The Lallantop

डियर रोहित फ़ैन्स, ये आर्टिकल मत पढ़ना!

रोहित के ये आंकड़े बहुत दर्द भरे हैं.

Advertisement
post-main-image
रोहित शर्मा T20 वर्ल्ड कप में लगातार नाकाम हो रहे हैं (एपी फोटो)

रोहित शर्मा. हिटमैन हैं. हाल ही में टीम इंडिया के कप्तान चुने गए. माना जाता है कि कप्तान आपका बेस्ट प्लेयर या फिर बहुत करिश्माई लीडर होता है. रोहित की लीडरशिप के बारे में प्लेयर्स अक्सर बात करते ही रहते हैं. इसलिए आज बात उनकी बैटिंग की.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रोहित को हिटमैन कहने/मानने वालों से रिक्वेस्ट है कि यहीं से लौट जाएं. आगे बहुत दुख, दर्द, पीड़ा, संत्रास, यातना मिलेगी.

# Rohit T20 World Cup Stats

रोहित शर्मा का बल्ला जब बोलता है, तो खूब बोलता है. और इसकी गवाही उनके स्टैट्स देते हैं. रोहित के नाम वनडे तक में दोहरे शतक हैं. और वह क्रिकेट इतिहास में एक से ज्यादा वनडे डबल सेंचुरी मारने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं. उनका दिन हो, तो बड़ी-बड़ी टीम्स रोहित के आगे नहीं खड़ी होना चाहतीं. लेकिन सवाल ये है कि रोहित क्रिकेटर हैं या मौसम?

Advertisement

क्योंकि क्रिकेटर्स से तो तमाम चीजों के कंसिस्टेंसी भी चाहिए ही होती है. जो कि रोहित की प्रोफाइल से एकदम गायब है. हां, अगर उल्टा देखेंगे तो निश्चित तौर पर आपको रोहित के प्रदर्शन में कंसिस्टेंसी दिखेगी. रन ना बनाने की कंसिस्टेंसी. या यूं कहें कि बड़ी टीम्स के खिलाफ फिफ्टी ना मारने की कंसिस्टेंसी.

अब इससे पहले आप 27 अक्टूबर की घटना दोहराएं. मैं खुद ही बता देता हूं कि हां, ठीक है रोहित ने कई कैच गिरने के बाद नीदरलैंड्स के खिलाफ़ फिफ्टी मारी थी. लेकिन मैं तो साल 2014 से लेकर अब तक की बातें करना चाहता हूं. क्योंकि यही तो साल था, जिसने भारत देश में कई बड़े बदलाव करा डाले. अरे घबराइए नहीं. मैं इन बदलावों में अपना ग्रेजुएशन नहीं जोड़ रहा, क्योंकि दैट वाज नॉट दैट बिग.

हां, तो अब शुरू करते हैं. तारीख थी 28 मार्च और जगह बांग्लादेश का शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम. रोहित ने बांग्लादेश के खिलाफ़ 44 गेंदों में 56 रन की पारी खेली. इसके बाद आया 2016 का वर्ल्ड कप. हैं जी, वही वाला जिसमें विराट कोहली को माता आ गई थीं. और उन्होंने पूरी दुनिया के बोलर्स को भूत बना दिया. इस वर्ल्ड कप में रोहित एक भी फिफ्टी नहीं मार पाए.

Advertisement

इसके बाद आया साल 2021. तारीख रही 3 नवंबर और जगह शेख ज़ाएद स्टेडियम, रोहित ने अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ 47 गेंदों में 74 रन की आतिशी पारी खेली. तक़रीबन पांचवें दिन रोहित के सामने आई नामीबिया. इस बार उन्होंने 37 गेंदों पर 56 रन ठोक दिए. और फिर आई. आप लोगों की याददाश्त में सबसे ताजा 27 तारीख. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में रोहित ने नीदरलैंड्स के खिलाफ़ 39 गेंद में 53 रन बनाए.

जी हां, ये हम सबके प्यारे हिटमैन की T20 वर्ल्ड कप में पिछली चार फिफ्टीज हैं. और ये चारों किनके खिलाफ़ आईं आपने देख ही लिया. और आप ये भी जानते हैं कि ये क्रिकेट खेलने वाले देशों में कहां खड़ी होती हैं. और आपको ये भी पता है कि वर्ल्ड कप में कितने देश खेलते हैं. और उन देशों का लेवल क्या है.

वैसे तो ये मेरा ओपिनियन शो है. लेकिन आज मैं कमेंट्स में आपके ओपिनियन पढ़ना चाहता हूं. मैं समझना चाहता हूं कि आपके प्रमुख बल्लेबाज AKA ओपनर के इस प्रदर्शन के दम पर आपकी टीम वर्ल्ड कप कैसे जीत पाएगी? जहां तक मैं समझ पाता हूं, ओपनर्स का काम टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना है. और ये अच्छी शुरुआत एक नींव जैसी होती है. जिस पर बड़ी-बड़ी इमारतें खड़ी होती हैं.

और हमारी नींव तो माशाल्ला चल रही है. हिटमैन का खिताब लिए घूम रहे रोहित शर्मा बीते चार वर्ल्ड कप में टॉप की टीम्स के खिलाफ़ एक फिफ्टी नहीं मार पाए हैं. अगर 2014 की वेस्ट इंडीज़ को टॉप टीम मान लें तो उनके नाम इस दौरान, टॉप टीम्स के खिलाफ़ एक फिफ्टी हो जाती है. इस दौरान कई दफा उनका स्ट्राइक रेट इतना कम रहा, कि रोहित खुद उसे पलटकर नहीं देखना चाहेंगे.

और यकीन जानिए कि इन सालों में उन्होंने 150 से ऊपर की स्ट्राइक रेट वाली सिर्फ पांच पारियां खेली हैं. और इन पांच में से तीन पिछले वर्ल्ड कप में अफ़ग़ानिस्तान, नामीबिया और स्कॉटलैंट के खिलाफ़ आई हैं. यानी ऐसा भी नहीं है कि हमारे हिटमैन चार्ज करने के चक्कर में आउट हो रहे हैं. ऐसा होता तो स्ट्राइक रेट वाला कॉलम कुछ और कथा कह रहा होता.

और ऐसा होता तो मैं ये कथा ना कह रहा होता. लेकिन यूं होता तो क्या होता वाली कथा तो कभी खत्म ही नहीं होती ना. और हम यहां कथा कहने तो आए नहीं. हम यहां आए थे आपको कुछ कड़वे सच बताने. और अब हम चलते हैं. अपना ध्यान रखिए, फिर मिलेंगे. शुक्रिया.

टीम इंडिया के ऐलान पर खिलाड़ियों का गुस्सा इस वजह से निकल रहा है

Advertisement