The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • four labours arrested one crore rupees theft baramati went to astrologer to find auspicious time

मुहूर्त निकलवा की थी एक करोड़ की चोरी, फिर चार महीने बाद पुलिस ऐसे धरा

आरोपियों को लगा था कि सही मुहूर्त में चोरी करने की वजह से वो पकड़े नहीं जाएंगे, लेकिन पुलिस ने चार महीने के बाद पकड़ लिया.

Advertisement
pic
22 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 22 अगस्त 2023, 11:32 AM IST)
four labours arrested one crore rupees theft baramati went to astrologer to find auspicious time
मुहूर्त निकालकर चुराए एक करोड़ रुपये (फोटो- आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

महाराष्ट्र (Maharashtra) के बारामती में चार अनोखे चोर पकड़े गए हैं. जिस तरह लोग शादी या किसी शुभ काम के लिए मुहूर्त निकलवाते हैं, उसी तरह ये चोर चोरी से पहले ज्योतिषी (Astrologer) से मुहूर्त निकलवाते थे. चार महीने पहले आरोपियों ने एक करोड़ रुपये की चोरी की थी. सोच रहे थे कि सही मुहूर्त में चोरी की है तो पकड़े नहीं जाएंगे. लेकिन अब सब के सब जेल में बंद हैं.

आजतक से जुड़े वसंत मोरे ने मामले पर रिपोर्ट तैयार की है. चोरी का मामला अर्बन ग्राम इलाके में देवकाटेनगर का है. 21 अप्रैल को रियल इस्टेट का काम करने वाले सागर शिवाजी गोफने के घर पर चोरी हुई. 

मजदूरी करते थे आरोपी

पुणे के SP अंकित गोयल ने आजतक को बताया,

आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसे. उन्होंने सागर की पत्नी तृप्ति गोफाने के साथ मारपीट की और उनके हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया. वो लोग एक फोन, 95 लाख रुपये कैश और 20 तोला सोना (करीब 11 लाख रुपये) चुराकर फरार हो गए.

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने जांच शुरू की. इलाके के CCTV फुटेज खंगाले गए. इंटेलिजेंस विभाग से भी मदद ली गई. पता चला कि आरोपी MIDC (Maharashtra Industrial Development Corporation) में मजदूर के तौर पर काम करते हैं.

ज्योतिषी को दिए आठ लाख रुपये

SP अंकित गोयल ने बताया,

आरोपियों ने डकैती डालने के लिए मुहूर्त निकाला था. वो लोग फलटन तालुका के अंदरुड गांव के ज्योतिषी रामचंद्र चव्हाण के पास गए थे. जानकारी है कि मुहूर्त निकालने के लिए ज्योतिष को आठ लाख रुपए दिए गए थे. मुहूर्त के हिसाब से ही चोरी की गई.

ये भी पढ़ें- 12 लाख चुराए, इंडिया टूर पर निकला, इंस्टाग्राम पर किस गलती ने पुलिस की लॉटरी निकाल दी?

पकड़े गए चार आरोपियों की पहचान सचिन अशोक जगधने, रायबा तानाजी चव्हाण, रवींद्र शिवाजी भोसले, दुर्योधन धनाजी जाधव और नितिन अर्जुन मोरे के तौर पर हुई हैं. पुलिस ने उनके पास से 76 लाख 32 हजार रुपये बरामद किए हैं. इसमें करीब 61 लाख रुपये कैश और 26 तोला सोना है.

वीडियो: 200 चोरी, 9 गिरफ्तारी! 25 साल तक चोरी कर करोड़पति बने आदमी की फ़िल्मी कहानी!

Advertisement

Advertisement

()