कोरोना वायरस के चलते IPL को अनिश्चितकाल के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. फोटो: PTI
रविन्द्र जडेजा, रविन्द्र जडेजा और रविन्द्र जडेजा...आईपीएल सीज़न 2021 के मैच नंबर 19 में मैच तो CSK और RCB के बीच था. लेकिन हर तरफ खिलाड़ी एक ही था रविन्द्र जडेजा. जब CSK की बैटिंग आई तो बल्ले से तूफान मचा दिया और जब बोलिंग आई तो गेंद से गर्दा उड़ा दिया. सुपर संडे के पहले डबल हेडर में जडेजा के कमाल के खेल से चेन्नई ने आरसीबी को 69 रनों से हरा दिया है. धोनी ने मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी और CSK ने बोर्ड पर 191 रन टांग दिए. शुरूआत में फाफ डू प्लेसी ने फिफ्टी, रुतुराज ने 33 रन बनाए. लेकिन लाइमलाइट तो जडेजा की पारी ही रही. जडेजा ने पारी के आखिरी ओवर में 37 रन बटोरे और 28 गेंदों पर 62 रनों की शानदार पारी खेली. जवाब में RCB की टीम पहले तीन ओवर में देवदत्त पड्डीकल के कंधों पर चलती दिखी. लेकिन इसके बाद तो सब आए-गए हो गए. पूरी टीम 20 ओवरों में सिर्फ 122 रन ही बना सकी. गेंदबाज़ी में भी जडेजा ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट निकाले और एक रन-आउट भी किया. इस जीत के साथ बेहतर नेट रनरेट की वजह से CSK पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. हालांकि इस हार के बाद RCB के कप्तान विराट कोहली बहुत ज़्यादा टेंशन में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि ये अच्छा है ये सब शुरुआत में ही हो गया. अब हम इससे सीख लेकर आगे बढ़ सकते हैं. विराट कोहली ने कहा,
''हमें इसे एक पॉज़ीटिव की तरह देखना चाहिए. ये हार हमारे लिए बिल्कुल सही समय पर आई है. हमें ये समझना होगा कि चीज़ें कहां पर गलत हुईं. मुझे लगता है कि ये हमारी टीम के लिए एक पॉज़ीटिव फीडबैक की तरह काम करेगा. शुरूआती सीज़न में ही इस तरह का प्रदर्शन ठीक है.''
विराट कोहली ने दोनों टीमों के बीच रविन्द्र जडेजा को बड़ा फर्क बताया. उन्होंने कहा,
''हम मैच में ज़्यादातर मौकों पर बने हुए थे. लेकिन एक मौके ने हमसे मैच छीन लिया. जड्डू ने अपनी स्किल्स दिखाईं और हमसे मैच छीनकर ले गए. आप ये कह सकते हैं कि हमें एक खिलाड़ी ने हरा दिया.''
आखिरी ओवर में 37 रन खाने वाले हर्षल पटेल पर विराट ने कहा,
''हम उन्हें(हर्षल) आगे भी ज़िम्मेदारी देते रहेंगे. आप देख सकते हैं उसने दोनों सेट बल्लेबाज़ों के विकेट निकाले और उनसे मोमेंटम छीन लिया था. हमें इसे सही तरह से लेना चाहिए. जो कुछ हुआ उसे पीछे छोड़कर उससे सीखना चाहिए.''
CSK के खिलाफ मैच में एक बार फिर से RCB के नंबर तीन पर सवाल उठे. वाशिंगटन सुंदर को नंबर तीन पर भेजने वाला दांव आज भी नहीं चला. विराट ने इस पर कहा,
''हम आगे भी नंबर तीन पर बाकी खिलाड़ियों का इस्तेमाल करते रहेंगे. क्योंकि हमारे पास बाद में मैक्सी और एबी मौजूद हैं. इसलिए हम अपनी डेप्थ का सही इस्तेमाल करना चाहते हैं.''
RCB की टीम भले ही CSK के खिलाफ मैच हार गई. लेकिन इस सीज़न उन्होंने शानदार शुरूआत की है. RCB ने अब तक पांच में से चार मैच जीते हैं और उसके आठ पॉइंट्स हैं.