The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • chandrayaan 3 landed successfully but these politicians made goof up

चंद्रयान-3 की परफेक्ट लैंडिंग पर इन नेताओं के बयान बुरी तरह क्रैश!

कोई बोला चंद्रयान धरती पर सकुशल आएगा. तो किसी ने चंद्रयान के पैसेंजर्स को सलाम किया.

Advertisement
pic
24 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 24 अगस्त 2023, 06:41 PM IST)
chandrayaan 3 landed successfully but these politicians made goof up
चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग के बारे पूछे जाने पर राजभर ने कहा कि जब कल चंद्रयान सकुशल धरती पर आ जाएगा तो उसका स्वागत पूरे देश को करना चाहिए. (फोटो- ट्विटर, आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) के चांद की सतह पर उतरने के बाद से हर तरफ से भारतीयों को बधाई संदेश आ रहे है. दुनियाभर के नेता, अभिनेता, वैज्ञानिक, लेखक, खिलाड़ी सब भारत की तारीफ कर रहे हैं. चंद्रयान-3 की लैंडिंग की खुशी इतनी है कि लोग खुशी में ‘कुछ भी’ बोलने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं. किसी की जुबान फिसल रही है. तो कोई जानकारी के अभाव में बयान दिए दे रहा है. इनमें देश के कुछ नेता भी शामिल हैं. चंद्रयान-3 की लैंडिंग तो परफेक्ट रही. पर इन नेताओं के बयान ठीक से लैंड नहीं कर पा रहे हैं.

चंद्रयान-3 पर नेताओं के बयान क्रैश

एक बयान दिया उत्तर प्रदेश के विधायक और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के कर्ता-धर्ता ओपी राजभर ने. चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग के बारे पूछे जाने पर राजभर ने कहा कि जब कल चंद्रयान सकुशल धरती पर आ जाएगा तो उसका स्वागत पूरे देश को करना चाहिए. राजभर ने आजतक से बात करते हुए बताया,

“मैं भारत के उन वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं जिन्होंने दिन-प्रतिदिन रिसर्च करके एक नई खोज की. जिस चंद्रयान-3 की बात की जा रही है, इसके लिए हम उनको बधाई देते हैं. कल जब चंद्रयान सकुशल धरती पर आएगा, उसका स्वागत पूरे देश को करना चाहिए.”

चंद्रयान-3 की लैंडिंग पर बोलते हुए पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की जुबान फिसल गई. दरअसल, वो चंद्रयान पर बोलते हुए एक किस्सा साझा कर रही थीं. बोलते-बोलते ममता बनर्जी अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा का नाम लेना चाह रही थीं. पर उनकी जुबान से फिल्म डायरेक्टर राकेश रोशन का नाम निकल गया. ममता ने कहा,

“मुझे अभी भी याद है जब राकेश रोशन चांद की सतह पर उतरे थे. इंदिरा गांधी ने उनसे पूछा था कि भारत वहां से कैसा लगता है?”

बहरहाल चांद से भारत कैसा दिखता है ये तो चंद्रयान-3 ही बखूबी बता सकेगा. हमें तो उसी का इंतजार है. इंतजार में तो एक और नेता हैं. राजस्थान के खेल मंत्री. नाम है अशोक चांदना. उनको चंद्रयान-3 में गए पैसेंजर्स की वापसी का इंतजार है. जी हां, पैसेंजर्स का!

चांदना ने चंद्रयान-3 की सफलता के बारे में बोलते हुए कहा,

“हम सफल हुए और हमने सेफ लैंडिंग की. मैं चंद्रयान-3 के सभी पैसेंजर्स को सलाम करता हूं.”

चांदना जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में खेलो इंडिया सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे. उन्होंने ये भी कहा कि देश विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान में एक कदम आगे बढ़ गया है, इसके लिए वो सभी देशवासियों को बधाई देते हैं.

(ये भी पढ़ें: Chandrayaan-3: अब चांद पर क्या होगा? साउथ पोल ही क्यों चुना? ISRO प्रमुख ने सब बताया) 

वीडियो: चंद्रयान 3 ने लैन्डिंग के बाद चांद की पहली तस्वीर भेजी, ISRO के वैज्ञानिकों ने क्या बताया?

Advertisement

Advertisement

()