दिया!

Advertisement

Advertisement

()