The Lallantop

Smile Enhancement Surgery कराना आपकी मर्जी, लेकिन इसके खतरे जरूर जान लें

आज कल कई लोग स्माइल एन्हांसमेंट सर्जरी करवाना चाहते हैं. हालांकि ये सबकी पर्सनल चॉइस है. लेकिन इस सर्जरी के बारे में सब कुछ जान लेना जरूरी है. जैसे, किसे ये सर्जरी नहीं करवानी चाहिए और इसमें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए. डॉक्टर से जानिए इन सब सवालों का जवाब.

Advertisement
post-main-image
क्या होती है स्माइल एन्हान्समेंट सर्जरी?

आजकल अलग-अलग तरह की कॉस्मेटिक सर्जरी काफ़ी चलन में हैं. कॉस्मेटिक सर्जरी यानी एक ऐसी सर्जरी, जिसकी मदद से इंसान अपना हुलिया बदल सकता है. अब कोई चीज़ चलन में है, सब करवा रहे हैं पर इसका मतलब ये नहीं कि वो आपके लिए भी सेफ़ है. 

Advertisement

हमारे व्यूअर नारायण. 35 साल के हैं. डायबिटिक हैं. वो स्माइल एन्हांसमेंट सर्जरी करवाने के बारे में सोच सोच रहे हैं. ये सर्जरी उनके जबड़ों पर होनी है. वो जानना चाहते हैं कि स्माइल एन्हांसमेंट सर्जरी के रिस्क क्या हैं? इसे करवाने से पहले क्या बातें उन्हें पता होनी चाहिए? डॉक्टर से जानिए इन सारे सवालों के जवाब. हालांकि कॉस्मेटिक सर्जरी एक बहुत ही पर्सनल चॉइस है. हम इसपर कोई कमेंट नहीं करेंगे. पर ट्रेंड के चक्कर में कोई भी ऐसी सर्जरी न करवाएं, जो आपके लिए ख़तरा बन सकती है.

स्माइल एन्हांसमेंट सर्जरी क्या है?

 

Advertisement
(Dr. Mandeep Singh, HOD, Dermatology, Paras Health, Gurugram)
(डॉ. मनदीप सिंह, हेड, डर्मेटोलॉजी, पारस हेल्थ, गुरुग्राम)

जब आप मुस्कुराते हैं तब आपके होंठ, दांत और मसूड़ों पर फोकस जाता है. जो भी ऑपरेशन इनको 'खूबसूरत' बनाते हैं, उन सबको स्माइल एन्हांसमेंट सर्जरी कहा जाता है.

ये कैसे की जाती है?

जैसे होंठ पतले या मोटे किए जा सकते हैं. जिनके होंठ ज़्यादा अंदर की तरफ़ होते हैं, उनको सर्जरी करके बाहर निकाला जाता है. जिनके होंठ ज़्यादा बाहर होते हैं, उनको अंदर किया जाता है. वैसे ही अगर मसूड़े ज़्यादा या कम दिखते हैं, इनको ठीक करने के लिए भी सर्जरी की जाती है. दांत अगर टेढ़े हैं या सफ़ेद नहीं हैं तो दांतों का भी ट्रीटमेंट किया जाता है. अगर आपको दांत सही करवाने हैं तो डेंटिस्ट के पास जाना होगा. अगर होंठ सही करवाने हैं तो प्लास्टिक सर्जन के पास जाना होगा. इसके अलावा कभी-कभी जबड़े में बदलाव की ज़रूरत पड़ती है. तब मैक्सिलोफेशियल सर्जन के पास जाना चाहिए.

स्माइल एन्हांसमेंट सर्जरी के रिस्क

रिस्क हर चीज़ में होता है. हर सर्जरी के दो हिस्से होते हैं. ऑपरेशन से पहले दवाई दी जाती है ताकि प्रोसीजर आराम से हो सके. दवाई दो तरह की होती है. एक जिसमें शरीर के किसी हिस्से को सुन्न किया जाता है. दूसरी जिससे बेहोश किया जाता है. अगर आप सर्जरी करवाने जा रहे हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखें. उस हॉस्पिटल में सारी सुविधाएं उपलब्ध हों और डॉक्टर भी अनुभवी हो. किसी भी सर्जरी से पहले डॉक्टर से जरूर पूछें कि उस ऑपरेशन का उन्हें कितना अनुभव है. ये भी जानना जरुरी है कि डॉक्टर ने कितने ऑपरेशन किए हैं. उनके पिछले ऑपरेशन की किसी फोटो को देखें या किसी पुराने पेशेंट से बात करने की कोशिश करें. 

Advertisement

दूसरी जरुरी बात है: क्लिनिक जहां ये सर्जरी होनी है. देखें कि डॉक्टर के पास डिग्री है या नहीं, वो एक रजिस्टर्ड क्लिनिक है या नहीं. इसके अलावा वहां साफ़-सफाई है या नहीं, इस पर भी ध्यान देना जरूरी है. एक और जरूरी बात, डॉक्टर से एक बात जरूर पूछें. ऑपरेशन के वक़्त, पहले या उसके बाद अगर कोई समस्या होती है तो उस डॉक्टर का किस हॉस्पिटल के साथ टाई-अप है, ताकि इलाज में दिक्कत न आए. अगर ये सारी बातें नहीं पता करेंगे तो आपको दिक्कत हो सकती है. कई बार दिक्कत इतनी बढ़ जाती है कि मरीज की जान जा सकती है. कई बार सेफ और आसान सर्जरी में भी मरीजों को दिक्कत हो जाती है.

किन लोगों को ये सर्जरी नहीं करवानी चाहिए?

ये सर्जरी बच्चों को नहीं करवानी चाहिए. इसके अलावा जिनको कुछ बीमारियां हैं, उनको भी सर्जरी नहीं करवानी चाहिए. जैसे शुगर कंट्रोल में नहीं है, दांतों या जबड़ों की समस्या है. अगर आप ये सर्जरी करवाना चाहते हैं तो डॉक्टर से मिलकर सब कुछ बताएं. जैसे क्यों सर्जरी करवानी है और शरीर में कोई बीमारी तो नहीं है. अगर डॉक्टर की सलाह है कि सर्जरी सुरक्षित ढंग से की जा सकती है तभी करवाएं.

स्माइल एन्हांसमेंट सर्जरी के अपने रिस्क हैं. जैसा आपने डॉक्टर साहब से सुना, कुछ भी 19-20 हुआ तो मामला सीरियस हो सकता है. इसलिए डॉक्टर ने जो-जो बातें ध्यान में रखने के लिए कही हैं, उनपर गौर करिए. कोई भी ऐसी सर्जरी के चक्कर में न पड़ें जो आपके लिए रिस्की हो सकती है.

Advertisement