The Lallantop

कैंसर हुआ तो जीभ में लगाया जांघ का टिश्यू, अब उगने लगे बाल

महिला 9 साल तक जीभ के कैंसर से जूझी है.

Advertisement
post-main-image
आमतौर से इस तरह की सर्जरीज़ में हाथ के टिशू लिए जाते हैं, लेकिन कैमरन के हाथ पर पर्याप्त स्किन नहीं थी
US की एक महिला के जीभ पर बाल उग रहे हैं. महिला 9 सालों से कैंसर पीड़ित थीं. डॉक्टरों ने उनकी जीभ के एक हिस्से को ऑपरेट कर, उनके पैर का एक टिशू लगा दिया. लेकिन अब महिला का कहना है कि उनकी जीभ के उस हिस्से में बाल आ रहे हैं. महिला ने इस दावे के साथ टिकटॉक पर वीडियो भी बनाया है. क्या है पूरा मामला? अमेरिका के कोलोराडो की कैमरन वीक्स न्यूसोम. 42 साल की कैमरन 9 साल तक कैंसर से लड़ती रहीं. कैमरन ने न्यूज़फ़्लेयर
 से बात करते हुए बताया कि 2010 में सबसे पहले उन्हें जीभ पर सफ़ेद धब्बे हुए. धब्बे थे. कोई दर्द नहीं था. तो उन्होंने अपने डेंटिस्ट को दिखाया. उनकी बायोप्सी हुई और वाइट स्पॉट के आसपास के टिशूज़ को हटा दिया गया. साल भर बाद उन्हें फिर से जीभ पर वैसा ही एक स्पॉट दिखा. इस बार उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया और एक इन्टेंस बायोप्सी की गई. तब तक कैंसर का कोई संकेत नहीं था. डॉक्टर भी इन स्पॉट्स का कारण नहीं समझ पा रहे थे.
कुछ महीने और बीते तो कैमरन की जीभ सेंसेटिव और पीड़ादायक होने लगी. डेंटिस्ट ने किसी आशंकित इन्फेक्शन से बचने के लिए उन्हें कुछ एंटीबायोटिक्स दीं. लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. अब ये सफ़ेद धब्बे हल्के गुलाबी रंग के हो गए थे. यह ट्यूमर के संकेत थे. उन्हें टेस्ट्स और तीसरी बायोप्सी के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया.
आंख-कान-गला विशेषज्ञ को कंसल्ट किया गया. तब जाकर मालूम हुआ कि कैमरन जीभ के कैंसर के चौथे स्टेज पर हैं. इसे 'squamous cell carcinoma' भी कहते हैं.
न्यूज़ फ़्लेयर को कैमरन ने बताया,
"डायग्नोसिस के समय मेरा वज़न 3.5 किलो तक घट गया था, क्योंकि मैं कुछ खा और पी नहीं पा रही थी. पहले धब्बे से डायग्नोज़ होने में तीन साल लगे. जब डायग्नोसिस हुई तो मुझे लगा कि मुझे 'डेथ-सेंटेंस' मिल गया है, लेकिन मेरी पहली प्रतिक्रिया यही थी कि मैं इससे लड़ने के लिए तैयार हूं. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि ऐसा मेरे साथ क्यों हो रहा है. मैं 33 साल की थी और फ़िट थी."
9 साल की लड़ाई  मई 2013 में कैमरन का कैंसर डिटेक्ट हुआ था. तब उनका बेटा हडसन सिर्फ़ 5 साल का था. उन्होंने बताया कि वह समय उनके लिए बहुत कठिन था. वे कभी कुछ खा नहीं पातीं. खातीं तो उसका स्वाद नहीं पता चलता और कई बार तो ऐसा हुआ कि डाइनिंग टेबल पर ही वह फूट-फूट कर रोने लगतीं. उनके बाल झड़ने लगे.
इसके बाद उनकी तीन राउंड की कीमोथेरेपी शुरू हुई. कीमोथेरेपी सफल हुई और ट्यूमर एक बड़ी मात्रा में सिकुड़ गया. अब अगला हिस्सा ट्यूमर को पूरी तरह से हटा देना था.
कैंसर हॉस्पिटल
कैमरन की तीन राउंड की कीमो-थेरेपी हुई

इसके बाद उन्होंने देश के कुछ बेहतरीन ओरल सर्जेंस से मिलने और ऑपरेशन के लिए ह्यूस्टन में एमडी एंडरसन कैंसर सेंटर की कई यात्राएं की. कैमरन का ऑपरेशन हुआ ओरल और प्लास्टिक सर्जन ने साथ मिलकर कैमरन की जीभ के बाएं हिस्से को हटाया और उनकी जांघ के टिशू को हटाए हुए हिस्से की जगह लगा दिया.
कैमरन ने कहा,
"आमतौर से भी हाथ का टिशू लिए जाते हैं, लेकिन मैं केवल 5 फुट 2 इंच की हूं. तो मेरे हाथ पर पर्याप्त स्किन नहीं थी, जिसे हटाया जा सके. चूंकि मैं अपनी पूरी ज़िंदगी एक अथिलीट रही हूं, तो मेरी थाई की मसल स्वस्थ और पर्याप्त थी."
साढ़े नौ घंटे चला ये ऑपरेशन सफल हुआ और कैमरन को कुछ हफ़्ते ऑब्ज़रवेशन के लिए भर्ती ही रखा गया.
ऑपरेशन के लगभग 9 हफ़्ते तक कैमरन की रेडिएशन थेरेपी होती थी. ताकि कैंसर का कोई भी सेल जीवित न रहे. 6 महीने तक उन्हें आराम करने की हिदायत दी गई, जिस वक़्त उनके पति और बेटे ने उनकी मदद की.
पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद, कैमरन ने वापस जिम्नास्टिक इंस्ट्रक्टर की नौकरी जॉइन कर ली. हाल में उन्होंने टिक टॉक पर अपनी एक वीडियो शेयर की जहां वह सर्जरी के बारे में और बताती हैं. उसी एक वीडियो में उन्होंने बताया कि उनके जीभ के एक हिस्से पर बाल आ गए हैं.
अपनी वीडियो में उन्होंने कहा,
"जीभ के टिशूज़ रिप्लेस करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था. डॉक्टरों ने कहा कि मुझे ऐसा करना ही पड़ेगा, अगर मुझे एक सुचारू जीवन चाहिए. बिना जीभ के शायद मैं बोल भी न पाती."
कैमरन अब सोशल मीडिया पर कैंसर से जूझ रहे लोगों को गाइड करती हैं.

Advertisement
Advertisement