The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • GTB hospital firing case accused killed patient wrongly identified

GTB अस्पताल फायरिंग: मृतक रियाजुद्दीन को 'गलती' से मार दिया, टारगेट सामने वाले बेड पर लेटा था

दिल्ली के GTB Hospital में मरीज रियाजुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, रियाजुद्दीन की हत्या गलत पहचान के चलते हुई. हमलावर किसी और को मारने आए थे.

Advertisement
pic
15 जुलाई 2024 (पब्लिश्ड: 10:45 PM IST)
2 shooters arrested (photo-aajtak)
रियाजुद्दीन की हत्‍या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया (फोटो-आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में 14 जुलाई को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई थी. इसमें अस्पताल में भर्ती एक मरीज की हत्या कर दी गई थी. अब जानकारी आ रही है कि इस हत्याकांड को ‘गलती’ से अंजाम दिया गया. बताया गया है कि हमलावर किसी और शख्स को मारने आए थे, लेकिन गोली किसी और पर चला दी.

आजतक के अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी की ये वारदात जीटीबी अस्‍पताल (GTB Hospital) के वार्ड नंबर 24 में हुई. यहां घुसकर हमलावरों ने रियाजुद्दीन नाम के एक मरीज को गोली मार दी थी. रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि शुरुआती जांच में पता चला है कि रियाजुद्दीन असल टारगेट था ही नहीं. हमलावरों ने गलत पहचान के चलते उन्हें मार डाला.

रिपोर्ट के मुताबिक अस्पताल में गोलीबारी गैंगवार का नतीजा थी. हमलावर रियाजुद्दीन के सामने वाले बेड पर भर्ती वसीम को मारने के लिए आए थे. लेकिन, हमलावरों ने पहचान में गलती कर दी और रियाजुद्दीन की हत्‍या कर दी, जिसका गैंगवार से कोई लेना-देना ही नहीं था. 

ये भी पढ़ें - दिल्ली के अस्पताल में दिन-दहाड़े मरीज की गोली मारकर हत्या, डॉक्टर्स ने हड़ताल की घोषणा की

रिपोर्ट के मुताबिक, वसीम, जिसे हमलावर मारने आए थे, वो एक अपराधी है और उसकी दुश्‍मनी हाशिम बाबा गैंग से चल रही है. इस बारे में वसीम ने खुद जानकारी दी है. वहीं, अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में चार हमलावर इमरजेंसी वार्ड से आते नजर आ रहे हैं. इस मामले में पुलिस ने दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने लोनी से शूटर फैज को पकड़ा है. वहीं दिल्ली के सीलमपुर से फरहान पुलिस गिरफ्त में आया है. 

आरोपी फैज ने बताया कि बादशाह खान उर्फ फहीम इस घटना का मास्टरमाइंड है. फैज के दो और भाई बादशाह खान से मिलते रहते हैं. सभी हाशिम बाबा के लिए काम करते हैं. उसने इस गोलीकांड की प्लानिंग के बारे में बताया,

“बादशाह खान ने हत्या के पहले बाबरपुर में अपने फ्लैट में मीटिंग की थी और 4 हमलावरों को टारगेट के बारे में बताया था. साथ ही हमलावरों को यह भी बताया गया था कि फायरिंग के बाद मौके से कैसे भागना है.”

रिपोर्ट के मुताबिक इस वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक आरोपी फैज ने दी थी. गोलीबारी के बाद मोइन खान और फैज लोनी में अपने घर पर आ गए थे. पुलिस के मुताबिक, हाशिम बाबा अभी तिहाड़ जेल में बंद है. वो उत्तर-पूर्वी दिल्ली का बड़ा गैंगस्टर है. हाशिम बाबा पर हत्‍या और लूट के दर्जनों केस दर्ज हैं.

वहीं, इस घटना के बाद GTB अस्पताल में दहशत का माहौल है. ऐसे में अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल पर जाने का एलान किया है. रेजिडेंट डॉक्टर्स असोसिएशन ने घोषणा की है कि 15 जुलाई से डॉक्टर्स हड़ताल करेंगे. अस्पताल में सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं ही दी जाएंगी.

वीडियो: CJI इलाहाबाद के दिनों को याद कर सीएम योगी ने कौन सा किस्सा सुनाया?

Advertisement

Advertisement

()