The Lallantop

नशे में धुत्त हेडमास्टर ने लड़कियों को क्लासरूम में बंद करके कहा- चलो डांस करते हैं

घटना मध्य प्रदेश के दमोह जिले की है.

Advertisement
post-main-image
दमोह के सरकारी स्कूल में हेडमास्टर ने छात्राओं के साथ की बदसलूकी.
मध्य प्रदेश के दमोह जिले का मड़ियादो सरकारी स्कूल. यहां के स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं ने शिकायत की है कि उनके स्कूल के हेडमास्टर ने नशे की हालत में उन्हें क्लासरूम में बंद कर दिया था और उनके साथ डांस करने के लिए कहा.
टीवी टुडे से जुड़े शांतनु भारत के मुताबिक, 28 अक्टूबर को स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर राजेश मुड़ा शराब के नशे में धुत्त होकर स्कूल पहुंचे. नशे की हालत में राजेश मुड़ा उसी क्लास में आए जिसमें लड़कियां थीं और दरवाजा अंदर से बंद कर दिया. वहां मौजूद छात्राएं कुछ समझ पातीं इससे पहले हेडमास्टर राजेश मुड़ा ने अपने मोबाइल पर गाने लगा दिये और छात्राओं से जबरन डांस करने और वीडियो बनाने के लिए दबाव बनाने लगे. अपने टीचर की ऐसी हरकतों से डरी सहमी छात्राओं ने कुछ देर डांस भी किया.
School दमोह जिले का मड़ियादो सरकारी स्कूल. जहां पर हेडमास्टर ने नशे की हालत में छात्राओं के साथ बदतमीज़ी की.

स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर राजेश मुड़ा जब क्लास से चले गए तो छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए ये बात स्कूल के दूसरे टीचर्स और अपने पैरेंट्स को बताई. जब मामले ने तूल पकड़ा तो शिक्षा विभाग हरकत में आया और इस प्रकरण की जांच स्थानीय बीआरसी (BRC) यानी Block Resource Coordinator को सौंपी गई. शुरुआती जांच में ही ये साफ हो गया कि छात्राओं ने टीचर राजेश मुड़ा पर जो आरोप लगाए हैं वो सच हैं.
इस मसले पर दमोह के शिक्षा अधिकारी एसके मिश्रा ने मीडिया से बात की. उन्होंने बताया,
"तात्कालिक रूप से ये जानकारी सामने आई है कि ये घटना वास्तव में घटी है. इस संबंध में हमने जांच अधिकारियों से जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है. रिपोर्ट के आने पर हम उनके (राजेश मुड़ा) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई प्रस्तावित करेंगे."
Sk Mishra दमोह के जिला अधिकारी एसके मिश्रा.

शिक्षा विभाग एक तरफ आरोपी टीचर राजेश मुड़ा पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है. वहीं दूसरी ओर राजेश मुड़ा ये मामला सामने आने के बाद से ही स्कूल से गायब है. टीचर राजेश मुड़ा पर जिन छात्राओं ने जबरन डांस कराने के आरोप लगाए हैं उनमें से ज्यादातर छात्राएं स्कूल के ही हॉस्टल में रहती हैं.
फिलहाल दमोह के कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य ने आरोपी टीचर राजेश मुड़ा को सस्पेंड कर दिया है और अब आगे की कार्रवाई जांच के बाद होगी. बहरहाल ये खबर लिखे जाने तक शिक्षा विभाग और छात्राओं के अभिभावकों की ओर से इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई है.

Advertisement
Advertisement