The Lallantop

टिक टॉक से फेमस हुआ वो इशारा जिसने एक लड़की की जान बचा ली

लड़की को किडनैप कर लिया गया था, घर से करीब चार सौ किलोमीटर दूर वो मिली.

Advertisement
post-main-image
कनाडा की एक विमेन फाउंडेशन ने हेल्प के इशारे वाला वीडियो जारी किया था, ये वीडियो टिक टॉक पर खासा वायरल हुआ था.
टिक टॉक... नाम तो याद है न... साल 2016 में लॉन्च होने के बाद इस चाइनीज वीडियो ऐप ने भारत समेत पूरी दुनिया में धूम मचाई थी. शॉर्ट वीडियो बनाने वाले इस प्लेटफॉर्म ने कई टिक टॉक स्टार भी दिये. हालांकि, जून 2020 में टिक टॉक समेत 59 चाइनीज ऐप्स को भारत में बैन कर दिया गया.
भारत में बैन के बाद भी दुनियाभर में सबसे ज्यादा डाउनलोड किए जाने वाले ऐप्स में टिक टॉक नंबर 1 पर बना हुआ है. अब अगर आप ये सोच रहे हैं कि हम आज टिक टॉक पुराण क्यों लेकर बैठ गए तो इसकी वजह है अमेरिका के नॉर्थ कैरोलीना से आई एक खबर जिसके मुताबिक टिक टॉक की वजह से 16 साल की एक लड़की की जान बच गई. क्या है पूरा मामला? अमेरिका के लॉरेल काउंटी शैरिफ ऑफिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 2 नवंबर को नॉर्थ कैरोलिना के एशविले शहर से एक नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. ये रिपोर्ट लापता लड़की के मां-बाप ने कराई थी.
James वो आरोपी जिसने लड़की को किडनैप किया था.

इस घटना के दो दिन बाद एशविले शहर से करीब साढ़े चार सौ किलोमीटर दूर केंटकी शहर की सड़क से गुजर रहे एक शख्स की नजर सिल्वर रंग की एक गाड़ी पर पड़ी. गाड़ी की पैसेंजर सीट पर वही लड़की बैठी थी जो एशविले शहर से 2 नवंबर को लापता हुई थी. लड़की अगल-बगल से गुजर रहे लोगों को इशारे कर कुछ बताना चाह रही थी.
इशारों को देखकर उस शख्स को समझ में आ गया कि ये लड़की मुसीबत में है. उस शख्स ने बिना समय गंवाए पहले तो पुलिस को फोन मिलाया. फिर उस गाड़ी का तब तक पीछा किया जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच गई. पुलिस की टीम ने गाड़ी को रोककर लड़की को बचा लिया. पुलिस के मुताबिक, लड़की जिस गाड़ी में बैठी थी उसे जेम्स हर्बर्ट ब्रिक नाम का एक शख्स चला रहा था. पुलिस ने 61 साल के जेम्स हर्बर्ट को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर नाबालिग लड़की को गैर कानूनी तरीके से बंधक बनाने का आरोप लगा है.
स्थानीय पुलिस अधिकारी के मुताबिक,
"वो इशारा ही सब कुछ था. अगर उस लड़की ने वो इशारा नहीं किया होता और उसे किसी ने पहचाना नहीं होता तो पता नहीं क्या होता."
क्या है वो साइन जिसकी मदद से लड़की की जान बच गई? Thumb ये साइन जो दूसरों को बताता है कि आपको मदद की ज़रूरत है.

अब बात उस इशारे की जिसकी वजह से उस लड़की की जान बच गई. इस इशारे में हथेली को बाहर की तरफ दिखा कर फिर उंगलियों से अंगूठे को अंदर की तरफ दबा दिया जाता है. कैनेडियन वुमेन फाउंडेशन के मुताबिक, इस इशारे का इस्तेमाल कर कोई शख्स अपने साथ हो रही हिंसा के बारे में किसी को आगाह कर सकता है.
साल 2020 में कोरोना की वजह से दुनियाभर के देशों में लॉकडाउन लगा था जिसके बाद घरेलू हिंसा के मामलों में काफी तेजी से बढ़ने लगे थे. जिससे बचने के लिए टिकटॉक समेत सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर ‘सिग्नल फॉर हेल्प कैंपेन’ चला था. टिक टॉक पर इस तरह के कई वीडियो भी वायरल हुए थे.
पुलिस के मुताबिक नॉर्थ कैरोलीना से लापता हुई लड़की ने भी टिक टॉक पर ऐसे वीडियो देखे थे जिसके वक्त रहते इस्तेमाल ने लड़की की जान बचा ली. फिलहाल पूछताछ में लड़की ने बताया कि वो आरोपी ब्रिक को जानती थी. ब्रिक उसे ओहायो में अपने रिश्तेदारों से मिलवाने ले गया था लेकिन जब उसे लगा कि उन्हें पता चल चुका है कि उस लड़की के लापता होने की शिकायत की गई है तो वो उसे लेकर वहां से निकल गया.

Advertisement
Advertisement