जंगल में कार के बोनट पर बैठकर शेरों का पीछा कर रहे थे, बुरा फंस गए
राजस्थान से गिर नेशनल पार्क घूमने गए थे.

जंगल के पास की बसावटों में अक्सर इंसान और जानवरों के बीच कॉन्फ्लिक्ट की खबरें आती हैं. आबादी वाले इलाकों में जानवरों के हमले में लोगों की जानें भी जाती हैं. कई बार जानवर इन बसावटों में आते हैं और वापस चले जाते हैं. लेकिन जब आप जानवरों को जानबूझकर परेशान करेंगे तो क्या होगा ये पता होना चाहिए. एक तो जंगली जानवर आप पर हमला कर सकते हैं. दूसरा, वही जो गुजरात के जूनागढ़ में कुछ लोगों के साथ हुआ है. गिर नेशनल पार्क इलाके में शेर को परेशान करने के आरोप में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
राजस्थान के रहने वाले हैं आरोपीआज तक से जुड़ीं गोपी घांघर की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ दिन पहले गुजरात के अमरेली का एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में तीन शेर नजर आ रहे हैं. और एक कार लगातार उनका पीछा कर रही है. इसमें एक शख्स कार के बोनट पर भी बैठा दिख रहा है. ये वीडियो करीब 15 दिन पुराना था. स्थानीय पुलिस ने वीडियो की जांच की. पता चला कि कार में 6 लोग थे. ये सभी राजस्थान से गिर जंगल घूमने आए थे.
जूनागढ़ वन विभाग ने बताया कि जिन तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई वे सभी राजस्थान के हैं. चीफ कन्जर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट आराधना साहू के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था. इन लोगों के खिलाफ रात के वक्त गैर-कानूनी तरीके से जंगल में घुसने और शेरों को परेशान करने के आरोप में केस दर्ज हुआ है.
गाड़ी रोकने पर प्रतिबंधगिर जंगल के पास गाड़ी रोकने या गाड़ी से उतरने पर रोक है. इसके अलावा जानवरों को परेशान करने, खाना खिलाने या नुकसान नहीं पहुंचाने के नियम हैं. पिछले महीने अमरेली के खांबा में रात के वक्त एक साथ 11 शेर देखे गए थे. ये शेर जंगल से गुजरने वाली सड़क पर आ गए थे.
ये भी पढ़ें- जिम कॉर्बेट पार्क में शराब पी रहे थे, बाघ ने हमला किया, तीन दिन बाद मिली लाश
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल गिर के इलाके में शेर के हमलों में चार बच्चों की मौत हुई थी. इसमें एक बच्चे की मौत 21 सितंबर को और बाकी घटनाएं नवबंर के महीने में हुई थी. वन विभाग ने इन हमलों के बाद गिर क्षेत्र से पकड़े गए 23 में से 13 शेरों को उनके आवास में छोड़ दिया था.
गिर नेशनल पार्क 258 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है. 2015 में यहां शेरों की संख्या 523 थी. अनुमान है कि अब यहां शेरों की संख्या बढ़कर 750 हो गई है. वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया था कि गुजरात में शेरों की आबादी बढ़ रही है लेकिन हमलों को इससे जोड़कर देखना जल्दबाजी होगी.
तारीख: जब जिम कॉर्बेट और सुल्ताना डाकू का आमना-सामना हुआ?

