The Lallantop

आपकी किडनी को हमेशा हेल्दी रखेंगे ये 'सुपरफूड'

जब बेचारी किडनी आपके लिए सुबह-शाम इतनी मेहनत कर रही है, तो कुछ फ़र्ज़ तो आपका भी बनता है.

Advertisement
post-main-image
डाइट में एक छोटे से बदलाव से आपकी किडनी हेल्दी रहेंगी. (सांकेतिक फोटो)

किडनी का मेन काम होता है आपके शरीर से गंदगी और एक्स्ट्रा पानी निकालना और अच्छी चीज़ें, जैसे प्रोटीन को शरीर के बाहर निकलने से रोकना. अगर आपकी किडनी हेल्दी है, तो आपके शरीर में सोडियम, पोटाशियम और कैल्शियम की मात्रा बैलेंस में रहती है. जब किडनी ठीक तरह से काम नहीं करती, तब शरीर के पोषक तत्व भी पेशाब के ज़रिए शरीर से बाहर निकलने लगते हैं. अब जब बेचारी किडनी आपके लिए सुबह-शाम इतनी मेहनत कर रही है, तो कुछ फ़र्ज़ तो आपका भी बनता है. उसका ध्यान रखिए. आप अपनी किडनी का ध्यान कैसे रख सकते हैं? कुछ खाने की चीज़ें ऐसी हैं, जिन्हें किडनी के लिए सुपरफ़ूड कहा जाता है. यानी इन्हें खाने से आपकी किडनियां हेल्दी रहती हैं.

Advertisement

किडनी को हेल्दी बनाए रखने के लिए क्या खाना चाहिए ये हमें बताया डॉक्टर पुनीत ने.  

(डॉक्टर पुनीत, फाउंडर एंड डायरेक्टर, कर्मा आयुर्वेदा)
सेब

सेब के अंदर काफी ज्यादा एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं. ये किडनी को हेल्दी बनाए रखते हैं. इसके अलावा सेब के अंदर काफी पोषक तत्व होते हैं. जो हमारे शरीर के लिए अच्छे होते हैं. आप चाहें तो सेब पर नींबू और नमक छिड़कर भी खा सकते हैं. लेकिन ध्यान रहें नामक की मात्रा कम हो.

Advertisement
बेरी

बेरी में काफी सारे पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर के लिए बेहद जरूरी हैं. साथ ही बेरी एंटीऑक्सीडेंट का काम भी करती है. बेरी में भी खासतौर पर ब्लू बेरी में काफी एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. साथ ही इसमें मौजूद विटामिन सी किडनी को हेल्दी रखता है.

खट्टे फल

खट्टे फल यानी सिट्रस फ्रूट्स (citrus fruits). संतरे और नींबू में विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है, जो किडनी को स्वस्थ रखता है. साथ ही कुछ लोगों में ये देखा गया है कि रोज पानी में नींबू का रस डालकर पीने से किडनी में पथरी नहीं होती. लेकिन ध्यान रहे कि खट्टे फल सिर्फ उन्हीं लोगों को खाने चाहिए जिनकी किडनी स्वस्थ है. जिन लोगों की किडनी कम काम कर रही है, उन्हें खट्टे और विटामिन सी वाले फल नहीं खाने चाहिए.

लाल अंगूर

लाल अंगूर में सोडियम, पोटाशियम और फॉसफोरस बहुत कम मात्रा में होता है. इसलिए किडनी के मरीज लाल अंगूर को कम मात्रा में खाएं. साथ ही हेल्दी लोग इसे रोज खा सकते हैं

Advertisement
केल

केल, गोभी की ही प्रजाति की सब्जी है. इसमें विटामिन ए, सी और दूसरे पोषक तत्व काफी ज्यादा होते हैं. साथ ही हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, केल में मौजूद मिनिरल्स और विटामिन, किडनी को स्वस्थ रखते हैं. इसलिए किडनी को हेल्दी रखने के लिए केल का सेवन बढ़ा सकते हैं.

लाल शिमला मिर्च

लाल शिमला मिर्च में विटामिन ए, बी 6 और फॉलिक एसिड होता है. साथ ही पोटाशियम भी काफी कम होता है. इस कारण से जिनकी किडनी कम काम कर रही है, वो इसे थोड़ा कम मात्रा में खाएं. साथ ही जिन लोगों की किडनी हेल्दी है, वो इसका सेवन रोज कर सकते हैं.

शकरकंद

शकरकंद में काफी सारे विटामिन और मिनरल्स मौजूद होते हैं. ये शरीर के अंदर धीरे-धीरे टूटते हैं. शकरकंद किडनी के साथ-साथ वेट लॉस में भी मदद करता है

किडनी के मरीजों को क्या नहीं खाना चाहिए?

खाने की वो सभी चीज़ें जिनमें सोडियम और पोटाशियम होता है, उन्हें कम से कम खाएं. साथ ही एनिमल प्रोटीन को भी ज्यादा नहीं खाना चाहिए. ज्यादा फॉसफोरस वाले खाने से भी बचना चाहिए. पानी पीने के दौरान किडनी के मरीजों को ज्यादा सावधानी रखनी है. पानी को धीरे-धीरे सिप कर के पीना चाहिए, तेजी से पानी नहीं पीना चाहिए. धीरे-धीरे पानी पीने से मुंह की लार पानी में मिलकर पेट में पहुंचती है. हमारी लार एल्कलाइन होती है, जो पेट में मौजूद एसिड के प्रभाव को कम कर देती है. जो हमारे पेट के लिए फायदेमंद है. हमेशा बैठकर पानी पीना चाहिए, खड़े होकर पानी नहीं पीना चाहिए.

(यहां बताई गईं बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: दिन की शुरुआत बिना कॉफी नहीं कर पाते? जानिए क्या चीज़ें खाली पेट लेना मना है

Advertisement