The Lallantop

थला धोनी को बैटिंग करते देखने जुटे इतने लोग, बन गया बड़ा रिकॉर्ड!

धोनी मैजिक का ये रिकॉर्ड देखा?

Advertisement
post-main-image
धोनी की बैटिंग देखने जियो सिनेमा पर जुट गए 2.2 करोड़ लोग (स्क्रीनग्रैब)

महेंद्र सिंह धोनी. वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में से एक. धोनी दो साल पहले इंटरनेशनल को अलविदा कह चुके हैं. लेकिन इससे उनके स्टेटस पर कोई फ़र्क नहीं पड़ा है. लोग अब भी उनके दीवाने हैं. और हर साल IPL के साथ धोनी का फैनडम बड़ा होता जा रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

IPL2023 में तो धोनी की दीवानगी चरम पर दिख रही है. हर मैच में धोनी की बैटिंग से नए रिकॉर्ड्स बन रहे हैं. IPL2023 के 17वें मैच के दौरान भी एक कमाल हुआ. चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए इस मैच के दौरान धोनी बैटिंग पर आए. और उनके आते ही IPL के डिजिटल ब्रॉडकास्टर जियो सिनेमा पर मैच देखने वालों की संख्या रिकॉर्ड 2.2 करोड़ तक पहुंच गई.

# Dhoni Record Live Viewers

अपने घर में दूसरा मैच खेल रही CSK 113 रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी. और फिर धोनी बैटिंग करने आए. धोनी के आते ही दर्शकों की संख्या में अभूतपूर्व उछाल देखने को मिला. धोनी ने CSK की इनिंग्स का कंट्रोल लेने की कोशिश की. और टीम को जीत की ओर ले भी गए, लेकिन अंत में वह मैच फिनिश नहीं कर पाए.

Advertisement

धोनी 15वें ओवर में बैटिंग के लिए उतरे. उस वक्त चेन्नई को जीत के लिए पांच ओवर्स में 63 रन चाहिए थे.धोनी और जडेजा ने मिलकर मैच बचाने की कोशिश की. लेकिन राजस्थान के स्पिनर्स ने चेपॉक की पिच का सही इस्तेमाल किया. और धोनी-जडेजा को बांधकर रखा. बाद में धोनी ने अपने जलवे दिखाए. और उसी वक्त जियो सिनेमा ऐप पर दर्शकों की संख्या ने दो करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. इस सीजन पहली बार इतने सारे लोगों ने एक साथ जियो सिनेमा पर कोई मैच देखा.

धोनी इस मैच में अपने पुराने टच में दिखे. उन्होंने सिर्फ़ 17 गेंदों पर 32 रन बनाए. उनकी इस पारी में एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे. धोनी के साथ जडेजा भी नाबाद लौटे. जड्डू ने अपनी पारी में 15 गेंदें खेलीं. और इन गेंदों पर 25 रन बनाए. उनकी पारी में एक चौका और दो छक्के शामिल रहे. हालांकि चेन्नई ये मुकाबला तीन रन से हार गई.

Advertisement

साल 2014 के बाद चेन्नई की चेपॉक में यह सिर्फ़ चौथी हार है. राजस्थान से पहले यहां पर चेन्नई को सिर्फ़ मुंबई की टीम हरा पाई थी. मुंबई ने साल 2015 में एक बार और साल 2019 में दो बार चेन्नई को चेपॉक में हराया है. 2019 के बाद चेन्नई की टीम पहली बार अपने घर में खेल रही है. और यहां खेले गए दो मैचेज में से उन्हें एक में जीत मिली है. टीम ने IPL2023 के अपने पहले होम मैच में लखनऊ सुपरजाएंट्स को हराया था.

वीडियो: एमएस धोनी को चेपॉक में पहली बार एंट्री लेते देख दंग रहे गए विदेशी

Advertisement