भारत ने पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया है. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले मैच में टीम इंडिया ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए एक पारी और 132 रनों से जीत दर्ज की. अश्विन ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई. दूसरी पारी में अश्विन ने पांच विकेट झटके और भारत को जीत दिला दी.
'बहुत मैच मिस किए है मैंने, पर...' - पहला टेस्ट जीतकर क्या बोले रोहित?
इंडिया ने जीत के साथ सीरीज़ का आगाज़ किया.


कैप्टन रोहित शर्मा ने भी मैच में शानदार बैटिंग की. 120 रन बनाकर रोहित ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. मैच के बाद रोहित ने कई पहलुओं पर बात की. उन्होंने अपनी इंजरी और ढेर सारे मैच मिस करने पर भी बात की है. रोहित ने कहा -
सीरीज़ के शुरुआत में ये जीत बहुत जरूरी थी. खुश हूं टीम के लिए ऐसा परफॉर्म कर पाया. इंजरी की वजह से मैंने कई टेस्ट मैच मिस किए, इस बात का दुख है. जब से टेस्ट कैप्टन बना हूं, सिर्फ दो टेस्ट खेल पाया हूं. इंग्लैंड में कोविड हो गया, साउथ अफ्रीका मिस कर गया, बांग्लादेश के खिलाफ फ्रीक इंजरी हो गई. पर इसके लिए मैं तैयार था.
रोहित ने आगे पिच और मैच पर बात की. उन्होंने कहा -
पिछले कुछ सालों में भारत में हम जैसी पिचों पर खेल रहे हैं, वहां आपको खुद को अप्लाई करना होगा और आपके पास रन्स बनाने के लिए प्लान होना चाहिए. मैं मुंबई में खेलते हुए बड़ा हुआ, जहां पिचेज बहुत घूमती हैं. आपको थोड़ी अलग बैटिंग करनी होती है, कदमों का इस्तेमाल करना होता है. आपको कुछ अलग कर बॉलर्स पर भी प्रेशर डालना पड़ता है. चाहे वो जैसे भी हो, स्वीप या रिवर्स स्वीप या अपने कदमों का इस्तेमाल करके.
रोहित ने आगे बताया, टीम इंडिया ने मैच कहां जीता. उन्होंने कहा -
पेसर्स के पहले दो ओवर ने ही हमें अच्छी शुरुआत दिला दी थी. दो रन पर दो विकेट - ऐसे मैच शुरू होता है, तो आप पहले ही बढ़त ले लेते हैं. विरोधी टीम पर तब से ही प्रेशर आ जाता है. हमें पता है हमारी स्पिन में बहुत क्वालिटी है. पर ऐसी पिच पर हमारे पेसर्स भी खतरनाक साबित हो सकते हैं.
# मैच में क्या हुआ?
मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया 177 रन पर आउट हो गई. वापसी कर रहे रविन्द्र जडेजा ने पांच विकेट चटकाए. रोहित शर्मा ने जवाब में कप्तानी पारी खेल 120 रन बनाए. उनके बाद अक्षर पटेल और जड्डू ने पचासा जड़ भारत को 400 तक पहुंचाया. यानी भारत के खाते में 223 रन की लीड आई.
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया 100 रन का आंकड़ा भी नहीं पार कर सकी. भारत ने कंगारू बल्लेबाज़ों को स्पिन के जाल में फंसाया. अश्विन ने पांच, जड्डू ने दो और अक्षर ने एक विकेट लिया. बचा-खुचा काम मोहम्मद शमी कर गए. शमी ने दो विकेट्स लेकर ऑस्ट्रलिया को 91 पर ऑलआउट कर दिया. चार मैच की सीरीज़ में भारत ने 1-0 की बढ़त ले ली है. दूसरा टेस्ट दिल्ली में 17 फरवरी से शुरू होगा.
वीडियो: Ind vs Aus नागपुर पिच पर बात करते हुए टीम इंडिया पर आरोप लगा गए रिकी पॉन्टिंग


















