The Lallantop

वर्ल्ड कप 2023 के बाद कोचिंग छोड़ने वाले थे द्रविड़, लेकिन रोहित की ये बात सुन मन बदल लिया!

भारत ने साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. तब टीम के कोच राहुल द्रविड़ थे. द्रविड़ बतौर खिलाड़ी करियर में कभी कोई वर्ल्ड कप नहीं जीत पाए थे.

Advertisement
post-main-image
रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान थे. (Photo-Getty)

भारतीय टीम ने बीते साल 29 जून 2024 को टी20 वर्ल्ड कप जीता था. ये जीत कई लोगों के लिए खास थी. टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी थे जो कि पहले भी वर्ल्ड कप जीत चुके थे और उन्हें लंबे समय बाद फिर वो पल जीने का मौका मिला. वहीं कुछ के लिए यह पहला मौका था. टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ के लिए भी ये जीत काफी अहम थी, क्योंकि वो बतौर खिलाड़ी कभी वर्ल्ड कप नहीं जीत पाए थे. ये जीत उनके लिए कितनी खास थी, ये उनके सेलिब्रेशन से साफ जाहिर हो रहा था. राहुल को ये जीत शायद नसीब न होती, अगर उन्होंने रोहित शर्मा की बात नहीं मानी होती.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
रोहित ने राहुल द्रविड़ को मनाया

टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत ने 2023 में वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी. इस पूरे टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा था, लेकिन फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली थी. इस हार के बाद द्रविड़ बहुत निराश थे. वो टीम के कोच का पद छोड़ना चाहते थे और पूरा मन बना लिया था. हालांकि तब रोहित ने उन्हें एक आखिरी बार कोशिश करने के लिए मनाया. रोहित ने जियो हॉटस्टार से कहा,

राहुल भाई वर्ल्ड कप के बाद जाना चाहते थे, पर मैंने कहा कि छह महीने में एक और विश्व कप है. हम इतनी दूर आ गए हैं. चलो एक और मौका देते हैं. वह सहमत हो गए. मुझे बहुत खुशी है कि उन्होंने ऐसा किया. मुझे यकीन है कि अब उन्हें भी लगता है कि उन्होंने सही फैसला लिया.

Advertisement

यह भी पढ़ें - T20 वर्ल्ड कप जीत को याद कर भावुक हुई टीम इंडिया, रोहित ने कही दिल को छू लेने वाली बात 

द्रविड़ ने रोहित को कहा था शुक्र‍िया

T20 वर्ल्ड कप की जीत के बाद राहुल द्रविड़ ट्रॉफी हाथ में लेकर जोरदार सेलिब्रेशन करते दिखे. फैंस ने पहले कभी द्रविड़ को इस तरह सेलिब्रेट करते नहीं देखा था. द्रविड़ ने मैच के बाद रोहित को शुक्रिया कहा था. उनके मुताबिक रोहित की वजह से ही वो वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा बन पाए.  राहुल द्रविड़ ने मुंबई में आयोजित सम्मान समारोह में कहा,

रोहित का फोन उठाना और उसका यह कहना कि छह या आठ महीने में एक बार और कोशिश करते हैं. साथ मिलकर कोशिश करना बहुत बढ़िया रहेगा. मैं इसके लिए बहुत आभारी हूं क्योंकि मुझे बेहतरीन लड़कों के समूह के साथ काम करने का मौका मिला. सच में आभारी हूं और शायद यह मेरे जीवन में आए सबसे बेहतरीन फोन कॉल में से एक है.

Advertisement

राहुल द्रविड़ 2021 के आखिर में भारतीय टीम के हेड कोच बने थे. उनके हेड कोच रहते हुए टीम इंडिया 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची. 2023 में टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेला. बतौर कोच अपने आखिरी टूर्नामेंट में वो टीम को टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाकर गए. उनके बाद गौतम गंभीर को ये जिम्मेदारी दी गई, जो कि मौजूदा समय में भी टीम इंडिया के हेड कोच हैं.

वीडियो: रोहित शर्मा ने लव स्टोरी का किया खुलासा, पहली मुलाकात से प्रपोजल तक सबकुछ बता दिया

Advertisement