पृथ्वी शॉ. दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर. शॉ ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कमाल कर दिया. 155 का पीछा कर रही दिल्ली कैपिटल्स के लिए शॉ ने सिर्फ 41 गेंदों पर 82 रन कूट डाले. शिवम मावी द्वारा फेंके गए पारी के पहले ही ओवर में शॉ ने छह चौके जड़ दिए. और फिर सिर्फ 18 गेंदों पर फिफ्टी भी मार दी. शिखर धवन के साथ शॉ ने 132 रन की पार्टनरशिप की. वह 146 के टोटल पर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए. बाद में शॉ को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए शॉ ने कहा,
'ईमानदारी से कहूं तो मैं कुछ भी नहीं सोच रहा था. मैं सिर्फ लूज बॉल का इंतजार कर रहा था. मुझे पता था कि शिवम मुझे कहां बॉल करेगा. हमने चार-पांच साल तक एज-ग्रुप क्रिकेट एकसाथ खेली है. हां, मैं शॉर्ट बॉल के लिए तैयार था. मैंने सोचा था कि एक तो हेलमेट पर आएगी ही, लेकिन उसने नहीं फेंकी.'
शॉ ने विकेट के बारे में भी बात. उन्होंने कहा कि स्पिनर्स की बोलिंग के वक्त गेंद रुककर आ रही थी. शॉ ने कहा,
'मुझे ऐसा लगा कि इस विकेट पर जब स्पिनर बोलिंग कर रहे थे, गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी और नैचुरली यह ऑफ साइड की ओर जा रही थी. इसलिए मैं इंतजार कर रहा था कि वे मुझे ऑफ या आउटसाइड ऑफ में बोलिंग करें और मैं अपने हाथ फ्री कर पाऊं. जब मैं सोचता हूं कि मैं अच्छे टच में हूं तो मैं स्कोर के बारे में नहीं सोचता.'
शॉ की बैटिंग देख लोग लगातार विरेंदर सहवाग को याद कर रहे थे. ट्विटर पर तो सहवाग ट्रेंड भी हो रहे थे. इस बारे में शॉ से भी सवाल करने पर उन्होंने कहा,
'जब मैं बैटिंग करता हूं, मैं खुद की परवाह नहीं करता, मैं सिर्फ अपनी टीम की जीत चाहता हूं. नहीं, हमने अभी तक बात नहीं की है, लेकिन अगर मुझे मौका मिला तो मैं वीरू सर से बात करूंगा. मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया टूर पर ड्रॉप होने के बाद मेरे पिताजी ने मुझे काफी सपोर्ट किया. उन्होंने मुझसे कहा कि मैं अपना नेचुरल गेम खेलूं. उन शब्दों ने मेरे लिए एक टार्गेट सेट किया और मैंने अपने लिए खूब मेहनत की. क्रिकेट में निश्चित तौर पर ग्राफ ऊपर और नीचे जाएगा.'
बता दें कि शॉ का KKR के खिलाफ कमाल का रिकॉर्ड है. उन्होंने इस टीम के खिलाफ पांच मैचों में चार पचासे जड़े हैं. इस पारी के बाद अब उनके नाम IPL 2021 में 269 रन हो गए हैं. इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर चल रहे शॉ ने यह रन 165 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं.