The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Conman Sukesh Chandrashekhar Luxury Cars bike auctioned to recover loan in Bengaluru delhi tihar jail

महाठग सुकेश चंद्रशेखर की लग्जरी गाड़ियां हो रहीं नीलाम, कितनी कीमत रखी गई?

सुकेश चंद्रशेखर की इन गाड़ियों में बीएमडब्ल्यू, रेंज रोवर, जगुआर, रोल्स रॉयस, लेम्बोर्गिनी जैसी महंगी कारें शामिल हैं. कब होगी नीलामी, कैसे खरीद सकते हैं? सब कुछ जानिए

Advertisement
pic
23 नवंबर 2023 (अपडेटेड: 23 नवंबर 2023, 10:13 AM IST)
Conman Sukesh Chandrashekars Luxury Car bikes auctioned to recover loan
सुकेश चंद्रशेखर की गाड़ियों को बेचकर मिलने वाले पैसे से लोन की भरपाई की जाएगी | फाइल फोटो: इंडिया टुडे
Quick AI Highlights
Click here to view more

सुकेश चंद्रशेखर, महाठग के नाम से चर्चित. अब उसकी गाड़ियां नीलाम होने जा रही हैं. उसकी 12 लग्जरी गाड़ियों की नीलामी 28 नवंबर को बेंगलुरु में की जाएगी. इस नीलामी से जो पैसा मिलेगा, वो विभिन्न संस्थानों को दिया जाएगा, ये वो संस्थाएं हैं जिनसे सुकेश ने करोड़ों रुपए लिए थे, लेकिन कभी लौटाए नहीं.

कितनी रकम की भरपाई होनी है?

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक नीलामी प्रक्रिया से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि सभी वाहनों की नीलामी से जो रकम आएगी. उससे उस लोन की भरपाई की जाएगी, जो सुकेश चंद्रशेखर ने कई संस्थानों से लिया था. अधिकारी के मुताबिक अब सुकेश पर कुल बकाया रकम 300 करोड़ रुपए से ज्यादा हो गई है. अधिकारी ने आगे बताया कि सुकेश के इन वाहनों को 2018 में तमिलनाडु और केरल सहित देश के विभिन्न हिस्सों से जब्त करके बेंगलुरु लाया गया था. ये वाहन अच्छी स्थिति में हैं.

एक से एक महंगी गाड़ियां

बेंगलुरु में सुकेश की जिन वाहनों की नीलामी की जाएगी, उनमें 11 चार पहिया वाहन शामिल हैं. ये गाड़ियां हैं- बीएमडब्ल्यू एम-5, रेंज रोवर, जगुआर एक्सकेआर कूप, इनोवा क्रिस्टा, निसान टीना, पोर्श, टोयोटा फॉर्च्यूनर, बेंटले, रोल्स रॉयस, लेम्बोर्गिनी और टोयोटा प्रेड. इसके अलावा सुकेश की एक महंगी 'डुकाटी डियावेल' बाइक भी नीलाम की जाएगी. नीलामी में गाड़ियों की शुरुआत कीमत 2 लाख से लेकर 2 करोड़ रुपए तक रखी गई है.

ये भी पढ़ें:-'जैकलीन और नोरा ने मुझसे 2 करोड़ के गिफ्ट लिए', सुकेश की चिट्ठी मिली

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार, 22 नवंबर को आम जनता को इन गाड़ियों का निरीक्षण करने की इजाजत दी गई. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बोली लगाने से पहले इन्हें देखने पहुंचे. आयकर विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक लोगों को वाहनों का निरीक्षण करने की अनुमति दो दिनों तक और दी जाएगी.

इस समय कहां है सुकेश चंद्रशेखर?

महाठग सुकेश चंद्रशेखर इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है. उस पर करोड़ों रुपये की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं. सुकेश पर रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों की पत्नियों के साथ ₹200 करोड़ की धोखाधड़ी करने का आरोप है. आरोप है कि उसने इन महिलाओं से कानून मंत्रालय का अधिकारी बनकर मुलाकात की थी. उनसे वादा किया था कि 200 करोड़ रुपए के बदले वो उनके पतियों को जमानत दिलवा देगा. सुकेश के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी जांच कर रहा है.

ये भी पढ़ें:- कैसे सबको बेवकूफ बनता था? कहानी सबसे बड़े ठग सुकेश चंद्रशेखर की

वीडियो: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर ठग सुकेश चंद्रशेखर ने क्या दावा किया?

Advertisement

Advertisement

()