एक बात बताइए, क्या जब टॉयलेट जाते हैं तो अपना फ़ोन साथ लेकर जाते हैं? टॉयलेट सीट पर बैठे-बैठे, सोशल मीडिया चेक करते हैं? मैसेज या बातें करते हैं? अगर इन सवालों का जवाब है हां, तो आगे की जानकारी को बड़े ध्यान से पढ़िएगा. टॉयलेट में अपने साथ फ़ोन लेकर जाना, कुछ लोगों की आदत बन चुकी है. पर आपको अंदाज़ा भी नहीं है कि ये आदत आपकी सेहत के लिए कितनी ख़तरनाक है. चलिए डॉक्टर से जानते हैं कि टॉयलेट में फोन ले जाने से आपकी सेहत को क्या खतरा हो सकता है.
टॉयलेट सीट पर बैठकर आप भी फोन चलाते हैं? अगली बार ऐसा करने से पहले इस रिपोर्ट को पढ़ लीजिए
बड़ी संख्या में लोगों को टॉयलेट में फोन ले जाने की लत लग चुकी है. लेकिन इस आदत से आपकी सेहत को खतरा हो सकता है.


ये हमें बताया एशियन अस्पताल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के डायरेक्टर डॉक्टर अमित मिगलानी ने.

- कुछ लोग टॉयलेट में फोन लेकर जाते हैं और टॉयलेट सीट पर बैठकर सोशल मीडिया चेक करते हैं.
- टॉयलेट सीट पर कई तरह के कीटाणु मौजूद होते हैं. ये कीटाणु हमारे फोन पर भी लग सकते हैं.
- टॉयलेट इस्तेमाल करने के बाद एक हाथ से टॉयलेट सीट को छूते हैं और दूसरे हाथ में फोन होता है.
- इस दौरान फोन पर भी कीटाणु लग जाते हैं.
- बाद में लोग हाथ तो धो लेते हैं, लेकिन फोन को साफ नहीं करते,
- फोन के जरिए कीटाणु बाकी जगह भी फैल सकते हैं और हाथों पर भी लग जाते हैं.
- जब हम किचन में किसी खाने की चीज को हाथ लगाते हैं तो ये कीटाणु खाने के साथ हमारे शरीर के अंदर चले जाते हैं.
टॉयलेट में फोन ले जाने से किस बीमारी का खतरा होता है?- टॉयलेट सीट पर बैठकर लोग लंबे समय तक मोबाइल चलाते हैं.
- फोन चलाने की वजह से लोग अनजाने में ही अपने मलद्वार पर प्रेशर डालते रहते हैं.
- आमतौर पर 5 मिनट में लगभग सारा मल पेट से निकल जाता है.
- इससे ज्यादा समय तक टॉयलेट में बैठकर मल निकालने के लिए जोर लगाने से मलद्वार की नसों पर दबाव पड़ता है.
- इस वजह से बवासीर और फिशर की समस्या भी हो सकती है. इसलिए मोबाइल को लेकर टॉयलेट में न जाएं.
- बड़ी संख्या में लोगों को टॉयलेट में फोन ले जाने की लत लग चुकी है. इस आदत को छोड़ना जरूरी है.
- इस बात को समझें कि आपकी सेहत के लिए मोबाइल से ज्यादा साफ-सफाई जरूरी है.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)













.webp?width=275)
.webp?width=275)








