इस सदी में चेतेश्वर पुजारा से ज्यादा दर्द ऑस्ट्रेलिया को किसी ने ना दिया होगा
सचिन, द्रविड़, लारा, कैलिस... सब छूटे पीछे.
Advertisement

चेतेश्वर पुजारा राहुल द्रविड़ के बाद भारत के दूसरे ऐसे बल्लेबाज़ हैं जिन्होंने तीसरे नंबर पर 5000 से ज़्यादा रन बनाए हैं. फोटो: AP
चेतेश्वर पुजारा. टीम इंडिया की नई दीवार. ऑस्ट्रेलिया में पिछली टेस्ट सीरीज जीत के हीरो. पुजारा क्रीज पर होते हैं तो बोलर्स को चौके खाने में भी एक्स्ट्रा मेहनत करनी पड़ती है. एकदम धैर्य के साथ अपना वक्त लेकर खेलने वाले पुजारा की इस स्टाइल पर जोक्स भी बहुत बनते हैं. लेकिन उनकी यह स्टाइल लगभग हर बार बेहतरीन रिजल्ट देकर जाती है. एडिलेड में चल रहे पहले टेस्ट में भी पुजारा ने यही किया. डे-नाइट टेस्ट की तीसरी ही बॉल पर क्रीज पर आए पुजारा ने लंबे वक्त तक एक छोर थामकर रखा. अंत में वह दिन के 50वें ओवर में आउट हुए. आउट होने से पहले पुजारा ने 160 गेंदें खेली और 43 रन बनाए. इस पारी में सिर्फ दो चौके थे. अब आप सोच रहे होंगे कि हम ये बातें क्यों कर रहे हैं?
इस सदी में अब तक कुल 86 विदेशी बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया में 10 या उससे ज्यादा टेस्ट पारियां खेली हैं. इनमें पुजारा का डिस्मिसल रेट सबसे बेहतर रहा है. डिस्मिसल रेट को मोटे तौर पर ऐसे समझ सकते हैं कि कोई बल्लेबाज आउट होने से पहले कितनी गेंदें खेलता है. पुजारा ऑस्ट्रेलिया में आउट होने से पहले कम से कम 144 गेंदें खेलते हैं. इस मामले में उनके बाद पूर्व श्रीलंकाई बल्लेबाज कुमार संगकारा का नंबर आता है. संगकारा ऑस्ट्रेलिया में आउट होने से पहले कम से कम 117 गेंदें खेलते थे. 113.5 गेंदों के साथ तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के अज़हर अली हैं. लगभग 112 गेंदों के साथ चौथा नंबर साउथ अफ्रीका के जैक्स कालिस के पास है. लगभग 111 गेंदों के साथ राहुल द्रविड़ पांचवें नंबर पर हैं. इतना ही नहीं पिछले एक दशक में पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा गेंदें भी खेली हैं. साल 2010 में डेब्यू करने वाले पुजारा ने इस एक दशक में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 28 पारियों में 3609 गेंदें खेली हैं. दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के जो रूट हैं. रूट ने 46 पारियों में 3607 गेंदें खेली हैं.
मैच की बात करें तो दिन के दो सेशन खत्म होने के बाद टीम इंडिया ने तीन विकेट खोकर 107 रन बना लिए हैं. विराट कोहली 39 और अजिंक्य रहाणे दो रन बनाकर खेल रहे हैं.
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement






















