माता-पिता बच्चों को कामयाब बनाने के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगाने को हमेशा तैयार रहते हैं. बच्चे भी सोचते हैं कि वे कुछ बन जाएं तो मां-बाप की वो अधूरी इच्छाएं पूरी करें जो उनको पालने और पढ़ाने के चलते पूरी नहीं हो सकीं. हालांकि ये आदर्श स्थिति सबके साथ नहीं होती. हर मां-बाप बच्चों के लिए सबकुछ नहीं कर पाते, और हर औलाद मां-बाप के अधूरे सपनों को पूरा करने का जज्बा नहीं रखती. लेकिन जब ये दोनों बातें होती हैं तो खबर बन जाती है.
बेटे ने पिता को हवाई यात्रा कराई, उनका एक-एक रिएक्शन रिकॉर्ड किया, लोग बोले- 'यार तू जीत गया'
वीडियो देखकर हर कोई कह रहा- 'मैं भी अपने माता-पिता के लिए ये चाहता हूं.'


दरअसल इंस्टाग्राम पर डाला गया एक वीडियो चर्चा में है. इसमें एक युवक अपने पिता के साथ नजर आ रहा है. उसने अपने कमाए पैसों से पहली बार पिता को हवाई यात्रा कराई. वीडियो पोस्ट करने वाले युवक का नाम जतिन लांबा है. कुछ दिन पहले उन्होंने अपने पिता राजेश लांबा को पहली बार फ्लाइट में ट्रैवल करवाया. दिल्ली से मुंबई तक.
जतिन ने इस यात्रा को जीवन का यादगार लम्हा बनाने के लिए इसका वीडियो बना लिया. उन्होंने पिता का हर रिएक्शन कैमरे में रिकॉर्ड किया. जब वो एयरपोर्ट के एस्केलेटर पर चढ़े, जब बर्गर खाया, जब फ्लाइट में बैठे, एक-एक मोमेंट को जतिन ने कैमरा में कैद कर लिया. आखिर में पिता अपने बेटे के फ्लैट की खिड़की से नीचे देख रहे थे. वहां वो भावुक हो गए. वीडियो शेयर करते हुए जतिन ने लिखा,
‘बेटा होने के तौर पर जब आपको गर्व मेहसूस हो!’
वीडियो देखकर कई लोग भावुक हो गए. कृष्णा नाम के यूजर ने लिखा,
‘भाई तुमने मेरा दिन बना दिया. तुम लाइफ में बहुत अच्छा कर रहे हो. पापा मम्मी को दुनिया की हर खुशी देने की सोचने वाला इंसान बहुत अच्छा होता है.’

अंकित बघेल नाम के यूजर ने लिखा,
‘जिंदगी में तू जीत गया यार. यही मैं अपने पापा मम्मी के लिए करना चाहता हूं.’

वास्तविका नाम की यूजर ने लिखा,
‘इस वीडियो को देखकर मैं बार-बार खुश हो रही हूं. आप लाइफ में जीत चुके हैं.’

एक और यूजर प्रियंका ने लिखा,
‘दिल खुश कर दिया. हमें अपने माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान लाने के अधिक अवसर नहीं मिलते हैं. औऱ जो वो हमारे लिए रोज़ करते हैं उसका 1% हम कभी भी करें. तो उसे व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए.’

जतिन के पिता को कॉमेंट्स में कई लोगों ने क्यूट भी कहा. आपको ये वीडियो कैसा लगा हमें कॉमेंट बाक्स में बताइए.











.webp?width=275)






