The Lallantop

असम पुलिस से बच रहे पवन खेड़ा का वीडियो सामने आया, सीएम हिमंता से अब क्या सवाल पूछ लिए?

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक बार फिर से रिनिकी भुइयां सरमा के पासपोर्ट को लेकर सवाल उठाए हैं. पवन खेड़ा ने किसी अनजान जगह से वीडियो रिकॉर्ड करके हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि मामले में जवाब देने के बजाय उनको डराने की कोशिश की जा रही है.

Advertisement
post-main-image
पवन खेड़ा ने हिमंता बिस्वा सरमा पर धमकाने का आरोप लगाया है. (एक्स)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने 8 अप्रैल को असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां के विदेशों में पासपोर्ट और निवेश से जुड़े आरोपों पर सवाल उठाए और अग्रिम जमानत के लिए तेलंगाना हाईकोर्ट में अर्जी दी।
  • पवन खेड़ा ने दावा किया है कि रिनिकी भुइयां की कंपनी के कार्यालय के पते लंदन, दुबई और ढाका में हैं, जबकि उन्होंने पहले मिस्र और एंटीगुआ एंड बारबुडा के पासपोर्ट रखने का भी आरोप लगाया था।
  • रिनिकी भुइयां ने आरोपों को खारिज कर असम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस टीम 7 अप्रैल को पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर पूछताछ के लिए पहुंची थी, जबकि 8 अप्रैल को खेड़ा ने जमानत की अर्जी भी लगाई।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने 8 अप्रैल को एक बार फिर से असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के कथित पासपोर्ट और विदेशी इन्वेस्टमेंट को लेकर सवाल उठाए हैं. पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री आरोपों का जवाब देने के बजाय उनको डराने में लगे हुए हैं. इसके साथ ही उन्होंने तेलंगाना हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी भी लगाई है.

Advertisement

पवन खेड़ा ने एक अज्ञात जगह से वीडियो रिकॉर्ड किया है. कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसको शेयर किया गया है. वीडियो में पवन खेड़ा ने कहा, 

हमारी पार्टी ने आपसे (हिमंता बिस्वा सरमा) केवल कुछ सवाल पूछे थे. आप हमें चुप क्यों कराना चाहते हैं? हमने सवाल पूछे हैं. हमें जवाब दीजिए. जवाब देने के बजाय आप सब पर गालियां बरसा रहे हैं. आपने मेरे पीछे पुलिस को लगा दिया है. मैं उनसे डरता नहीं हूं. लेकिन उनसे बच रहा हूं क्योंकि मुझे आपसे सवाल पूछते रहना है.

Advertisement

कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के चीफ खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां पर अमेरिका के व्योमिंग स्टेट में रजिस्टर्ड एक कथित कंपनी को लेकर फिर से सवाल उठाए हैं. उन्होंने दावा किया,

कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राइमरी एड्रेस के तौर पर लंदन का पता है. वहीं दो और एड्रेस दुबई और ढाका के हैं.

पवन खेड़ा ने बताया कि ब्रिटेन सरकार के रिकॉर्ड के मुताबिक, कंपनी का लंदन वाले एड्रेस का लिंक 'भुइयां प्रॉपर्टीज लिमिटेड' से भी है. कांग्रेस नेता ने इसके पहले रिनिकी भुइयां सरमा के पास मिस्र और एंटीगुआ एंड बारबुडा के पासपोर्ट और यूएई का गोल्डन वीजा रखने का आरोप लगाया था. इन आरोपों को दोहराते हुए उन्होंने पूछा, 

Advertisement

क्या आपने (रिनिकी भुइयां) या आपके एजेंट ने या फिर आपके परिवार के किसी मेंबर ने इन फर्जी कंपनियों को खोलने और प्रॉपर्टीज खरीदने के लिए नकली केवाईसी डॉक्यूमेंट्स का इस्तेमाल किया? इसका पता केवल जांच होने पर ही चल सकता है. लेकिन आप जांच कराने के बजाए हमको डराने धमकाने में जुटे हैं. 

पवन खेरा ने 5 अप्रैल को रिनिकी भुइयां सरमा पर कई पासपोर्ट रखने और विदेशों में प्रॉपर्टीज बनाने का आरोप लगाया था. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी ने इन आरोपों को झूठा बताकर खारिज किया है. 

रिनिकी भुइयां ने असम पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है. इसके आधार पर असम पुलिस की एक टीम 7 अप्रैल को पूछताछ के लिए खेड़ा के नई दिल्ली स्थित आवास पर गई थी. लेकिन उस दौरान खेड़ा घर पर नहीं थे. इस बीच खबर आई है कि 8 अप्रैल को पवन खेड़ा ने अपने खिलाफ दर्ज मामले में अग्रिम जमानत के लिए तेलंगाना हाई कोर्ट में अर्जी दी है. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: दिल्ली नहीं मिले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, तो सीएम हेमंता ने क्या कहा?

Advertisement