एबी डीविलियर्स. फोटो: PTI
IPL के मैच नंबर 10 को RCB ने 38 रनों से जीत लिया है. मैच में RCB के कप्तान विराट कोहली ने ऑएन मॉर्गन के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुने. ग्लेन मैक्सवेल ने ताबड़तोड़ 78, जबकि एबी डीविलियर्स ने उनसे भी तेज़ 76 रन ठोक दिए. चेपॉक के स्कोरबोर्ड पर आरसीबी 204 रन लगा चुकी थी. जवाब में केकेआर की टीम थोड़ा बहुत लड़ी लेकिन 166 रन ही बना सकी. इस जीत के बाद चेन्नई की विकेट को लेकर खूब चर्चा है. सभी जानने को बेकरार हैं कि आखिर चेपॉक की विकेट पर ऐसा क्या हो गया कि 204 रन बन गए. मैच में सबसे आला बैटिंग करने वाले एबी डीविलियर्स की ज़ुबानी ही जान लीजिए कि आखिर पिच में ऐसा क्या था. एबी डीविलियर्स ने कहा,
''मैं अच्छा खेला और खूब मज़ा भी किया. मैक्सी ने मेरे लिए चीज़ों को आसान कर दिया क्योंकि ऐसी विकेट पर खेल में आना आसान नहीं रहता जो धीमी हो गई हो. हालांकि विकेट दोनों तरह का बर्ताव कर रही थी.''
डीविलियर्स ने आगे कहा,
''आज ये 200 रन वाली विकेट नहीं थी लेकिन हां 170 के पार का स्कोर संभव था. मेरे खेल में सबसे खास बात ये थी कि मैं खुद के खेल का मज़ा ले रहा था. मेरा परिवार भी यहां पर है.''
हार के बाद KKR टीम के कप्तान ऑएन मॉर्गन का बयान भी आया है. उन्होंने कहा कि चेपॉक की विकेट ने उन्हें स्टम्प कर दिया है. मोर्गन ने कहा,
''बेहद गर्म दोपहर में ये पूरी तरह से RCB का गेम था. चेन्नई की विकेट ने मुझे स्टम्प कर दिया. इस विकेट को मैं सही तरह से नहीं माप पाया. इस विकेट पर जो भी खेला, उसने यही कहा कि ये बहुत बढ़िया खेल रही है. लेकिन RCB आज हमसे बेहतर खेली.''
उन्होंने वरुण चक्रवर्ती को पावरप्ले में एक और ओवर नहीं देने के सवाल पर कहा,
''नहीं, मैं उन्हें एक ओवर और नहीं देता. मैक्सवेल एक बढ़िया बल्लेबाज़ हैं लेकिन एबीडी को गेंद करने के लिए भी आपको उस एक ऑप्शन की ज़रूरत थी. हम पारी को रफ्तार देने में नाकामयाब रहे और खुद को ऐसी पोज़ीशन में पहुंचा दिया. जहां पर हमारे लिए सिर्फ आंद्रे ही कुछ कर सकते थे.''
हालांकि इस हार के बावजूद मॉर्गन को अब अपने आने वाले मैचों में मुंबई की विकेट से बहुत ज़्यादा उम्मीदें हैं. उन्होंने कहा कि वो वहां पर खेले जा रहे मैचों पर भी नज़र रख रहे हैं.