The Lallantop

अगर कभी खून की जरूरत पड़ जाए तो इन 3 वेबसाइट्स का पता-ठिकाना पता होना चाहिए

इंश्योरेंस का धंधा चंगा सी. लेकिन सिर्फ पैसा सिक्योर कर लेने से हादसों का डर नहीं जाता. इसलिए इमरजेंसी में ब्लड की जरूरत पड़े तो ये वेबसाइट्स आपके बहुत काम आएंगी.

Advertisement
post-main-image
ब्लड अरेंज करने वाली वेबसाइट्स

जब तक जिंदा हैं, जिंदगी का पता नहीं. अगले कदम पर क्या होने वाला है कोई नहीं बता सकता. तभी तो इंश्योरेंस का धंधा चंगा सी. लेकिन सिर्फ पैसा सिक्योर कर लेने से हादसों का डर नहीं जाता. जिंदगी हर रकम से बड़ी है. इसलिए जिंदा रहने के लिए दूसरी जुगत लगानी पड़ती हैं. कहने का मतलब इंश्योरेंस के अलावा भी हेल्थ, मेडिकल ट्रीटमेंट वगैरा से जुड़ी अन्य जानकारियां होनी चाहिए. जैसे एक जानकारी हम देने जा रहे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

किसी दुर्घटना, बीमारी या इलाज की स्थिति में खून की जरूरत पड़ सकती है. इसके लिए अस्पतालों में ब्लड बैंक होते हैं. लेकिन जरूरी नहीं हर ब्लड ग्रुप का खून उपलब्ध हो. ऐसे में हम सभी आमतौर पर अपने करीबी दोस्तों और परिवार के लोगों का रुख करते हैं. इस काम में फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम, वॉट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स भी बहुत काम आते हैं. लेकिन अगर इन सारे तरीकों से भी बात नहीं बने तो क्या करें? हम आपको तीन ऐसी वेबसाइट्स का पता-ठिकाना बताते हैं जो इमरजेंसी में ब्लड उपलब्ध करवाने में मदद करेंगी.

e-Raktkosh

भारत सरकार का उपक्रम. मुसीबत में ब्लड की जरूरत है तो सबसे पहले इस वेबसाइट का रुख कर सकते हैं. वेबसाइट का यूजर इंटेरफेस बहुत ही आसान है. बहुत सारी बेसिक जानकारी भी यहीं से मिल जाती है. मसलन, कौन सा ब्लड ग्रुप किस ब्लड ग्रुप को डोनेट कर सकता है और कौन सा रिसीव कर सकता है. लॉगिन करते ही आप अपनी जरूरत के हिसाब से डोनर सर्च कर सकते हैं. इतना ही नहीं, बल्कि नजदीक के ब्लड बैंक की लोकेशन भी यहीं से मिल जाती है. अगर कोई व्यक्ति Thalassemia जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है, जिसमें बार-बार खून बदलना पड़ता है तो उसके लिए भी इसी वेबसाइट पर निवेदन किया जा सकता है.

Advertisement
e-Raktkosh
फ्रेंड्स टू सपोर्ट (friends2support)

वेबसाइट का नाम है friends2support.org. इस पर आपको ब्लड ग्रुप, देश, राज्य और शहर जैसे फिल्टर मिल जाते हैं. आगे बढ़ने से पहले एक जरूरी बात. वेबसाइट इस काम के लिए कोई पैसा चार्ज नहीं करती है. इसलिए अगर कोई डोनर आपसे पैसे की मांग करता है तो अलर्ट रहें. वापस आते हैं वेबसाइट पर. जिस ब्लड ग्रुप की तलाश है, उसको सिलेक्ट करके बाकी ऑप्शन चुन लीजिए. वेबसाइट आज की तारीख में भारत के साथ नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश सहित कई देशों में अपनी सर्विस मुहैया कराती है.  

ऑप्शन फिल करने के बाद ओके करते ही उस इलाके के रक्तदाताओं की पूरी लिस्ट और उनके कॉन्टैक्ट नंबर्स सामने आ जाते हैं. आप खुद इनसे बात कर सकते हैं और रक्तदान के लिए अनुरोध कर सकते हैं. इतना ही नहीं, अगर आपको लगता है कि वेबसाइट पर दी गई जानकारी फर्जी है या फिर किसी किस्म की धोखाधड़ी हो रही है, तो आप यहीं से इसकी रिपोर्ट भी कर सकते हैं.

friends2support
Paytm Health

पेमेंट ऐप Paytm भी मुसीबत में ब्लड अरेंज करने में मदद कर सकता है. ऐप के अंदर Paytm Health में ब्लड बैंक का ऑप्शन मिल जाता है. लोकेशन इनेबल करने से काम और आसान हो जाता है क्योंकि ऐप खुद से ही आसपास के रजिस्टर्ड ब्लड डोनर्स को स्क्रीन पर दिखाने लगता है. आप ऐप में दिख रहे दूसरे ऑप्शन जैसे लोकेशन, ब्लड ग्रुप और ब्लड कंपोनेन्ट के आधार पर भी डोनर को सर्च कर सकते हैं.

Advertisement
Paytm

ऊपर बताए तीनों प्लेटफॉर्म ब्लड उपलब्ध करवाने का कोई चार्ज नहीं लेते हैं. ऐसे में अगर कोई आपसे पैसे मांगता है तो सावधान रहें. एक बात और, ब्लड हमेशा रजिस्टर्ड सोर्स से ही लें. असुरक्षित ब्लड और बड़ी परेशानी बन सकता है.

वीडियो: सेहत: ब्लड प्रेशर ठीक रखने के लिए खाने में कितना नमक डालना चाहिए?

Advertisement