The Lallantop

दो बेटियों, भाई, पुलिसवाले और ऑटोचालक की इस शख्स ने कुल्हाड़ी से हत्या कर दी

त्रिपुरा का मामला, पत्नी और ऑटोचालक के बेटे की हालत गंभीर.

Advertisement
post-main-image
खवोई थाने के तहत ये वारदात हुई. (थाने की फाइल फोटो)
त्रिपुरा में एक व्यक्ति की सनक ने 5 लोगों की जान ले ली. मरने वालों में आरोपी की दो नाबालिग बेटियां, भाई, एक पुलिस इंस्पेक्टर और ऑटोचालक शामिल है. इसके साथ ही दो अन्य लोग घायल हैं. जिनमें आरोपी की पत्नी और ऑटोचालक का बेटा है. इनका इलाज चल रहा है. घटना शुक्रवार 26 नवंबर की रात ही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. क्या है मामला? SSP राजीव सेनगुप्ता ने बताया कि पुलिस को रात करीब बारह बजे खोवई पुलिस थाने में उत्तरी रामचंद्रघाट के शाउरतोली इलाके में पारिवारिक कलह की सूचना मिली थी. इस जानकारी पर थाने के सेकेंड ऑफ़िसर सत्यजीत मलिक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अफसर ने बताया कि आरोपी प्रदीप देबरॉय आधी रात को नींद से उठकर कुल्हाड़ी हाथ में ली और अपनी दोनों बेटियों और बड़े भाई कमलेश देबरॉय पर हमला कर दिया. इस दौरान बचाव में आई पत्नी पर भी हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गईं. इस हमले में उसकी दोनों नाबालिग बेटियों और भाई की मौके पर ही मौत हो गई. पत्नी किसी तरह से घर से बाहर भाग गई. इसके साथ ही प्रदीप के घर के बाकी लोग भी पड़ोसी के घर में शरण लेने के लिए भागे. प्रदीप ने मोहल्ले के दूसरे घरों पर भी हमला किया. मोहल्ले के लोग इतना डर चुके थे कि कोई घर से बाहर नहीं निकला. प्रदीप के पड़ोसी ने बीबीसी को बताया कि लगभग आधी रात को प्रदीप के पूरे परिवार ने डरकर उसके घर में शरण ली, लेकिन प्रदीप ने उसके घर पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया. उन्होंने पुलिस को सूचना दी. करीब बीस मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पड़ोसी ने बताया,

“जब मैंने बाहर आकर देखा तो पाया कि प्रदीप पुलिस इंस्पेक्टर पर हमला कर रहा है और दूसरे पुलिसकर्मी उस पर लाठियां चला रहे थे. ये सब देखकर मैं बहुत डर गया और अपनी जान बचाने के लिए अंदर भागा. इसके बाद प्रदीप ने रास्ते से जा रहे एक ऑटो ड्राइवर कृष्ण दास और उसके बेटे कर्णबीर दास पर भी हमला कर दिया.” 

इस हमले में ऑटोचालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पुलिस इंस्पेक्टर (Police Inspector) सत्यजित मलिक, प्रदीप की पत्नी और ऑटो चालक के बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इंस्पेक्टर सत्यजीत और मीना की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें अगरतला के जीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान इंस्पेक्टर की मौत हो गई. वहीं आरोपी की पत्नी का इलाज चल रहा है. उनकी हालत गंभीर है.

Advertisement

Advertisement
Advertisement