The Lallantop

ट्रेन के ऊपर गिरी कंस्ट्रक्शन क्रेन, 22 यात्रियों की मौत, 80 घायल, थाईलैंड की घटना

Thailand Train Accident: ट्रेन बैंकॉक से थाईलैंड के एक उत्तर-पूर्वी राज्य की ओर जा रही थी. सिखियो जिले के पास एक हाई स्पीड रेलवे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा था. यहां से गुजरते समय कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रही एक क्रेन ट्रेन पर जा गिरी.

Advertisement
post-main-image
ट्रेन पर गिरी कंस्ट्रक्शन साइट की एक क्रेन. (Photo: Thailand Railway/Facebook)

थाईलैंड में भीषण रेल हादसा हुआ है. यहां एक कंस्ट्रक्शन क्रेन ट्रेन के डिब्बे के ऊपर गिर गई. हादसे में अब तक 22 लोगों के मारे जाने की खबर है. वहीं करीब 80 लोग घायल हुए हैं. मरने वालों और घायलों की संख्या और बढ़ने का अनुमान है. रॉयटर्स के अनुसार हादसा थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से 230 किमी दूर नखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो (Sikhio) जिले में हुआ.

Advertisement
रेलवे प्रोजेक्ट पर चल रहा था काम

रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार, 14 जनवरी की सुबह एक ट्रेन बैंकॉक से उत्तर-पूर्व में स्थित उबोन रत्चाथानी (Ubon Ratchathani) की तरफ जा रही थी. तभी सिखियो में एक कंस्ट्रक्शन क्रेन उसके एक डिब्बे में आ गिरी. इसके बाद ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें आग लग गई. पुलिस ने बताया कि क्रेन वहां पर हाई स्पीड रेलवे प्रोजेक्ट का काम कर रही थी.

अभी भी फंसे हैं शव

पुलिस के मुताबिक कंस्ट्रक्शन के समय क्रेन पास से गुजर रही एक ट्रेन से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ. फिलहाल ट्रेन में लगी आग को बुझा लिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. पुलिस का कहना है कि मलबे में अभी और भी लोगों के शव फंसे होने की आशंका है. उन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है.

Advertisement
No photo description available.
हादसे के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई ट्रेन. (Photo: Thailand Railway/Facebook) 

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी ड्रोन हमलों के लिए कितना तैयार है भारत? ड्रोन वॉरफेयर पूरा एक्सप्लेनर

दुर्घटना की जांच के आदेश

बीबीसी के मुताबिक हादसे के समय ट्रेन में 195 लोग सवार थे. थाईलैंड के उप प्रधान मंत्री और परिवहन मंत्री ने दुर्घटना की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं. बताया गया है कि हादसे में पास से गुजर रही एक कार में बैठे 7 लोगों के भी मारे जाने की आशंका है. नाखोन रत्चासिमा के एक पुलिस अधीक्षक थचपोन चिननावोंग ने BBC को बताया कि यह घटना स्थानीय समय के अनुसार सुबह 09:00 बजे (02:00 GMT) के आसपास हुई. घटनास्थल पर एक एक्सप्रेस रेल लाइन का निर्माण कार्य चल रहा था. पुलिस अधीक्षक के मुताबिक कंस्ट्रक्शन क्रेन बैंकॉक से जा रही एक चलती ट्रेन पर गिर गई. फिलहाल घटना से जुड़ी और अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

वीडियो: जयपुर सड़क हादसा: ड्राइवर ने अपना गुनाह क़ुबूल करते हुए कहा- 'घर का कलेश, नशा बना हादसे की वजह'

Advertisement

Advertisement